सुल्तानपुर से भाजपा विधायक विनोद सिंह ने यौन शोषण का आरोप लगाने वाली महिला के लिए दो सिफारिशें की थीं। विधायक के 2 लेटर शनिवार दोपहर से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। पहले लेटर में लखनऊ के बाबू बनारसी दास यूनिवर्सिटी (BBDU) में पढ़ने वाली छात्रा की फीस में 50% छूट की सिफारिश की गई है। दूसरे लेटर में विधानसभा पास जारी करने का अनुरोध किया गया है। हालांकि दैनिक भास्कर इन वायरल लेटर की पुष्टि नहीं करता। वहीं, लेटर को लेकर भाजपा विधायक विनोद सिंह को 4 बजे फोन किया गया, लेकिन रिसीव नहीं हुआ। महिला की फीस आधी करने की सिफारिश की थी लेटर में विधायक विनोद सिंह ने BBDU के प्रेसिडेंट विराज दास गुप्ता को छात्रा (आरोप लगाने वाली महिला) की फीस में 50% छूट देने की सिफारिश की थी। पत्र के अनुसार, छात्रा सत्र 2025-26 में पीएचडी (लॉ) में प्रवेश ले रही थी। लेटर में उसका एडमिशन नंबर भी लिखा है। पत्र में बताया गया कि छात्रा के पिता ने खराब स्वास्थ्य और पारिवारिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए बेटी की फीस कम कराने में मदद मांगी थी। विधायक ने मानवीय आधार पर विचार करते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन से छात्रा की फीस में छूट देने का आग्रह किया था। विधानसभा पास के लिए भी लिखा था पत्र दूसरे वायरल लेटर में विधायक विनोद सिंह ने 6 अप्रैल, 2026 को उत्तर प्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव को पत्र लिखा था। इसमें उन्होंने अपने उपयोग के लिए 3 वाहनों के विधानसभा पास जारी करने का अनुरोध किया था। लेटर में 3 गाड़ियों के नंबर भी लिखे हैं। इनमें एक गाड़ी (UP 32 MT 5577) आरोप लगाने वाली महिला के परिवार की है। अब पीड़ित महिला के आरोपों को जानिए… 3 जुलाई को महिला ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। भाजपा विधायक विनोद सिंह पर रेप की कोशिश और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। कहा था- भाजपा विधायक विनोद सिंह ने मुझे धमकाते हुए कहा था कि अगर मेरी बात नहीं मानोगी, तो तुम्हें बर्बाद कर दूंगा। मेरे पीछे 12-15 लोगों को लगा दिया। एसिड फेंकने और पति-बच्चों को मारने की धमकी दी जा रही है। पुलिस में शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। विधायक की सफाई- मेरे चरित्र हनन के मकसद से झूठे आरोप लगवाए भाजपा विधायक विनोद सिंह ने इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया था। कहा था- महिला के पति पर जालसाजी और धोखाधड़ी का केस दर्ज है। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपनी पत्नी को आगे करके मेरे चरित्र हनन के मकसद से झूठे आरोप लगवाए। मुझे कोर्ट पर भरोसा है। जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी। ————————– यह खबर भी पढ़ें- फर्रुखाबाद में मकान गंगा नदी में समाया, काशी में रत्नेश्वर महादेव मंदिर आधा डूबा यूपी में पिछले 25 दिनों से हो रही जोरदार बारिश से और बाढ़ की वजह से हालात बिगड़ने लगे हैं। फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान के करीब बह रही है। किनारों पर कटान की वजह से शनिवार को एक मकान नदी में समा गया। पिछले 2 दिनों में 8 घर नदी में समा चुके हैं।