प्रतापगढ़ में भाजपा ब्लॉक प्रमुख ड्रग्स माफिया निकला:गड्‌ढा खुदवाकर निकलवाई ड्रग्स, हेलमेट-बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाकर कोर्ट लाई पुलिस

प्रतापगढ़ में भाजपा नेता सुशील सिंह ड्रग्स माफिया निकला है। एक महीने पहले हुए फायरिंग केस में पुलिस ने बेलखरनाथ ब्लॉक प्रमुख सुशील सिंह को 48 घंटे की रिमांड पर लिया। पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस ने बुधवार रात ब्लॉक प्रमुख के घर और प्लॉट पर छापेमारी की। आरोपी सुशील को भी पुलिस अपने साथ ले गई थी। इस दौरान घर के पास मैरिज हॉल के सामने जमीन में गड्‌ढे में छिपाए गए 34.10 ग्राम MD (Methamphetamine Drug) ड्रग्स बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि सुशील सिंह ड्रग्स का बड़ा कारोबार करता था। प्रतापगढ़ समेत आसपास के जिलों में MD की सप्लाई करता था। गुरुवार को कड़ी सुरक्षा में पुलिस सुशील सिंह को हेलमेट और बुलेट प्रूफ जैकेट पहनाकर थाना कोतवाली पट्‌टी से कोर्ट लेकर पहुंची। इस दौरान पूरा इलाका छावनी बना रहा। 2 सीओ, 5 थाना प्रभारी, 12 दरोगा और 24 सिपाही सिक्योरिटी में थे। मेडिकल कॉलेज में मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। फिर उसे जेल भेज दिया गया। 2 फोटो देखिए… अब विस्तार से पढ़िए… आरोपी बोला- लवी शंकर मिश्रा के साथ तस्करी करता था सुशील सिंह ने पुलिस को बताया- वह अपने सहयोगी लवी शंकर मिश्रा के साथ मिलकर पहले ड्रग्स की तस्करी करता था। लवी मिश्रा इस समय जेल में बंद है। वर्तमान में वह अकेले ही ड्रग्स की अवैध सप्लाई कर रहा है। नशीले पदार्थों को ऐसे ही गुप्त स्थानों पर जमीन में छुपाकर रखता है। पुलिस ने सुशील सिंह की निशानदेही पर पट्टी–रायपुर रोड स्थित केएफ मैरिज हॉल के सामने जमीन की खुदाई कराई। यहां से एक रैपर बरामद हुआ। रैपर खोलने पर उसमें हल्के पीले-सफेद रंग के छोटे-छोटे क्रिस्टलनुमा टुकड़े प्राप्त हुए। इसके बाद पुलिस ने पट्टी कोतवाली में सुशील सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। सुशील सिंह पर प्रतापगढ़ के पट्टी और नगर कोतवाली में 6 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। रिमांड और जेल भेजने की टाइमलाइन क्या है एमडी ड्रग?
एमडी ड्रग्स एक नशीला पदार्थ है, जो पीले क्रिस्टल जैसे टुकड़ों के रूप में मिलता है। इसका नशा बेहद खतरनाक होता है। मार्केट में शुद्ध एमडी ड्रग्स की कीमत 40 हजार रुपए प्रति ग्राम तक है। इस ड्रग को गुटखा, पान और अन्य सूखी चीजों में मिलाकर चबाया जाता है। पुलिस के मुताबिक बरामद 34.10 ग्राम एमडी की कीमत करीब 10 लाख रुपए है। रजिस्ट्री दफ्तर में की थी फायरिंग
21 जुलाई को रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर सड़क पर ब्लॉक प्रमुख सुशील सिंह ने फायरिंग की थी। गोली लगने से दो सगे भाई घायल हो गए थे। घटना का सीसीटीवी भी सामने आया था। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सुशील सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी मामले में कार बरामद करने के लिए पुलिस ने उसे 48 घंटे की रिमांड पर लिया था। प्रमुख की निशानदेही पर लखनऊ से लग्जरी कार बरामद की गई। लखनऊ से लौटने के बाद पुलिस ने बीती रात उसके घर, प्लॉट और कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान मैरिज हॉल के पास जमीन में छुपाकर रखा गया ड्रग्स भी बरामद किया। पूछताछ में सुशील सिंह ने ड्रग्स का काला कारोबार करने की बात स्वीकार कर ली। तीन राज्यों की पुलिस के रडार पर
सुशील सिंह हरियाणा और महाराष्ट्र पुलिस के रडार पर भी है। बताया जाता है कि उसका साथी लवी मिश्रा ड्रग्स के मामले में हरियाणा की जेल में बंद है। इस केस में पूछताछ के लिए हरियाणा पुलिस भी सुशील सिंह तक पहुंची थी। वहीं, महाराष्ट्र में उसके खिलाफ कई फ्रॉड के मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। इसी कारण वह महाराष्ट्र पुलिस की भी निगरानी में है। ——————————- ये खबर भी पढ़ेंः- रामपुर में दामाद ने ससुर की गोली मारकर हत्या की, पत्नी-सास पर फावड़े से किया हमला, शव के पास बैठा रहा, साथ में अस्पताल गया रामपुर में दामाद ने ससुर की गोली मारकर हत्या कर दी। युवक का उसकी पत्नी से विवाद चल रहा था। उसकी पत्नी की मां, बाप, बुआ और फूफा विवाद सुलझाने के लिए उसके घर पहुंचे। ससुराल वालों को देखकर आरोपी आक्रोशित हो गया। अपने परिवार के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी। उसने अपने ससुर को गोली मार दी। पढ़ें पूरी खबर…