डिवाइडर पर बैठी 3 महिलाओं को कार ने रौंदा:हापुड़ में बस का इंतजार कर रही थीं, 2 गंभीर घायल

हापुड़ में गुरुवार शाम तेज रफ्तार कार ने डिवाइडर पर बैठे लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो गई। 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। शुरुआती जांच में पता चला कि कार हापुड़ से बुलंदशहर की ओर जा रही थी। इसी दौरान ड्राइवर का कार से कंट्रोल हट गया। इससे कार डिवाइडर पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। हादसा हाफिजपुर थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बस का इंतजार कर रहे थे सभी लोग एक I-10 कार (UP15 CJ 6315) हापुड़ से बुलंदशहर की ओर जा रही थी। गांव मुर्शिदपुर के पास यादव ढाबे के सामने पहुंचते ही ड्राइवर का अचानक कंट्रोल बिगड़ गया। कार की स्पीड तेज थी। इसलिए अनियंत्रित होकर वह डिवाइडर पर चढ़ गई। उस समय डिवाइडर पर बैठकर कई लोग बस का इंतजार कर रहे थे। सभी कार की चपेट में आ गए। हादसे में बृजनाथपुर में रहने वाली सितारा (52) पत्नी मुसाब अली, शारदा (52) पत्नी लेखराम और सरोज शर्मा (60) पत्नी सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रूबी (25) पत्नी पवन और उनका 6 साल का बेटा लविश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची हाफिजपुर थाना पुलिस ने घायलों को तुरंत नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। कार मेरठ का रहने वाला नरेश चला रहा था, जिसे पुलिस ने हिरासत में लिया है। वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ बुलंदशहर जा रहा था। बेटा बोला- बहन को ससुराल छोड़ने जा रही थी मां मृतका के बेटे मनोज ने बताया- मां शारदा देवी मेरी बहन रूबी को धौलाना के गांव नरेना में उसकी ससुराल छोड़ने जा रही थीं। उनके साथ भांजा लवीश और भांजी खुशी भी थे। सभी लोग सड़क किनारे खड़े होकर ऑटो का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक बेकाबू कार ने उन्हें टक्कर मार दी। मां शारदा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बहन रूबी और भांजा लवीश घायल हैं। एएसपी विनीत भटनागर ने बताया- हापुड़-बुलंदशहर मार्ग पर कुछ महिलाएं डिवाइडर पर बैठी थीं। इसी दौरान एक अनियंत्रित कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। दुर्घटना के बाद कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है। वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ……………………. ये खबर भी पढ़ेंः- लखनऊ में 250 से ज्यादा झोपड़ियां जलीं, 30 सिलेंडर फटे, युवक बोला- मेरे 4 बच्चे जिंदा जल गए लखनऊ में बुधवार शाम साढ़े 5 बजे भीषण आग लग गई। विकासनगर इलाके में लगी इस आग से 30 से ज्यादा सिलेंडर फट गए। 250 से ज्यादा झुग्गी-झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। करीब 10 किलोमीटर दूर तक आग की लपटें देखी गईं। आग लगने के बाद आसपास के करीब 20 मकानों को खाली करा लिया गया। पूरी खबर पढ़ें…