फिरोजाबाद में 2 करोड़ लूटने वाला नरेश एनकाउंटर में ढेर:ASP अनुज चौधरी की जैकेट में फंसी गोली, इंस्पेक्टर घायल

फिरोजाबाद में एनकाउंटर हुआ है। रात 8 बजे पुलिस ने बदमाश नरेश उर्फ पंकज को गोली मारकर ढेर कर दिया। वह 38 साल का था। मुठभेड़ में ASP ग्रामीण अनुज चौधरी बाल-बाल बचे। बदमाश नरेश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। एक गोली अनुज चौधरी के बुलेटप्रूफ जैकेट में धंस गई। वहीं, थाना रामगढ़ प्रभारी संजीव दुबे गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में नरेश मारा गया। उसके सीने में गोली लगी है। बदमाश नरेश पर 2 करोड़ रुपए लूटने का आरोप था। वह पुलिस कस्टडी में था। पुलिस रविवार दोपहर माल बरामदगी के लिए उसे ले जा रही थी, तभी वह चकमा देकर फरार हो गया। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में थी। यह मुठभेड़ थाना मक्खनपुर क्षेत्र में हुई है। घायल इंस्पेक्टर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 3 फोटो देखिए… कैश वैन से 2 करोड़ लूटे थे
अलीगढ़ के अरनी का रहने वाले नरेश ने 30 सितंबर को 2 करोड़ रुपए की लूट की थी। उस दिन कानपुर से आगरा जा रही जीके कंपनी की कैश वैन को नरेश ने अपने साथियों को लूट लिया था। पुलिस ने शनिवार रात इस मामले का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें नरेश भी था। बदमाशों के पास से लगभग 1 करोड़ रुपए और दो कारें बरामद की थीं। पेट दर्द का बहाना बनाकर खेत से भागा
रविवार दोपहर रामगढ़ थाने के इंस्पेक्टर चमन शर्मा तीन सिपाहियों के साथ आरोपी नरेश को माल बरामदगी के लिए ले जा रहे थे। थाना मक्खनपुर क्षेत्र के खेड़ा गणेशपुर के पास नरेश ने पेट दर्द का बहाना बनाया। पुलिस ने उसे बाजरे के खेत में हथकड़ी लगाकर बैठाया और सिपाही पानी लेने चले गए। इसी दौरान नरेश खेतों के रास्ते फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी सौरभ दीक्षित ने जिलेभर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गईं। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब 8 बजे थाना मक्खनपुर क्षेत्र में पुलिस टीम ने आरोपी नरेश को घेर लिया। खुद को बचाने के लिए नरेश ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली थाना प्रभारी संजीव दुबे को लगी और दूसरी एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी की बुलेट प्रूफ जैकेट में फंस गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली नरेश के सीने में लगी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर अपडेट हो रही है…