झांसी में बुजुर्ग महिला की फरसे से काटकर हत्या:हत्यारे ने पहले राम-राम किया, फिर फरसे से ताबड़तोड़ गर्दन और चेहरे पर 6 वार किए

झांसी में मंगलवार को नशे में धुत एक युवक ने फरसे से 75 साल की बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। युवक फरसा लेकर गांव में टहल रहा था। उसने पहले बुजुर्ग महिला से राम-राम की फिर अचानक हमला कर दिया। जिससे वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल हुए फरसे को भी बरामद किया गया है। पूरा मामला लहचूरा थाना क्षेत्र के खनुआ गांव का है। यह है पूरा मामला मंगलवार सुबह करीब 11 बजे खनुआ गांव निवासी लाडली पटेल 75 घर के बाहर बैठकर मूंगफली साफ कर रही थीं। उसी समय गांव में रहने वाला नाथूराम राजपूत नशे में धुत होकर उधर से गुजरा। वहां मौजूद लोगों ने बताया नाथूराम ने हाथ में धारदार हथियार ले रखा था। उसने पहले लाडली पटेल से राम-राम की। उसके बाद अचानक से लाडली पर धारदार हथियार से गर्दन एवं चेहरे पर 6 वार किए। जब तब लोग समझ पाते लाडली खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। नाथूराम खून से सना बंका लेकर भाग निकला। लाडली को खून से लथपथ देखकर लोगों ने शोर मचाया। परिवार के लोग भी बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही लहचूरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। बिना किसी विवाद के कर दिया हमला
मृतका के नाती संदीप पटेल ने बताया कि हम लोग खेती किसानी का काम करते हैं। सुबह 11 बजे दादी रोज की तरह घर के बाहर बैठी थीं। तभी आरोपी युवक आया और बिना किसी विवाद के उन पर कई वार कर दिए। संदीप के मुताबिक, परिवार की आरोपी से न तो कोई पुरानी रंजिश थी और न ही कोई झगड़ा हुआ था। मृतका के बेटे का कहना है कि आरोपी से उनकी कोई रंजिश नहीं थी। मां घर की दहलीज पर बैठकर मूंगफली साफ कर रही थीं तभी आरोपी ने हमला कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पहले मंदिर के पुजारी का सिर फाड़ चुका है आरोपी जबकि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सूरज पटेल ने बताया कि आरोपी अविवाहित है और उसके माता-पिता का भी कई साल पहले देहांत हो चुका है। आरोपी नाथूराम नशे का आदी है और वह किसी पर भी हमला कर देता है। बताया कि कुछ समय पहले आरोपी ने गांव में बने मंदिर के पुजारी पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया था, जिससे उनका सिर फट गया था। बताया कि वह पहले दो बार जेल जा चुका है। लेकिन उसका आतंक कम नहीं हुआ। एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके पास से फरसा भी बरामद कर लिया गया है। दोनों के बीच किसी तरह की रंजिश की बात सामने नहीं आई है। अत्यधिक नशे में होने की वजह से उसमें हमला कर दिया। इसके पहले भी आरोपी कई वारदात इसी तरह से वारदात कर चुका। उससे पुलिस पूछताछ कर रही है। ———— ये खबर भी पढ़िए
भास्कर गंगा यात्रा-जिसे मां कहा, उसे जहरीला नाला बना दिया:कानपुर से प्रयाग तक हर घाट पर बदबू, हर धार में मौत…पार्ट-4 सुबह के 9 बजे हैं। कानपुर का अटल घाट, गंगा दशहरा की भीड़ से गुलजार है। श्रद्धालु डुबकी लगा रहे हैं, मंत्रोच्चार गूंज रहा है, लेकिन पास ही परमिया नाले का काला, बदबूदार पानी गंगा में समा रहा है। हमारे ड्रोन कैमरे ने साफ दिखाया—14 MLD (मिलियन लीटर प्रतिदिन) क्षमता का पंपिंग स्टेशन इस नाले की गंदगी को रोकने में नाकाम है। नाले का बहाव इतना ज्यादा है कि सीवेज सीधे गंगा में जा रहा है।
पढ़िए पूरी रिपोर्ट…