बाढ़ में डूब रहे तेंदुए के शावक को बचाया:पीलीभीत में श्मशान-हाईवे डूबे, सड़क पर दाह संस्कार; मेरठ में आज स्कूल बंद रहेंगे

यूपी में लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं। पीलीभीत में शारदा और देवहा नदी की बाढ़ से टनकपुर और बीसलपुर हाईवे डूब गया है। एसपी अभिषेक यादव बुधवार को ट्रैक्टर से अपने दफ्तर पहुंचे। बाढ़ का पानी जिला मुख्यालय समेत 25 गांवों में घुस गया है। मुख्यालय से महज 3 किमी दूर गांव टहा निवासी गुरदीप सिंह (68) का सोमवार सुबह निधन हो गया था। श्मशान घाट डूबा हुआ है। इसलिए परिजनों ने पानी घटने का इंतजार किया। जब पानी कम नहीं हुआ तो बुधवार को खेत में टीनशेड लगाकर अंतिम संस्कार किया। थाना गजरौला कला क्षेत्र के पिपरिया कालोनी के अर्जुन मंडल (32) दोपहर करीब 2 बजे कटना नदी के किनारे अपने खेत पर थे। उनकी नजर खेत में जमा लगभग 2 फीट पानी में डूब रहे तेंदुए के बच्चे पर पड़ी। वो अपनी जान बचाने के लिए अपने पैर पटक रहा था। अर्जुन ने अपनी जान की परवाह किए उसे पानी से बाहर निकाला। इधर, नोएडा में बुधवार दोपहर अंधेरा छा गया। 20 मिनट तक जोरदार बारिश हुई। जगह-जगह पानी भर गया। सड़कें डूब गईं। गाड़ियां रेंगते नजर आईं। यहां यमुना नदी की बाढ़ से करीब 1000 फार्म हाउस में पानी घुस गया। छपरौली इलाके में बने फार्म हाउस में अचानक पानी भर गया, जिसमें फंसे कई लोग तैरकर बाहर आते नजर आए। जबकि बाकी लोगों को रेस्क्यू किया गया। हथिनी कुंड बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने से गाजियाबाद में यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। 7 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। एक मंजिल तक घर डूब गए हैं। मथुरा के वृंदावन में परिक्रमा मार्ग तक पानी पहुंच गया। इसके चलते परिक्रमा पर रोक लगा दी गई। बाढ़ से करीब 900 परिवार प्रभावित हैं। आगरा में यमुना का पानी ताजमहल की बाउंड्री तक पहुंच गया। शहर के कई घाट और 8 श्मशान घाट पानी में डूब गए। भारी बारिश के चलते बुलंदशहर, हापुड़ और गाजियाबाद में 3 सितंबर और मथुरा में 3-4 सितंबर को 12वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए। मौसम विभाग ने आज बुधवार को 49 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई। तस्वीरें देखिए… 4 दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मंगलवार को वाराणसी, गाजियाबाद समेत 20 शहरों में जोरदार बारिश हुई। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक अगस्त में सामान्य बारिश हुई थी। अब मानसून अपने आखिरी चरण में है और अगले 4 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज बारिश की संभावना है। 24 घंटे में 29% ज्यादा बारिश हुई
3 सितंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 60 जिलों में औसतन 8.4 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 6.5 मिमी से 29% ज्यादा है। प्रदेश में अब तक 629.5 मिमी बारिश हो चुकी है, ये सामान्य 614 मिमी से 3% ज्यादा है।
बाढ़ और बारिश से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…