फिरोजाबाद में युवक ने खुद को गोली मारकर जान दी:दरोगा भर्ती की तैयारी कर रहा था; परिजन बोले- प्रेमिका की मां ने तोड़ दी थी शादी

फिरोजाबाद में एक युवक ने रविवार की देर रात खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वह ताऊ के घर में था। परिवार वाले शादी में गए थे। लौटे तो युवक खून से लथपथ होकर जमीन पर पड़ा था। उसने अपने गले पर फायर किया था। गोली सिर को चीरते हुए आर-पार हो गई थी। परिजन उसे ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। युवक दरोगा भर्ती की तैयारी कर रहा था। वह अपनी चार बहनों का इकलौता भाई था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुरुआती जांच में पता चला कि युवक का किसी लड़की से अफेयर था। लड़की की मां ने शादी कराने पर पहले हामी भरी थी, बाद में मुकर गई थी। लड़की के घर वाले युवक को परेशान कर रहे थे। इससे वह तनाव में था। पुलिस ने घटनास्थल से तमंचा बरामद किया। अब विस्तार से पढ़िए… एक हफ्ते पहले ताऊ के घर आया था विकास
26 साल का विकास कुमार यादव उर्फ विक्की नारखी क्षेत्र के गांव कपावली का रहने वाला था। उसने बीए किया हुआ है। पिता मुकेश यादव किसान हैं। विकास दरोगा भर्ती की तैयारी कर रहा था। वह 4 बहनों में इकलौता भाई था। उसकी शादी नहीं हुई थी। दो बहनों की शादी हो चुकी है। विकास इंदिरा नगर में एक हफ्ते से अपने ताऊ प्रमोद कुमार के यहां रह रहा था। घटना के समय वह घर पर अकेला था। परिवार के लोग शादी में गए थे। जब लौट कर आए तो विकास की खून से लथपथ लाश मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। विकास के ताऊ के बेटे मयंक ने बताया- विकास का गांव की एक लड़की से अफेयर था। यह बात जब लड़की के घरवालों को पता चली तो उन्होंने विरोध नहीं किया। क्योंकि दोनों परिवार यादव समाज से हैं। लड़की की मां ने वादा किया था कि विकास की शादी अपनी बेटी से करा देंगी, लेकिन बाद में उन्होंने मना कर दिया। विकास तब से बहुत परेशान था। 15 दिन पहले वह लड़की को भगाकर ले गया था। इसके बाद से ही लड़की पक्ष के रंजिश मानने लगे थे। लड़की के घर वाले विकास को मारने की धमकी देते थे। इंस्पेक्टर संजीव कुमार दुबे का कहना है कि युवक ने गोली मारकर आत्महत्या की है। वारदात के समय वह घर पर अकेला था। परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। —————————————- ये खबर भी पढ़ें… मुझसे शादी करोगी? मना करते ही छात्रा का गला काटा, लखनऊ में घर में घुसकर वारदात लखनऊ में एक युवक ने घर में घुसकर बीएससी की छात्रा की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद बाइक से भाग गया। छात्रा 10 मिनट तक जमीन पर पड़ी तड़पती रही। फिर घर के दरवाजे पर ही दम तोड़ दिया। पढ़ें पूरी खबर…