बलिया में एक ही घर से दो शव मिले:3 दिन से लापता किन्नर का पॉलीथिन में लिपटा, युवक का फंदे पर लटकता, नेग मांगने गई थी

यूपी के बलिया में एक ही मकान से दो शव मिलने से हड़कंप मच गया। चार मंजिला मकान की तीसरी मंजिल पर रहने वाले युवक का शव फंदे से लटका मिला, जबकि चौथी मंजिल पर एक टीन के बक्से में किन्नर का शव बरामद हुआ। किन्नर तीन दिनों से लापता थी। गुरुवार सुबह युवक की पत्नी ने उसे फंदे से लटकता देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को पहले मामला आत्महत्या का लगा, लेकिन जांच के दौरान चौथी मंजिल पर बक्से से किन्नर का शव मिलने के बाद मामला उलझ गया। पुलिस को घटना से एक दिन पहले का सीसीटीवी फुटेज मिला, जिसमें लापता किन्नर युवक के घर में दाखिल होती दिखाई दी थी। आखिरी लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने युवक और उसके पिता को थाने बुलाकर पूछताछ की थी। युवक की मौत के बाद पुलिस ने पूरे घर की बारीकी से तलाशी ली। घटना को लेकर किन्नर समाज में आक्रोश है। बड़ी संख्या में किन्नर समाज के लोगों ने पोस्टमॉर्टम हाउस का घेराव कर मामले के जल्द खुलासे की मांग की है। यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 42 किलोमीटर दूर बैरिया थाना क्षेत्र की है। तस्वीरें देखिए… अब पूरा मामला विस्तार से समझिए…
बैरिया थाना क्षेत्र के रानीगंज बाजार स्थित सब्जी मंडी के पास विजय गुप्ता का चार मंजिला मकान है। पहले तल पर वे अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। दूसरे तल पर छोटा बेटा रवि गुप्ता (25) और उसकी पत्नी मोना रहते थे, जबकि तीसरे तल पर बड़ा बेटा आकाश रहता था। आकाश अपनी मां के साथ तीन दिन पहले शादी समारोह में शामिल होने के लिए गुवाहाटी गया था। इसलिए रवि तीसरी मंजिल पर सो रहा था, जबकि उसकी पत्नी मोना दूसरी मंजिल पर थी। गुरुवार सुबह करीब 5:45 बजे मोना चाय लेकर रवि को जगाने उसके कमरे में गई तो देखा कि रवि का शव फंदे से लटक रहा था। पति को फंदे से लटकता देख मोना चीख पड़ी। शोर सुनकर विजय गुप्ता और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर एसपी ओमवीर सिंह और बैरिया प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। CCTV फुटेज से शक, घर की जांच में मिला किन्नर का शव एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि रेखा किन्नर 17 फरवरी की दोपहर से लापता थी। उसके चेलों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उनके अनुसार 17 फरवरी को सुबह करीब 11:30 बजे रेखा से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी, जिसके बाद दोपहर 1 बजे से उसका फोन बंद हो गया। पुलिस को रेखा का मोबाइल फोन रास्ते में बंद अवस्था में मिला था। जांच के दौरान 17 फरवरी की शाम करीब 4 बजे रेखा को आखिरी बार रवि गुप्ता के घर में जाते देखा गया, लेकिन उसके बाहर निकलने का कोई सीसीटीवी फुटेज नहीं मिला। इसके बाद रवि और उसके पिता विजय को थाने बुलाकर पूछताछ की गई थी और घर की तलाशी भी ली गई थी, लेकिन तब कोई शव नहीं मिला था। एसपी के अनुसार, किन्नर रेखा को अंतिम बार इसी घर में दाखिल होते देखा गया था। इसलिए रवि की मौत के बाद शक के आधार पर पूरे मकान की सघन जांच की गई। चौथी मंजिल पर कूड़े के नीचे पॉलीथिन में लिपटा शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान तीन दिन से लापता रेखा किन्नर के रूप में हुई। शव करीब तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पत्नी बोली- खाना खाकर तीसरी मंजिल पर सोने गए थे, कोई आवाज नहीं सुनी
रवि की पत्नी ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद रवि तीसरी मंजिल पर सोने चला गया था। उसने रात में कोई आवाज नहीं सुनी। सुबह चाय लेकर जगाने गई तो उसका शव फंदे से लटका मिला। रवि के पिता विजय ने भी घटना की जानकारी होने से इनकार किया। एक साल पहले हुई थी शादी, नेग लेने पहुंची थी रेखा
पुलिस के अनुसार, एक साल पहले रवि की मोना से शादी हुई थी। उस दौरान रेखा किन्नर अपने चेलों के साथ नेग लेने उसके घर पहुंची थी, लेकिन घर में किसी की मौत होने के कारण नेग नहीं दिया गया और बाद में आने को कहा गया था। चेलों के अनुसार, रेखा 17 फरवरी को नेग लेने ही रवि के घर गई थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। पत्नी और पिता से पूछताछ
एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल रवि गुप्ता की पत्नी और पिता से लगातार पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। ———————————– ये खबर भी पढ़िए… मथुरा में नहर में गिरी कार, 4 की मौत:इनमें 2 लॉ स्टूडेंट; लाश गाड़ी में फंसी रही, क्रेन से निकाला गया
मथुरा में बेकाबू कार नहर में गिर गई। हादसे में 2 लॉ स्टूडेंट समेत 4 युवकों की मौत हो गई। सभी शादी में शामिल होने डीग जा रहे थे। रास्ते में ड्राइवर मोड़ नहीं देख पाया और कार 20 फीट गहरी नहर में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने कार को नहर में गिरते देखा और दौड़कर मौके पर पहुंचे। तुरंत बचाव कार्य में जुट गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने 2 लड़कों को गाड़ी का दरवाजा तोड़कर बाहर निकाल लिया। पूरी खबर पढ़िए…