टाइगर रिजर्व में बाघ ने पर्यटकों को दौड़ाया, VIDEO:पीलीभीत में उछलकर जिप्सी पर झपट्टा मारा, बाल-बाल बचा परिवार

पीलीभीत टाइगर रिजर्व में जिप्सी से घूम रहा एक परिवार बाघ के हमले से बाल-बाल बच गया। परिवार के बच्चे बाघ को देखकर वीडियो बना रहे थे। इसके बाद बाघ ने उन्हें दौड़ा लिया। यह देखकर परिवार के लोग सहम गया। भागो-भागो चिल्लाने लगे। जब तक ड्राइवर जिप्सी की स्पीड बढ़ाता, तब तक बाघ उनके करीब पहुंच गया। बाघ ने जिप्सी पर झपट्टा मारा। जिप्सी में बाघ का जहां पंजा पड़ा, वहां की बॉडी उखड़ गई। इसके बाद ड्राइवर ने गाड़ी तेज रफ्तार में दौड़ा दी, तब जाकर सभी की जान बची। इस दौरान परिवार के 11 लोगों की सांसें अटकी रहीं। घटना शनिवार की है, लेकिन इसका वीडियो रविवार को सामने आया। परिवार, पीलीभीत टाइगर रिजर्व के नए पर्यटन के शुभारंभ पर घूमने पहुंचा था। मानसून सीजन में 15 जून को टाइगर रिजर्व को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया जाता है। 3 तस्वीरें देखिए… अब पूरा मामला सिलसिलेवार पढ़िए…
पीलीभीत टाइगर रिजर्व के नए पर्यटन सत्र का शनिवार को वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने शुभारंभ किया। पहले ही दिन टाइगर रिजर्व पर्यटकों से खचाखच भरा रहा। इसी दौरान पूरनपुर निवासी नितिन अग्रवाल, अपनी पत्नी और परिवार के 9 अन्य सदस्यों के साथ पहुंचे। उन्होंने सफारी राइड बुक की। सभी जिप्सी पर सवार होकर जंगल ट्रैकिंग पर निकल गए। नितिन अग्रवाल ने बताया- हमारा परिवार पहली बार जंगल सफारी पर गया था। बच्चे बाघ देखने की जिद कर रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे झाड़ियों में हलचल दिखी तो जिप्सी चालक ने गाड़ी की रफ्तार धीमी कर दी। तभी बच्चों ने बाघ को देखा और मोबाइल निकालकर वीडियो शूट करने लगे। इसी बीच, अचानक बाघ ने जिप्सी का पीछा करना शुरू कर दिया। परिवार के लोग सहम गए। बच्चे भागो-भागो चिल्लाने लगे। ड्राइवर ने जब तक स्पीड बढ़ाई, तब तक बाघ करीब पहुंच चुका था। उसने झपट्टा भी मारा, लेकिन ऊंचाई अधिक होने के कारण वह जिप्सी तक नहीं पहुंच सका। बाघ के पंजे से जिप्सी के टायर के पास की बॉडी उखड़ गई। घटना के उस पल को याद कर अब भी परिवार के लोग सिहर उठते हैं। नितिन ने बताया कि वह पूरनपुर में हीरो-होंडा का बाइक शोरूम चलाते हैं। उनके बच्चे कई दिनों से टाइगर रिजर्व घूमने की जिद कर रहे थे। इस बार 15 दिन पहले ही रिजर्व खोला गया था, इसलिए उन्होंने पहले दिन ही सफारी पर जाने का प्लान बनाया।
रेंजर बोले- चालक की सूझबूझ से सभी सुरक्षित
रेंजर सहेंद्र यादव ने बताया कि घटना के दौरान किसी को चोट नहीं आई। चालक की सूझबूझ से सभी सुरक्षित रहे। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए गाइड और ड्राइवरों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। सभी सफारी राइडर्स और गाइड्स को विशेष ट्रेनिंग दी जाती है। 15 दिन पहले खुला सीजन, रिकॉर्ड एडवांस बुकिंग
वन विभाग के मुताबिक, इस बार टाइगर रिजर्व 15 दिन पहले खोल गया। पहले खोलने के पीछे मुख्य वजह- बढ़ती मांग, एडवांस ऑनलाइन बुकिंग की रिकॉर्ड संख्या और ऑफ-सीज़न में भी लगातार बढ़ रही विजिटर्स की संख्या हैं। रिजर्व का सबसे आकर्षक स्थान चूका बीच, जिसे पर्यटक ‘मिनी गोवा’ कहते हैं, इस बार सबसे ज्यादा चर्चा में है। यहां के वॉटर फ्रंट व्यू, बैंबू हट्स और बोट सफारी के अनुभव ने इसे पर्यटकों की पहली पसंद बना दिया है। पीलीभीत में टाइगर की संख्या रिकॉर्ड रूप से बढ़ी है। इसके लिए पीलीभीत को अवॉर्ड भी दिया गया है। इस बार चूका बीच (मिनी गोवा) पर 9 नवंबर तक सभी हट बुकिंग फुल हो चुकी हैं। वहीं हट स्टे जोन में तीन प्रमुख विकल्प हैं- बैंबू हट्स, थारू हट्स और ट्री हट्स। यहां भी बुकिंग फुल है। वन विभाग के अनुसार, 9 नवंबर तक की सभी बुकिंग फुल हैं। अब पीलीभीत टाइगर रिजर्व के बारे में जानें… 80 बाघ, 326 पक्षी प्रजातियां
करीब 72,689 हेक्टेयर (730 वर्ग किमी) में फैले इस रिजर्व में फिलहाल 80 बाघ, तेंदुआ, भालू, हिरण और 326 से अधिक पक्षियों की प्रजातियां पाई जाती हैं। यह न सिर्फ बिग कैट लवर्स बल्कि बर्ड वॉचर्स के लिए भी जन्नत साबित हो रहा है। उत्तर में नेपाल की सीमा, दक्षिण में शारदा और खकरा नदियां और पूर्व-पश्चिम में खदर के घने जंगल इसकी खूबसूरती को और बढ़ाते हैं। पर्यटक यहां जंगल और बोट सफारी, कैंपिंग, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी, शारदा सागर डैम व्यू और सप्त सरोवर नेचर ट्रेल का मजा ले सकते हैं। खासकर बराही-महोफ रेंज, बाघ और वेटलैंड बर्ड विजिबिलिटी के लिए सबसे उपयुक्त मानी जाती है। बाघ से जुड़े ग्राफिक्स… —————————————– ये खबर भी पढ़िए… पीलीभीत टाइगर रिजर्व में नियम तोड़कर घुसे भाजपाई:वन मंत्री ने एंट्री के लिए जारी की थी नई गाइडलाइन, 15 दिन पहले खोला गया बिग साइज कैट यानी बाघों और अन्य वन्य जीवों को करीब से देखने वाले वाइल्ड लाइफ लवर्स के लिए बड़ी खुशखबरी है। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (PTR) को इस बार पर्यटन प्रेमियों के लिए सामान्य से 15 दिन पहले ही खोल दिया गया है। पढ़िए पूरी खबर…