बाराबंकी CMO के स्वागत में रेड कार्पेट बिछाई, फूल बरसाए:सजी-धजी गाड़ी से भौकाली एंट्री ली; बेटा VIDEO बनाता रहा

बाराबंकी में बुधवार को नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. रंजन गौतम ने जॉइन कर लिया। वे तीन गाड़ियों के काफिले के साथ ऑफिस पहुंचे थे। गाड़ी से उतरे तो कर्मचारियों ने उनका शाही अंदाज में स्वागत किया। डॉक्टर रंजन की गाड़ी को फूलों से सजाया गया था। ऑफिस के गेट पर रेड कार्पेट बिछाया गया। उस पर फूल भी बिछाए गए। सीएमओ जैसे ही पत्नी, बेटे-बेटी के साथ पहुंचे, कर्मचारियों ने पूरे परिवार पर गुलाब बरसाए। सीएमओ ने भी भौकाली अंदाज में एंट्री ली। डॉक्टर गौतम अभी तक फर्रुखाबाद के एसीएमओ थे। 31 मई को उन्हें शासन ने बाराबंकी में डॉ. अवधेश कुमार यादव की जगह नया सीएमओ बनाया है। डॉ. अवधेश का तबादला कानपुर कर दिया गया है, जहां उन्हें यूएचएम (UHM) अस्पताल का कार्यभार सौंपा गया है। देखिए 4 तस्वीरें… फर्रुखाबाद से मिला प्रमोशन डॉक्टर रंजन गौतम प्रमोशन पाकर बाराबंकी आए हैं। जून 2020 में वे बरेली में एसीएमओ (फैमिली वेलफेयर) थे। इसके बाद उनकी फर्रुखाबाद में तैनाती दी गई, जहां वे करीब 3 साल रहे। इस दौरान उन्होंने झोलाछाप और अवैध नर्सिंग होम के खिलाफ अभियान चलाया। तीन गाड़ियों के काफिले से आए सीएमओ डॉक्टर रंजन तीन गाड़ियों के काफिले से आए। सबसे आगे डिप्टी सीएमओ एलबी गुप्ता की सरकारी गाड़ी थी। उन्होंने बाराबंकी जिले की सीमा से डॉक्टर रंजन को रिसीव किया। जबकि उसके पीछे डॉ. रंजन गौतम की फूलों से सजी गाड़ी चल रही थी। काफिले में शामिल तीसरी प्राइवेट गाड़ी में सीएमओ की पत्नी, बेटा-बेटी मौजूद थीं। सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए नए सीएमओ शाही स्वागत के लिए डॉक्टर रंजन गौतम की सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग हो रही है। नागेंद्र प्रताप नाम के X यूजर ने लिखा, साहब की अगवानी में “रेड कारपेट” बिछाया गया और उस पर “गुलाब की पंखुड़ियां” बिखेरी गई। CMO साहब पहुंचे तो उन्हें एक कार “एस्कॉट” कर रही थी और खुद CMO की “सरकारी गाड़ी दुल्हन की तरह फूलों से सजी” थी। ऐसे भव्य कार्यक्रम को देखकर दिल गार्डन-गार्डन हो गया। अब प्लीज इसे VIP कल्चर ना कह देना। हाथों में प्लास्टर बंधवाकर सीएमओ को रिसीव करने पहुंचे थे एलबी गुप्ता राजकीय संप्रेक्षण गृह में मंगलवार को एक कार्यक्रम था। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डॉ. एलबी गुप्ता की ड्यूटी थी। सेफ हाउस के पास रास्ते में मौजूद गड्ढे को छिपाने के लिए उसके ऊपर रेड कार्पेट बिछा दी गई थी। चलते समय डॉ. गुप्ता को गड्ढा दिखाई नहीं दिया और उनका पैर उसमें फंस गया। अचानक संतुलन बिगड़ने से वे जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई। घटना के तुरंत बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां एक्स-रे जांच में हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने प्लास्टर चढ़ाकर उनका इलाज शुरू किया। बुधवार को सीएमओ को रिसीव करने एलबी गुप्ता पहुंचे थे।
——————————– यह खबर भी पढ़ें- विराट कोहली IPL जीतने के बाद प्रेमानंदजी से मिलने पहुंचे:पत्नी अनुष्का भी साथ थीं; वृंदावन आश्रम में दोनों नंगे पैर चलते नजर आए IPL जीतने के बाद क्रिकेटर विराट कोहली और पत्नी अनुष्का शर्मा ने वृंदावन में संत प्रेमानंद के दर्शन किए। दोनों मंगलवार सुबह 7 बजे केली कुंज आश्रम पहुंचे। चेहरे पर मास्क लगाकर कार से उतरे और नंगे पांव आश्रम के अंदर गए। यहां पढ़ें पूरी खबर..