बाबा विश्वनाथ धाम के सामने होगी ग्रीन आतिशबाजी:600 फीट की ऊंचाई तक उठेंगे ग्रीन पटाखों के गोले, 1800 फीट तक फैलेगी रोशनी

इस बार देव दीपावली पर काशी के घाटों पर सिर्फ दीपों की रोशनी ही नहीं, गंगा पार आसमान में भी रंगों का उत्सव सजेगा। मां गंगा के एक किनारे लाखों दीपों की झिलमिलाहट होगी तो दूसरे किनारे रेती से आसमान तक आतिशबाजी का ऐसा नजारा दिखाई देगा। खास बात यह होगी कि यहां आतिशबाजी की गूंज भगवान शिव के भजनों के साथ सुनाई देगी। 24 नवंबर को होने वाले इस आयोजन में श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने गंगा पार रेती पर 10 मिनट का विशेष शो आयोजित किया जाएगा। रात 8:30 से 8:40 बजे तक चलने वाले इस शो में आसमान में एक के बाद एक रंगीन आकृतियां उभरेंगी। डमरू की धुन पर आसमान में बरसेंगे रंगीन शोले इस शो में आतिशबाजी सिर्फ धमाकों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि संगीत के साथ तालमेल बिठाकर आसमान में रंगों की कहानी लिखेगी। ‘हर-हर महादेव शंभू’, ‘डमरू बजाया भोलेनाथ ने’, ‘शिव तांडव स्तोत्रम्’, ‘मेरा भोला है भंडारी’ और ‘महाकाल’ जैसे शिव भजनों की नौ से दस धुनों पर आतिशबाजी होगी। हर धुन के साथ आसमान में अलग-अलग रंग और आकृतियां दिखाई देंगी। 600 फीट ऊपर जाएंगे पटाखों के गोले, 1800 फीट तक फैलेगा रंग इस बार आतिशबाजी में आधुनिक तकनीक का भी खास इस्तेमाल होगा। ऐक्सिस कम्युनिकेशन के वाइस प्रेसिडेंट संजय प्रताप सिंह के अनुसार, भारत में पहली बार आठ इंच के विशेष आतिशबाजी शेल्स का इस्तेमाल किया जाएगा। इनके गोले करीब 500 से 600 फीट की ऊंचाई तक पहुंचेंगे। जमीन से आतिशबाजी का फैलाव करीब 1200 फीट और आसमान में इसका विस्तार 1600 से 1800 फीट तक होगा।माल्टा की आतिशबाजी से प्रेरित इन विशेष आकृतियों में ज्यामितीय डिजाइन और कई रंगों के पैटर्न दिखाई देंगे। ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स को प्रदूषण रहित बताया गया है। गंगा में दिखेगा आसमान का दूसरा नजारा इस आयोजन की खूबसूरती सिर्फ आसमान तक सीमित नहीं रहेगी। गंगा के पानी में रंगीन आतिशबाजी और लेजर की रोशनी का प्रतिबिंब भी दिखाई देगा। एक तरफ घाटों पर गंगा आरती और दीपों की कतारें होंगी तो दूसरी तरफ गंगा पार रेती पर संगीत और रोशनी का संगम। गंगा के दोनों तटों से श्रद्धालु इस अद्भुत नजारे का आनंद ले सकेंगे।