प्रयागराज में बाइक टकराने पर तीन लड़कों ने ITI छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली छात्र के सीने को चीरते हुए आर-पार हो गई। छात्र लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। बाइक सवार आरोपी हत्या करने के बाद मौके से फरार हो गए। छात्र के दोस्तों ने उसके घर पर कॉल करके सूचना दी। दोस्त और मौके पर मौजूद लोग छात्र को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने छात्र के 2 दोस्तों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। घटना रविवार दोपहर 12 बजे की होलागढ़ इलाके की है। बाइक से ननिहाल गया था छात्र झौनी का पुरवा के राजापुर चौबारा गांव का रहने वाला हिमांशु सरोज ITI कर रहा था। उसके पिता संजय कुमार पुणे में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। वह दो भाइयों में बड़ा था। हिमांशु की मां रीता ने बताया कि मेरा बेटा अपने ननिहाल पूरब नारा गांव में आता-जाता था। रविवार सुबह 8 बजे के करीब हिमांशु घर से बाइक लेकर निकला था। उसने कहा था कि मम्मी मैं नानी के यहां जा रहा हूं। उसने पड़ोस में रहने वाले संदीप और अवनीश को भी साथ में ले लिया। करीब 11 बजे ये तीनों लोग ननिहाल पहुंचे। उसके बाद वहां से कुछ देर बाद निकल गया। दोपहर में करीब 12 बजे अवनीश का मेरे पास फोन आया। उसने कहा कि हिमांशु को गोली मार दी गई है। टोड़ी का पुरवा गांव में हम लोगों की बाइक की दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। जिसके बाद ये घटना हुई। दोस्त बोले- बाइक टकराने पर विवाद हुआ पुलिस पूछताछ में दोस्तों ने बताया कि दूसरी बाइक पर तीन लोग सवार थे। बाइक टकराने के बाद वे हिमांशु से झगड़ा करने लगे। जब बहस ज्यादा बढ़ गई तो तीनों में से एक आरोपी ने तमंचा निकाला। उसने हिमांशु के सीने में गोली मार दी। गोली सीने के आरपार हो गई। इसके बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए। घायल हिमांशु को आनन-फानन में स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल (एसआरएन) ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस घटना को लेकर और जानकारी जुटाने के लिए हिमांशु के दोनों दोस्तों से पूछताछ कर रही है। मां बोलीं- बेटे का ननिहाल में झगड़ा हुआ था सोरांव एसीपी श्यामजीत प्रमिला सिंह ने बताया कि मृतक छात्र के परिवार वालों से पूछताछ की गई है। मां ने बताया कि हिमांशु का ननिहाल में ही रहने वाले महेंद्र यादव के बेटे से कुछ दिन पहले झगड़ा हुआ था। इसी झगड़े के चलते मेरे बेटे की हत्या की गई है। महेंद्र का लड़का अक्सर मेरे बेटे को धमकी देता था। एक दिन उसने कहा था कि जहां देखूंगा वहीं तुझे मार दूंगा। यह बात मुझे मेरे बेटे ने बताई थी। कुछ दिन पहले भी दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। वहीं हिमांशु के दोस्त संदीप और अवनीश ने बताया कि हम लोग बाइक से पहले हिमांशु के ननिहाल पहुंचे। वहां कुछ देर रुके, फिर वहां से निकल आए। रास्ते में महेंद्र का बेटा अपने दो साथियों के साथ मिला। उसने हिमांशु की बाइक में अपनी बाइक से टक्कर मार दी। विवाद हुआ तो उसने हिमांशु को गोली मार दी। आरोपियों की तलाश में 3 टीमें लगीं संदीप की मां ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे हिमांशु मेरे घर आया था। उसने मेरे बेटे से कहा था कि स्कॉलरशिप के पैसे के बारे में पता लगाने चलना है। इसके बाद मेरा बेटा उसके साथ चला गया। डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि हत्या के मामले में पूरब नारा निवासी महेंद्र यादव के बेटे साहिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। साहिल और हिमांशु दोनों साथ में कोचिंग पढ़ते थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों विवाद हुआ था। आरोपियों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं।
…………………………….. ये खबर भी पढ़िए- टीचर पिस्टल तानकर बोला- कैश दो, वरना मार दूंगा: काशी में CSC में लूट करने पहुंचा था; भीड़ ने पकड़ा तो बोला- कर्ज चुकाना है वाराणसी में 35 साल के टीचर ने जन सेवा केंद्र (CSC) में लूट की कोशिश की। उसने संचालक पर पिस्टल तान दी। धमकाते हुए बोला- रुपए दे दो, नहीं तो गोली मार दूंगा। सीएससी संचालक रुपए लाने की बात कहकर पीछे गया और शोर मचाने लगा। पढ़ें पूरी खबर…
…………………………….. ये खबर भी पढ़िए- टीचर पिस्टल तानकर बोला- कैश दो, वरना मार दूंगा: काशी में CSC में लूट करने पहुंचा था; भीड़ ने पकड़ा तो बोला- कर्ज चुकाना है वाराणसी में 35 साल के टीचर ने जन सेवा केंद्र (CSC) में लूट की कोशिश की। उसने संचालक पर पिस्टल तान दी। धमकाते हुए बोला- रुपए दे दो, नहीं तो गोली मार दूंगा। सीएससी संचालक रुपए लाने की बात कहकर पीछे गया और शोर मचाने लगा। पढ़ें पूरी खबर…