तीन दिन बाद छात्र के प्राइवेट पार्ट की प्लास्टिक सर्जरी:प्रयागराज के SRN हास्पिटल में डॉक्टरों ने की, OT के बाहर रोती रही मां

प्रयागराज में जिस छात्र ने लड़की बनने के लिए अपने हाथों से ही अपना पार्ट काट लिया था, उसकी प्लास्टिक सर्जरी कर दी गई है। SRN हास्पिटल के प्लास्टिक सर्जन व सर्जन मिलकर शनिवार को उसके प्राइवेट पार्ट की सर्जरी की। प्लास्टिक सर्जन डॉ. मोहित जैन व सर्जन डा. संतोष सिंह की मौजूदगी में परिवार की सहमति के बाद उसके कटे हुए प्राइवेट पार्ट की तीन दिन बाद प्लास्टिक सर्जरी हुई। वहीं, अस्पताल में बेटे की देखभाल कर रही मां ओटी के बाहर खड़ी होकर बेटे के लिए रोती रहीं। दरअसल, वह उनका इकलौता बेटा है। डॉक्टर का कहना है कि उसे पूरी लाइफ हार्मोन की दवा खानी पड़ेगी। अभी कुछ करीब 15 दिन या उससे ज्यादा दिनों तक अस्पताल में ही डॉक्टरों की निगरानी में रहना होगा। डॉक्टर कहते हैं, प्लास्टिक सर्जरी के बाद आगे का क्या स्टेप होगा यह विचार किया जाएगा, ताकि छात्र ठीक हो सके। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए… लड़कियों संग डांस करते हुए लगा उनके जैसा हूं
स्टूडेंट ने डॉक्टरों से कहा- मैं अमेठी का रहने वाला हूं। मेरे पापा किसान हैं, हमारी अच्छी खेतीबाड़ी है। मेरी मां हाउस वाइफ हैं। मेरे भाई-बहन नहीं हैं। मैंने CBSE बोर्ड पढ़ाई की है। जब मैं 14 साल का था, तब मैं एक फंक्शन में गया था। वहां लड़कियों के साथ डांस करते हुए मुझे पहली बार एहसास हुआ कि मैं लड़कों की तरह नहीं हूं। सिर्फ लड़कों की तरह दिखता हूं। वहां से लौटने के बाद मैंने इस बारे में सोचना शुरू किया। चूंकि मां-बाप का इकलौता बेटा हूं, इसलिए परिवार में कुछ भी कहते नहीं बना। फिर ग्रेजुएशन करने के दौरान में अपनी मौसी के घर पर रहने चला गया। UPSC की तैयारी के लिए प्रयागराज आ गया। सिविल लाइन एरिया में एक कमरा किराए पर लिया। मैंने तैयारी शुरू की, लेकिन पढ़ाई में मन ही नहीं लग रहा था। गूगल, यूट्यूब पर सेक्स चेंज के बारे में पढ़ा
फिर मैंने गूगल और यूट्यूब पर सर्च करना शुरू किया कि एक लड़का कैसे शारीरिक रूप से लड़की बन सकता है। कुछ सर्जरी के इनपुट मिले। उन्हें पढ़ता रहा, फिर मुझे कटरा (प्रयागराज) में एक डॉक्टर के बारे में पता चला। मैंने पहले फोन किया, फिर मिलने भी गया। डॉक्टर का नाम डॉ. जेनिथ था। मैंने अपनी समस्या बताई कि मैं लड़की तरह फील करता हूं, मगर शरीर से लड़का हूं। तो मैं शरीर से भी कैसे लड़की जैसा हो सकता है? डॉक्टर ने कहा- तुम्हें इसके लिए सबसे पहले अपना प्राइवेट पार्ट काटना होगा। उन्होंने पूरा प्रोसेस भी समझाया कि घर पर ही ये सब कैसे कर सकते हैं। उनके कहने पर मैं एनेस्थिसिया का इंजेक्शन, सर्जिकल ब्लेड, रुई और बाकी सामान खरीदकर लाया। खुद ही इंजेक्शन लगाया, सर्जिकल ब्लेड से पार्ट काट दिया
