नाव से तीन नवजात बच्चों लेकर घर पहुंची मां:जालौन में बाढ़ सर्वे करने गए लेखपालों को पीटा; 60 शहरों में बारिश का अलर्ट

यूपी के 60 जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया, बंगाल की खाड़ी में बने नए वेदर सिस्टम के असर से यूपी के ज्यादातर इलाकों में 22 से 25 अगस्त के बीच चार दिन अच्छी बारिश के आसार हैं। 24 व 25 अगस्त को बारिश के और जोर पकड़ने के संकेत हैं। ये यूपी में किसानों के लिए अच्छी खबर है। मानसूनी एक्टिविटी फिर बढ़ गई। शुक्रवार को नोएडा, लखनऊ, वाराणसी समेत 20 शहरों में बारिश हुई। अमेठी में दोपहर बाद एक घंटे में 6 MM बारिश रिकॉर्ड की गई। यहां थाना, तहसील में पानी घुस गया। लगातार बारिश से प्रदेश की नदियों में बाढ़ है। ललितपुर में बारिश के चलते 4 बांध उफना गए हैं। शुक्रवार को माताटीला, राजघाट, जामनी और भौंरट बांध के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है। हरदोई में गंगा और रामगंगा नदी उफान पर है। यहां के 29 गांवों में बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है। 35 बेसिक स्कूल भी बंद हो गए हैं। महराजगंज में लगातार दो दिनों की बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। बरगदवा के हरखपुरा के पास शुक्रवार को महाव नाला टूट गया। एसडीएम और तहसीलदार मरम्मत के लिए पहुंचे। आसपास के लोगों को अलर्ट किया गया है। अमेठी में ग्रामीणों ने खुद ही बांस का पुल बना डाला है। संग्रामपुर मार्ग टिकरिया के पास पुल बन रहा था। यहां बीते दिनों तेज बहाव में एप्रोच मार्ग पर बह गया था। अब PWD के अधिकारियों ने ग्रामीणों को चेतावनी दी है। कहा, अगर कोई घटना हुई तो ग्रामीण खुद जिम्मेदार होंगे। सोनभद्र में चलती ट्रक के चेसिस में अजगर लिपट गया। इससे ड्राइवर डर गया। वह सीधे ट्रक लेकर बभनी वन रेंज के ऑफिस पहुंचा। जहां 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को चेसिस से बाहर निकाला जा सका। ड्राइवर छत्तीसगढ़ से कानपुर जा रहा था। महिला ने तीन बच्चों को दिया जन्म, नाव से घर पहुंची
फर्रुखाबाद में सीता देवी नाम की महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया। शुक्रवार को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद परिजन उसे नाव से चौघड़ा गांव लेकर आए। गांव के चारों तरफ बाढ़ का पानी है। डॉक्टरों के अनुसार, सीजेरियन डिलीवरी से सीता ने दो बेटों और एक बेटी को जन्म दिया। तीनों बच्चे और मां पूरी तरह स्वस्थ हैं। जालौन में लेखपालों पर दबंगों ने किया हमला
जालौन में शुक्रवार दोपहर बाढ़ प्रभावित गांवों का सर्वे करने पहुंचे दो लेखपालों पर दबंगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने सरकारी कर्मचारियों से मारपीट की और सर्वे से जुड़े अहम दस्तावेज भी छीनकर फरार हो गए। मामला के माधौगढ़ तहसील क्षेत्र के सिद्धपुरा ग्राम के मजरा रिठौरा स्थित 33 केवीए बिजली घर के पास का है। सिद्धपुरा के लेखपाल राहुल सिंह और कुरसेडा क्षेत्र के लेखपाल हर्ष राजपूत बाढ़ प्रभावित परिवारों से खतौनी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक व अन्य कागजात जुटा रहे थे। इसी दौरान स्थानीय निवासी दिनेश कुमार और अभय प्रताप सिंह उर्फ बबलू पहुंचकर लेखपालों पर दबाव डालने लगे कि सर्वे उनके हिसाब से किया जाए। मना करने पर आरोपियों ने मारपीट की और दस्तावेज छीनकर भाग निकले। अब बाढ़-बारिश की तस्वीरें देखिए- 5 बड़े अपडेट्स ……