पंकज चौधरी बोले- झुकता नहीं, लड़ता हूं:यूपी BJP अध्यक्ष बनते ही योगी के पैर छुए; गोयल ने बताया योगी कैसे CM बने

यूपी भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी निर्विरोध चुन लिए गए हैं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शंखनाद के बीच उनके नाम का ऐलान किया। निर्वाचित होते ही निवर्तमान अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी योगी के बगल की कुर्सी से उठ गए। उन्होंने पंकज चौधरी को पार्टी का झंडा सौंपा। फिर पंकज चौधरी, भूपेंद्र चौधरी की कुर्सी पर बैठ गए। पंकज चौधरी ने सीएम योगी के पैर भी छुए। मंच पर 7 पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद थे। पंकज चौधरी ने अपना पहला भाषण दिया। कहा- मैं रूल नहीं, रोल अदा करने में विश्वास करता हूं। मेरे लिए कार्यकर्ता सर्वोपरि है। मैं आपके लिए जिऊंगा। मेरे काम करने के चार सूत्र संगठन, संपर्क, संवाद और समन्वय है। नए BJP अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा- मैं गलत के सामने हार नहीं मानता हूं। इसी जिद की वजह से राजनीति में आया। अब सामने और बड़ी चुनौती है। राजनीति में कार्यालय, कोष, कार्यक्रम और कार्यकर्ता सबसे अहम होते हैं। कार्यकर्ता मेरे लिए सबसे ऊपर है। आपके लिए मैं लडूंगा, लडूंगा और लडूंगा। आपकी बात सुनूंगा। समस्या का हल भी निकालूंगा। वहीं, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने योगी की तारीफ की और उनके सीएम बनने का किस्सा भी सुनाया। कहा- 2017 में योगी ने प्रदेश की कमान संभाली। उस वक्त तत्कालीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने योगी को फोन किया और बताया कि आपको दिल्ली आना है। आपको यूपी का मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है। तब शाह ने वह फोन मेरे घर से ही किया था। 5 तस्वीरें देखिए… विरोधियों की हर चाल को नाकाम करना होगा: सीएम योगी
सीएम योगी ने भी नए अध्यक्ष को बधाई दी। उन्हें बुके दिया। कहा- एक अनुभवी कार्यकर्ता को यूपी BJP के अध्यक्ष का दायित्व मिला है। नए कैप्टन के रूप में यूपी की यात्रा में पंकज जी हमारे साथ हैं। हमें याद रखना है कि विरोधी के पास ताकत नहीं है, लेकिन उसके छद्म और छल का जवाब देने के लिए हममें उतना ही शौर्य और साहस होना चाहिए। कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा- आपके शौर्य को जगाने के लिए इस मंच का इस्तेमाल करना चाहूंगा। आपकी मेहनत पर कोई शक नहीं है, लेकिन कहीं-कहीं अति उदारता और दूसरों पर विश्वास करने की आदत मुश्किल बढ़ा देती है। केशव बोले- सपा के फर्जी PDA की धज्जियां उड़ानी है
वहीं, डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा- अब विधानसभा चुनाव सामने है। पंकज चौधरी के नेतृत्व में सपा के फर्जी PDA की धज्जियां उड़ानी है। 2027 में 2017 का रिकॉर्ड टूटेगा। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि नए अध्यक्ष के साथ हम पार्टी और संगठन को और मजबूत करेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव में जबरदस्त जीत दर्ज करेंगे। राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का भी ऐलान? 11 महीने से चल रही थी मशक्कत
दरअसल, यूपी में प्रदेश अध्यक्ष की तलाश के लिए 11 महीने माथापच्ची हुई। तब जाकर पंकज चौधरी यूपी के 17वें भाजपा अध्यक्ष बने। वह योगी के गढ़ गोरखपुर के रहने वाले हैं। कुर्मी समुदाय से आते हैं। शाह-मोदी के बेहद करीबी हैं। नए अध्यक्ष के चुनाव को मेगा इवेंट बनाया
भाजपा ने नए अध्यक्ष के चुनाव को मेगा इवेंट बनाया था। प्रदेशभर से करीब 15 हजार कार्यकर्ता लखनऊ की लोहिया लॉ यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह नजर आया। ढोल-नगाड़ों पर नाचते रहे। यूपी BJP प्रदेश अध्यक्ष से जुड़े अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…