ड्रग्स के नशे में ड्राइवर छेड़खानी कर रहा था:डांटने पर बस चढ़ाई, 100 मीटर घसीटा, मुरादाबाद की महिला बैंककर्मी की कहानी

मुरादाबाद में ड्रग्स के नशे में धुत एक नामचीन स्कूल के बस ड्राइवर ने महिला बैंककर्मी को 100 मीटर तक घसीटा। पहले उसने महिला पर फब्तियां कसीं। जब महिला ने उसे डांटा तब उसके ऊपर बस चढ़ा दी।महिला जब बस के नीचे आई, तब ड्राइवर ने स्पीड और बढ़ा दी। जिससे बस की चपेट में आकर 5-6 राहगीर भी घायल हो गए। इस संगीन मामले में स्कूल बस ड्राइवर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया। ड्राइवर को जेल भेजा गया है। जिस बस से महिला बैंककर्मी को कुचला गया, वो शिरडी साईं स्कूल की है। जेल भेजने से पहले पुलिस ने ड्राइवर का मेडिकल कराया, तो उसमें ड्राइवर के ड्रग्स लेने की पुष्टि हुई है। महिला बैंक कर्मी इस हादसे में गंभीर घायल हैं। हेलमेट पहने होने की वजह से किसी तरह उनकी जान तो बच गई, लेकिन पैर की एड़ी पूरी तरह गायब हो गई। शरीर में 50 से भी अधिक टांके आए हैं। मुरादाबाद जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद परिजन उन्हें उत्तराखंड के पंतनगर में अपने घर ले गए हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर की टीम ने महिला बैंककर्मी से अस्पताल में बात की। पढ़िए रिपोर्ट… पहले महिला बैंककर्मी के बारे में जानिए पंतनगर की श्रेया ने 5 दिन पहले ही जॉइन की थी नौकरी
उत्तराखंड के पंतनगर की श्रेया सक्सेना (24) की नौकरी 5 दिन पहले ही मुरादाबाद में लगी है। उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक के सर्किल ऑफिस में मझोला मंडी समिति शाखा में जॉइन किया था। श्रेया अपनी ब्रांच के पास ही लाइन पार प्रीति विहार में रह रही हैं। उनके पिता अनुज कुमार सक्सेना उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी परिषद से जुड़े रहे हैं। मां बबीता सक्सेना हाउस वाइफ हैं। उनके परिवार में भाई मयंक सक्सेना के अलावा एक छोटी बहन वैष्णवी सक्सेना भी है। महिला की जुबानी पढ़िए 11 अगस्त की घटना… मैं ईदगाह ब्रांच जा रही थी, ड्राइवर अश्लील इशारे करने लगा
जिला अस्पताल में भर्ती श्रेया ने दैनिक भास्कर से कहा- ये घटना 11 अगस्त की दोपहर करीब 2 बजे की रही होगी। लंच टाइम में मैं स्कूटी से अपनी ब्रांच से ईदगाह ब्रांच पर जाने के लिए निकली थी। जैसे ही मैं स्टेशन के पास पहुंची तो मैंने महसूस किया कि एक स्कूल बस का ड्राइवर तेजी से बार-बार हॉर्न बजा रहा है। स्कूल पर शिरडी साईं स्कूल लिखा था। मैंने पलटकर देखा तो उसने मुझे अश्लील इशारे कर दिए। मैं तेजी से स्कूटी लेकर आगे बढ़ी लेकिन स्कूल बस का ड्राइवर मेरा पीछा करने लगा। इतनी भीड़ होने के बाद भी वो बस को तेजी से चला रहा था। उसकी बस की चपेट में आने से कई लोगो को चोट लगी है। श्रेया बताती हैं- मैंने स्कूटी रोककर ड्राइवर को डांटा और अश्लील इशारे करने पर शिकायत की चेतावनी दी, तब वह आग बबूला हो गया। इसके बाद उसकी हरकतें और भी बढ़ गईं। मैं शहर में नई थी, इसलिए डर गई। मैंने तेजी से स्कूटी लेकर अपनी ईदगाह ब्रांच पहुंचने की कोशिश की। लेकिन बस ड्राइवर ने मेरा पीछा शुरू कर दिया। प्रिंस रोड पर बस ड्राइवर ने मेरे ऊपर बस चढ़ा दी। मैं बस के नीचे फंसी थी, वो घसीटता रहा, मुझे मौत नजर आई
अस्पताल में भर्ती श्रेया रोते हुए बताती हैं- मेरी स्कूटी बस के नीचे आ चुकी थी। मैं भी बस के टायर और मडगार्ड के बीच फंसी थी। मुझे साक्षात मौत नजर आ रही थी। मैंने चीखने की कोशिश की, लेकिन बस ड्राइवर ने बस रोकने के बजाए उल्टा बस की स्पीड बढ़ा दी। उसने मुझे 100 मीटर से भी अधिक दूरी तक घसीटा। गनीमत रही कि मैं टायर के नीचे नहीं आई। मैंने हेलमेट पहना था और मेरा सिर कुचलने से किसी तरह बच गया। वो मुझे घसीटता हुआ ले गया, रोकने को तैयार नहीं था। मैंने मौत देखी है। मेरे हाथ पैर सब घायल हैं। पैर की एड़ी की हड्‌डी गायब हो गई। शरीर में तमाम टांके लगे हैं। इतना दर्द है कि बता नहीं सकती हूं। ड्राइवर ने ड्रग्स ले रखी थी, बस में बच्चे भी रो रहे थे
