सोनभद्र में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। पति ने पत्नी को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसके बाद तीनों में झगड़ा होने लगा। पत्नी और प्रेमी ने मिलकर पहले पति की पिटाई की। फिर गला घोंटने के बाद फर्श पर उसका सिर पटक दिया। पत्नी और उसके प्रेमी ने हादसा दिखाने के लिए चादर में लपेटकर शव सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गए। परिवार वालों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया था। शनिवार शाम 4 बजे पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना 23 अगस्त की शक्तिनगर इलाके की है। पिता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया बीना कॉलोनी निवासी रमाशंकर मिश्रा (42) एनसीएल कंपनी में सीनियर ओवरमैन के पद पर थे। वह कंपनी की तरफ से मिले घर में परिवार के साथ रहते थे। उनकी दो बेटियां हैं । 23 अगस्त को रमाशंकर का शव मोहल्ले के स्टेडियम के पास सड़क किनारे पड़ा मिला था। पुलिस को शुरुआती जांच में मामला सड़क हादसा का लगा था। रमाशंकर के परिवार वालों ने 27 अगस्त को बहू प्रियंका मिश्रा (35) और उसके प्रेमी विकास चौहान (25) पर हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर आरोपियों तक पहुंची। शक्तिनगर पुलिस ने मामले में पत्नी प्रियंका मिश्रा, उसके प्रेमी विकास चौहान, अनुराग सिंह उर्फ बादल (18) और सोनू गुप्ता (19) को गिरफ्तार किया। पुलिस से आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। पत्नी का 2 साल से अफेयर चल रहा था पुलिस के मुताबिक, रमाशंकर मिश्रा की पत्नी प्रियंका मिश्रा का विकास चौहान से करीब 2 साल से अफेयर चल रहा था। विकास अक्सर रमाशंकर के ड्यूटी पर जाने के बाद प्रियंका से मिलने उसके घर पहुंचता था। 22 अगस्त को रमाशंकर ड्यूटी से जल्दी घर लौट आया और उसने दोनों को एक साथ देख लिया। इसी बात को लेकर पति-पत्नी और विकास के बीच विवाद हो गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी विकास चौहान ने बताया- विवाद बढ़ने पर उसने और प्रियंका ने मिलकर रमाशंकर का गला दबाया। इसके बाद उनके सिर को पत्थर के फर्श पर पटक दिया। इससे गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। शव को सड़क किनारे रखकर हादसा दिखाया हत्या के बाद आरोपियों ने घटना को छिपाने और पुलिस को गुमराह करने की योजना बनाई। विकास चौहान ने अपने सहयोगी अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता की मदद से शव को चादर और गमछे में लपेटा। इसके बाद शव को सड़क किनारे ले जाकर लिटा दिया गया। आरोप है कि वाहन से चोट पहुंचाकर घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई। ——————– ये खबर भी पढ़िए… बरेली में 5 मंजिला अस्पताल में आग लगी:वार्डों में धुआं भरा, अफरा-तफरी मची यूपी में बरेली के 5 मंजिला नवोदय हॉस्पिटल में शनिवार सुबह आग लग गई। आग सुबह 10 बजे टॉप फ्लोर पर बने एक कमरे में लगी। कुछ ही देर में आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते धुआं पूरे अस्पताल में भर गया। जैसे ही फायर अलार्म बजा, अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। वार्डों में भर्ती मरीजों को उनके परिजन जैसे-तैसे बाहर लेकर भागने लगे। नवजात बच्चों को उनके मां-बाप गोद में लेकर बाहर की ओर दौड़े। वहीं, अस्पताल कर्मी आईसीयू में एडमिट गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर पर बाहर निकालकर लाए। जिस वक्त हादसा हुआ, उस वक्त हॉस्पिटल की ओपीडी भी भरी थी। पढ़ें पूरी खबर…