कन्नौज में शुक्रवार रात पुलिस को टक्कर मारने वाली कार से 10 किलो सोना मिला। ये अलग-अलग ईंटों (ब्रिक) में है। पुलिस की टीम कांवड़ यात्रा की ड्यूटी करके वापस लौट रही थी, तभी आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर उनकी गाड़ी की टक्कर ब्रेजा कार से हो गई। हादसे में दोनों गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने जब ब्रेजा कार में सवार दो युवकों से हालचाल पूछा तो दोनों घबरा गए। शक होने पर पुलिस ने ब्रेजा की तलाशी ली। इस दौरान पुलिस को काले रंग के बैग से 10 सोने की ईंटे मिली। पुलिस ने दोनों युवकों को तुरंत हिरासत में ले लिया। इसके साथ ही जीएसटी विभाग को मामले की जानकारी दी है। कार एक्सीडेंट होने से पता चली घटना कन्नौज में सकरावा थाना प्रभारी भागमल सिंह शुक्रवार रात 2 बजे कांवड़ ड्यूटी से वापस लौट रहे थे। उनके साथ कार में सिपाही योगेंद्र कुमार, मोहन दिवाकर और महिला सिपाही रितुचाह मौजूद थीं।कार को सिपाही लोकेंद्र सिंह चला रहे थे। पुलिस की कार जैसे ही आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर निकवा गांव के पास किमी संख्या- 171 के पास पहुंची। तभी उनकी कार की टक्कर एक ब्रेजा गाड़ी से हो गई। जिसके बाद ये पूरा मामला सामने आया। पुलिस वालों ने तुरंत तालग्राम थाने में सूचना दी, जिसके बाद सोना ले जा रहे दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। सोना ले जा रहे युवक पुलिस को जवाब नहीं दे पाए पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपी बिस्किट के बारे में सही जानकारी नहीं दे पाए। युवकों में एक महराजगंज और दूसरा नेपाल का रहने वाला है। इतनी बड़ी मात्रा में सोना मिलने की घटना के बाद जीएसटी की टीम भी आरोपियों से पूछताछ में जुटी है। सीओ सिटी शिल्पा वर्मा ने बताया- कार सवार दो लोग गोरखपुर से सोना लेकर जा रहे थे। पैसों के लालच में सोना इधर से उधर पहुचाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान कार एक्सीडेंट होने के चलते पकड़े गए। ये मामला जीएसटी से जुड़ा है। इसलिए उनकी टीम के लोग भी जांच कर रहे हैं। …………………………………………………………………………. यह खबर भी पढ़ें- ग्राउंड रिपोर्ट: मिर्जापुर में कुत्ते के काटने से भौंकने लगा लड़का:डॉक्टर बोले- कालकोठरी में छोड़ दीजिए; 22 दिन में ठीक हुआ, यूपी में ऐसा पहली बार 16 मार्च को मिर्जापुर से 15 साल के एक लड़के का वीडियो सामने आया। लड़का कुत्ते की तरह भौंक रहा था। लगातार लार टपक रही थी। पानी तक नहीं पी पा रहा था। यह सब इसलिए हो रहा था, क्योंकि लड़के को दिसंबर में एक कुत्ते ने काटा था। तब उसने रेबीज के इंजेक्शन नहीं लगवाए थे।