श्रेया बताती हैं- अगर आप स्पॉट देखेंगे तो जानेंगे कि वहां क्या हुआ होगा? दरअसल ड्राइवर नशे की हालत में था। मुझे याद है कि जब वो बस को बेहिसाब दौड़ा रहा था तो बस में सवार स्कूल के बच्चे भी रो रहे थे। लेकिन उसने किसी की परवाह नहीं की। किसी तरह भीड़ ने उसे रोका। इस कोशिश में कई लोग घायल हुए। ड्राइवर ने इतना नशा कर रखा था कि पकड़े जाने के 24 घंटे बाद भी वो होश में नहीं आया था। स्कूल प्रशासन हमें केस वापसी को धमका रहा
श्रेया कहती हैं- मेरे साथ जो हुआ है, उसकी भरपाई वो कभी नहीं कर सकता। मेरे शरीर में बेहिसाब चोटें हैं। उससे भी अधिक गहरे घाव मेरे मन पर लगे हैं। सरेआम इस तरह भीड़ के बीच छेड़खानी और फिर जान से मारने की कोशिश ने मेरे आत्मविश्वास को डगमगा दिया है। लेकिन मैं इंसाफ चाहती हूं। ताकि फिर से किसी और के साथ ऐसा न हो। श्रेया कहती हैं- हैरानी इस बात की है कि इस शहर के एक नामी स्कूल का बस ड्राइवर ड्रग्स लेकर स्कूली बच्चों को लाने ले जाने का काम कर रहा है और न अभिभावकों को इसकी फिक्र है और न ही स्कूल को। इस शर्मनाक करतूत पर माफी मांगने के बजाए शिरडी साईं स्कूल का प्रशासन और एमडी केस वापस लेने के लिए धमका रहे हैं। वो केस वापस नहीं लेने पर अंजाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। मुझे इस हादसे में एक नया जीवन मिला है। ये मेरे परिवार की दुआओं से हुआ है। मेरे बैंक स्टाफ ने ऐन वक्त पर मेरी मदद न की होती तो शायद मैं आज जिंदा न होती। वरना वो तो मुझे मार ही देता। मैं बस न्याय चाहती हूं। वो ड्राइवर नशे में था। स्कूल वालों के ऊपर भी कार्रवाई हो जो ऐसा ड्राइवर रख रहे हैं। गाड़ी की फिटनेस भी नहीं है। हमें बाहरी समझकर स्कूल वाले हमारे ऊपर दबाव बना रहे हैं। लेकिन हम झुकेंगे नहीं। मेडिकल में ड्राइवर के ड्रग्स इम्पैक्ट की पुष्टि
बस के ड्राइवर नितिन कुमार शर्मा पुत्र सुनील कुमार शर्मा निवासी गांव ताजपुर माफी थाना कटघर को पब्लिक ने मौके से ही पकड़ लिया था। उसे भीड़ ने पुलिस को सौंपा था। SSP सतपाल अंतिल ने मामले की जानकारी होते ही थाना पुलिस को आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस ने महिला बैंक कर्मी की ओर से हत्या के प्रयास का केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी नितिन शर्मा का मेडिकल कराया, तो उसके ड्रग्स इंपैक्ट में होने की पुष्टि हुई। एसएचओ गलशहीद ने भी इस बात की पुष्टि की है कि स्कूल बस का ड्राइवर ड्रग्स के नशे में था। SP सिटी बोले- आरोपी को जेल भेजा गया
मामले में एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने कहा कि आरोपी बस ड्राइवर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ————————- ये भी पढ़ें : वाराणसी में मां ने प्रेमी से बेटे का मर्डर करवाया, हत्याकर शव झाड़ियों में फेंका; आपत्तिजनक हालात में देख लिया था वाराणसी में मां ने बॉयफ्रेंड से अपने 10 साल के बेटे की हत्या करवा दी। अपहरण दिखाने के लिए रामनगर थाने में गुमशुदगी भी दर्ज करा दी। लेकिन, बच्चे के चाचा ने थाने पहुंचकर अपनी भाभी के लव अफेयर का खुलासा कर दिया। पुलिस ने महिला के बॉयफ्रेंड फैजान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने सारा सच उगल दिया। इसके बाद पुलिस बच्चे की बॉडी बरामद कराने के लिए फैजान को लेकर मौके पर पहुंची। बच्चे के घर से 6 KM दूर बावन बीघा मैदान की झाड़ियों से सूरज की बॉडी रिकवर की गई। पढ़िए पूरी खबर…