प्रयागराज में बड़े हनुमान को मां गंगा ने कराया स्नान:चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में बाढ़ आई, सरकार ने 2 हेलिकॉप्टर भेजे; 27 जिलों में बारिश का अलर्ट

प्रदेश में लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं। प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। रविवार तड़के 3:45 बजे गंगा मां ने बड़े हनुमान जी को स्नान कराया। गर्भगृह में गंगा का पानी पहुंचते ही मंदिर परिसर में धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना शुरू हुई। ढोल-नगाड़ों के बीच गंगा मां के आगमन की भव्य आरती की गई। उधर, चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में बाढ़ आ गई। करीब 30 फीट का उफान है। रामघाट और भरतघाट पूरी तरह जलमग्न हैं। घाट किनारे बने मंदिर और दुकानें डूब चुकी हैं। हनुमान धारा पर बना 300 फीट लंबा पुल बाढ़ में टूटकर बह गया। सड़कों पर नावें चल रही हैं। नयागांव राजमहल के अंदर तक पानी पहुंच गया है। रेलवे ट्रैकों पर पानी भर गया। एसडीआरएफ की टीमें लोगों को रेस्क्यू कर रही हैं। सती अनुसूइया आश्रम की रेलिंग और आसपास के घरों का सामान बह गया। सरकार ने 2 हेलिकॉप्टर मदद के लिए भेजे हैं। वहीं, झांसी-प्रयागराज हाईवे को वाहनों के लिए बंद कर दिया है। बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस तैनात कर दी गई है। प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। लगातार बारिश और मध्यप्रदेश के बरगी डैम से पानी छोड़े जाने की वजह से चित्रकूट में हालत बिगड़ गए हैं। इधर, नेपाल में मची तबाही के बाद कुशीनगर की नारायणी नदी में शव बहकर आने का सिलसिला जारी है। शनिवार को 2 और शव बरामद हुए। पुलिस और SDRF की टीम ने शवों को बाहर निकाला। इससे पहले गुरुवार को 6 शव बरामद हुए थे। यूपी के 27 जिलों में आज यानी रविवार को बारिश का अलर्ट है। सोनभद्र में भारी बारिश की चेतावनी है। लखनऊ और आसपास के 10 जिलों में बादल छाए हुए हैं। वहीं शनिवार को लखनऊ, वाराणसी, कानपुर समेत 20 शहरों में बारिश हुई। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मध्य प्रदेश-राजस्थान और दक्षिणी यूपी के ऊपर मानूसनी सिस्टम आगे बढ़ गया है। इससे बारिश की गतिविधियों में 31 अगस्त तक कमी आएगी। इसके बाद नए विक्षोभ के असर से सितंबर के पहले सप्ताह में फिर से बारिश का सिलसिला शुरू होगा। आज कहां-कहां बारिश हो सकती है? यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…