फिर कमरे में अकेले ही खुद को एनेस्थिसिया का इंजेक्शन लगाया। मेरी कमर के नीचे का हिस्सा सुन्न हो गया। इसके बाद मैंने अपने ही हाथों से प्राइवेट पार्ट का काट दिया। इसके बाद खुद की मरहम पट्‌टी कर ली। करीब 6 घंटे बाद मेरे शरीर में एनेस्थिसिया का असर कम होने लगा। इसके बाद इतना तेज दर्द महसूस हुआ कि लगा जान निकल जाएगी। करीब 1 घंटे तक दर्द से मैं वही कमरे में तड़पता रहा। सोचा कि कुछ देर में दर्द कम हो जाएगा, मगर ऐसा नहीं हुआ। तब मैंने पेन किलर मेडिसिन भी खाई, मगर कुछ आराम नहीं मिला। अपनी पट्‌टी हटाकर देखा तो खून ही खून हो गया। फर्श पर खून फैल गया। जब लगा कि अब जान नहीं बचेगी, तो अपने मकान मालिक को आवाज लगाई। मैं चिल्ला रहा था- मेरे लिए एम्बुलेंस मंगवा दीजिए। आप लोग ऊपर कमरे में मत आइएगा, सिर्फ मुझे हॉस्पिटल पहुंचाने में मदद करिए। तबीयत खराब हो रही है। मेरे मकान मालिक ने एम्बुलेंस बुलाई। देर रात मुझे तेज बहादुर सप्रू हॉस्पिटल में ले जाया गया। चूंकि हालत गंभीर थी, इसलिए मुझे स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। अब यहीं पर मेरा इलाज चल रहा है। बेटे की देखभाल करने के लिए मां भी अस्पताल पहुंच गई हैं। वह बेटे को इस हाल में देखकर सिर्फ रो रही थीं। मां ने दैनिक भास्कर से बात करते हुए कहा- जब मेरा बेटा प्रयागराज जा रहा था, तब मुझे लगा कि UPSC करके ये IAS बनेगा, मगर अब ये ऐसा लग नहीं रहा है, इसने कभी मुझे ऐसा कुछ बताया भी नहीं। मनोचिकित्सक का व्यू जानिए… ये जेंडर आईडेंटिटी डिसऑर्डर का केस
अगर किसी यूथ को ऐसा फील हो तो वो क्या करें? इस सवाल के साथ दैनिक भास्कर ने मोतीलाल नेहरू मंडलीय चिकित्सालय के सीनियर मनोचिकित्सक डॉ. राकेश पासवान से बात की। उन्होंने कहा- ये जेंडर आईडेंटिटी डिसऑर्डर का मामला है। इसमें किसी लड़के को लगने लगता है कि वह लड़की है। ऐसा ही लड़कियों के केस में भी होता है, उन्हें लगता है कि वो एक लड़का है, सिर्फ बॉडी लड़कियों की है। ऐसे केस में कई बार लड़के या लड़की को अपने ही शरीर से नफरत हो जाती है। वह जेंडर चेंज करना चाहता है। इस छात्र के साथ भी ऐसा ही हुआ होगा। मेरा सुझाव है कि ऐसी स्थिति में संबंधित व्यक्ति को मनोवैज्ञानिक या मनोचिकित्सक से संपर्क करना चाहिए था और उसे अपने मां-बाप को यह बात बतानी चाहिए थी। ———————- ये खबर भी पढ़ें… यूपी की एक्ट्रेस दिशा पाटनी को गैंगस्टर ने धमकाया:बोला- हमने गोली चलवाई, पिता बोले- बेटी ने प्रेमानंद जी का अपमान नहीं किया ‘सुबह करीब 3 बजे कुत्ते की भौंकने की आवाज आई। मेरी नींद खुल गई। मैंने झांककर देखा तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जिस पिस्टल से फायरिंग हुई, वह विदेशी थी। एक बार ट्रिगर दबाने पर 10–15 राउंड निकल रहे थे। जैसे वेल्डिंग करने पर चिंगारियां निकलती हैं, वैसे ही गोलियां सामने वाले घर पर लगीं। फायरिंग से हम लोग बहुत डर गए। हमने तुरंत पुलिस को सूचना दी।’ पढ़ें पूरी खबर…