‘मुझे काशी विश्वनाथ मंदिर की नगरी में बार-बार आने का सौभाग्य मिलता है। मेरा मेरे गुरु से जुड़ा भावनात्मक संबंध भी यहां से है। काशी विश्वनाथ मंदिर के पास में जो कलंक (ज्ञानवापी परिसर) है। हम भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि उस बारे में कोर्ट जल्द फैसला दे। मुझे विश्वास है कि भगवान की कृपा से वहां अभिषेक होगा। भगवा लहराएगा।’ ये बातें बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने रविवार को काशी में कहीं। वह जब काशी पहुंचे, तो करीब एक किमी. तक लोगों ने उन पर फूल बरसाए। उन्होंने भी भक्तों को आशीर्वाद दिया। मुस्लिम दुकानदारों को हिंदू श्रद्धालुओं से लाभ होता है पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री रविवार शाम करीब 4 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे। करीब 5 बजे वह कार से रथयात्रा क्षेत्र के लिए निकले। उनके काफिले में 8 गाड़ियां थीं। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपनी गाड़ी का सन रूफ खोला। खड़े होकर भक्तों का हाथ हिलाते हुए अभिवादन किया। इसके बाद गाड़ी की छत पर ही बैठ गए। करीब 1 किमी. का सफर तय करने के बाद वह नारायण दास ज्वेलरी शॉप पहुंचे और उसका उद्घाटन किया। इस दौरान पूरे रास्ते भक्तों ने उनका जगह-जगह स्वागत किया। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा- काशी में हिंदू और मुसलमान दोनों साथ रहते हैं। यहां के मुस्लिम दुकानदारों को हिंदू श्रद्धालुओं से काफी लाभ मिलता है। यह हिंदुओं की उदारता का उदाहरण है। मंदिर के पास एक मजार है। वहां मुसलमानों से ज्यादा हिंदू श्रद्धा से माथा टेकते हैं। बोले- हम सनातन का प्रचार कर रहे धीरेंद्र शास्त्री ने कहा- हमने कई देशों में दरबार लगाया है। वर्तमान में दुनिया में मुसलमानों के लिए 65 देश, ईसाइयों के लिए 95, बौद्धों के लिए एक और यहूदियों के लिए इजराइल है तो फिर 150 करोड़ हिंदुओं के लिए भी एक निश्चित देश होना चाहिए। हम 150 करोड़ हिंदुओं के लिए लड़ रहे हैं। पूरे देश में हिंदुत्व के प्रचार-प्रसार के लिए घूम रहे हैं। धर्म और राजनीति अलग-अलग है। हम सनातन धर्म के प्रचार के लिए आए हैं। पूरे विश्व में हिंदुत्व के प्रचार के लिए काम कर रहे हैं। हिंदुओं की संख्या घट रही है। इसलिए हमने उनकी लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया है। पंडित धीरेंद्र शास्त्री बोले- महिला बिल पास होना चाहिए था पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि भारत आदिकाल से नारी माता की पूजा करता आया है। हम सभी से कहना चाहते हैं कि नारी शक्ति की ताकत बढ़ेगी तो देश की शक्ति बढ़ेगी। नारी की निंदा ना करो। महिला बिल को पास होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि आज ही हम ऑस्ट्रेलिया से वापस आए हैं। हम वहां के संसद में प्रवचन करने के लिए गए थे। हमने वहां भी ठठरी बंधाई। गाड़ी की छत पर बैठे धीरेंद्र शास्त्री, आशीर्वाद दिया पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आशीर्वाद लेने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे। पूरे रास्ते में “जय श्रीराम” की गूंज सुनाई देती रही। उन्होंने गाड़ी के ऊपर बैठकर श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। उन्हें आशीर्वाद दिया। इस दौरान काशी विश्वनाथ मंदिर के वरिष्ठ अर्चक श्रीकांत मिश्रा भी उनके साथ रहे। ————————— ये खबर भी पढ़िए- प्रयागराज महाकुंभ की वायरल साध्वी ने संन्यास लिया, स्वामी हर्षानंद गिरि नया नाम; अक्षय तृतीया पर पिंडदान किया प्रयागराज महाकुंभ में सबसे सुंदर साध्वी के रूप में चर्चा में आईं मॉडल हर्षा रिछारिया एक बार फिर धर्म की राह अपना ली है। रविवार को अक्षय तृतीया पर संन्यास ले लिया। उन्हें उज्जैन के मौनी तीर्थ आश्रम में पंचायती निरंजनी अखाड़ा के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी सुमनानंद गिरि महाराज ने संन्यास दीक्षा दी। पढ़ें पूरी खबर