जालौन में लेडी BDO रिश्वत के एक लाख फेंककर भागी:विजिलेंस की सिपाही ने दौड़ाकर पकड़ा, 9 लाख का पेमेंट लटकाकर रखा था

जालौन में विजिलेंस टीम ने महिला BDO को सरकारी आवास से 1 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। बीडीओ ने 9 लाख का पेमेंट पास करने के लिए ठेकेदार से 1 लाख रुपए रिश्वत मांगी थी। जिसके बाद ठेकेदार ने इसकी शिकायत विजिलेंस टीम से की। बुधवार दोपहर टीम ने जाल बिछाकर एक लाख रुपए लेते हुए बीडीओ प्रतिभा शाल्या को पकड़ा। वह पैसा फेंक कर भागने लगी। तभी टीम की महिला सिपाही ने बीडीओ को दौड़ाकर पकड़ा। कदौरा थाने में अधिकारी से पूछताछ की जा रही है। अब पढ़िए पूरा मामला… ठेकेदार विवेक कुमार ने धमना स्थित परिषदीय विद्यालय परिसर में 9 लाख 86 हजार रुपए की लागत से इंटरलॉकिंग का काम कराया था। काम पूरा होने के बाद पेमेंट ​​​​रुकी थी। लगभग 4 महीने से ठेकेदार भुगतान के लिए चक्कर काट रहा था। तभी बीडीओ ने भुगतान के लिए एक लाख रिश्वत की मांग की। इससे परेशान ठेकेदार ने करीब 20 दिन पहले झांसी विजिलेंस टीम में शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने गोपनीय जांच शुरू की। कई दिनों तक कदौरा क्षेत्र में निगरानी रखकर सबूत जुटाए। टीम सरकारी आवास, ब्लॉक परिसर और संबंधित गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए थी। बुधवार को पूर्व निर्धारित योजना के तहत ठेकेदार ने भुगतान से जुड़े कागजों के बहाने बीडीओ को पर्ची भेजी। जिसके बाद बीडीओ ने उसे अपने सरकारी आवास पर बुलाया। इसी दौरान विजिलेंस टीम पहले से ही आसपास तैनात थी। जैसे ही बीडीओ ने एक लाख रुपए नकद अपने हाथ में लिए, टीम ने मौके पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। टीम सिविल ड्रेस में थी, जिससे बीडीओ को किसी प्रकार की भनक नहीं लगी। पकड़े जाने पर बीडीओ ने रकम फेंकने और भागने की कोशिश भी की। टीम की महिला हेड कॉन्स्टेबल किरन पाल और हेमलता ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। सरकारी जीप में बैठाकर थाने ले आईं। कल लखनऊ में पेश किया जाएगा
विजिलेंस टीम ने मौके से बरामद रकम, कागजी दस्तावेज और अन्य साक्ष्य सील कर दिया है। पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई है। विजिलेंस टीम के प्रमुख पीयूष पांडे ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद ही कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर उन्हें गुरुवार को लखनऊ स्थित भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट में पेश किया जाएगा। खंड विकास अधिकारी (BDO) प्रतिभा शाल्या का ट्रांसफर 2023 में झांसी से जालौन किया गया था। जालौन में उनकी पहली पोस्टिंग कुठौंद विकासखंड में हुई। इसके बाद 2024 में उन्हें कोंच विकासखंड का BDO बनाया गया। 2025 में उन्हें कदौरा विकासखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई। हाईकोर्ट के आदेश पर हुई थी बहाली
कदौरा विकासखंड के उकासा गांव में BDO प्रतिभा शाल्या के खिलाफ फर्जी तरीके से भुगतान कराने सहित 5 पॉइंट पर शिकायत की गई थी। मामले की जांच के बाद 9 अक्टूबर, 2024 को निदेशालय लखनऊ ने उन्हें संबद्ध कर दिया था। इसके बाद शासन ने 21 मार्च 2025 को लगाए गए 5 आरोप सही पाए जाने पर उन्हें निलंबित कर दिया। निलंबन के बाद प्रतिभा शाल्या ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। जहां से उन्हें राहत मिली। कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें दोबारा कदौरा विकासखंड के खंड विकास अधिकारी के पद पर तैनात किया गया था। —————————– ये भी पढ़ें…. पूर्व IG को धकेलते हुए कोर्ट ले गई पुलिस, VIDEO:देवरिया में बोले- मेरी हत्या हो सकती; पत्नी का दावा- आधी रात ट्रेन से उठाया यूपी के पूर्व IG अमिताभ ठाकुर को ट्रेन से उठा लिया गया। वह दिल्ली जा रहे थे। शाहजहांपुर में सादे कपड़ों में आधी रात कुछ लोग ट्रेन में घुसे और उन्हें अपने साथ ले गए। पहले खबर आई कि अमिताभ ठाकुर को किडनैप किया गया है। हालांकि, बाद में पत्नी नूतन ठाकुर को लखनऊ पुलिस ने कॉल किया। तब बताया गया- हमने उन्हें गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी खबर…