बिजनौर में बांध टूटा, मंत्री के पैर पकड़कर रोया पीड़ित:हाथ जोड़कर बोला- आप आश्वासन देकर चले जाएंगे, कुछ होगा नहीं, VIDEO देखिए

बिजनौर में गंगा नदी बैराज के अपस्ट्रीम में बने तटबंध पर कटान कर रही है। तटबंध का करीब तीन किलोमीटर हिस्सा गंगा में समा गया है। आसपास के लोग दहशत में हैं। मंगलवार को कैबिनेट मंत्री कपिल देव अग्रवाल तटबंध का जायजा लेने पहुंचे। तभी एक व्यक्ति मंत्री के सामने फूट-फूटकर रोने लगा। वह मंत्री के पैरों में गिर पड़ा। रोते हुए बोला- आप आश्वासन देकर चले जाएंगे, कुछ नहीं होगा। यह बंधा आज ही टूट जाएगा। इतना कहकर उसने हाथ जोड़े और मंत्री के पैर छू लिए। मंत्री ने ग्रामीण का हाथ थामकर उसे ढांढस बंधाया। आसपास मौजूद कई लोगों ने कहा- मंत्रीजी, बंधा टूटा तो सब बर्बाद हो जाएगा। मंत्री ने अफसरों को तटबंध की मरम्मत के निर्देश दिए। कहा- काम में कोई लापरवाही न बरती जाए। अब जानिए पूरा मामला… दरअसल यूपी के व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल मंगलवार दोपहर 1:30 बजे गंगा बैराज पहुंचे। यहां अधिकारियों के साथ बैठक की। करीब 2:30 बजे वहां से 6 किलोमीटर दूर क्षतिग्रस्त रावली बैराज स्थित तटबंध का निरीक्षण किया। मंत्री यहां करीब एक घंटा से ज्यादा समय तक रुके। लगभग शाम 4:15 गंगा बैराज के शीश महल पर पहुंचे। अधिकारियों के साथ मीटिंग की। मंत्री ने ग्रामीण का हाथ पकड़ा, ढांढस बंधाया
तटबंध के निरीक्षण के दौरान एक ग्रामीण रोते हुए मंत्री के पास पहुंचा। उसने मंत्री के पैर छूकर तटबंध को बचाने की गुहार लगाई। कहा- सब बर्बाद हो रहा है। आप कुछ करिए। इतना सुनते ही मंत्री ने उसका हाथ पकड़ लिया। उसे ढांढस बंधाया। कहा- सब ठीक हो जाएगा। क्षतिग्रस्त तटबंध की मरम्मत कराने के निर्देश दिए
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को उनके उपकरणों की मदद से क्षतिग्रस्त तटबंध की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन सभी नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सीएम से मिलकर सीधे निरीक्षण करने पहुंचा हूं
मीडिया से बात करते हुए प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया– तटबंध के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी चिंतित हैं। दो दिन पहले हमारे विभाग का कार्यक्रम था। वहां भी मुख्यमंत्री ने इसके बारे में जानकारी ली। मैं वहीं से लौटकर सीधा यहां पहुंचा हूं। उन्होंने बताया, यहां पर सभी अधिकारी और कर्मचारी काम में जुटे हुए हैं। मंत्री ने ग्रामीणों का किया धन्यवाद
मंत्री ने ग्रामीणों का धन्यवाद किया। कहा– ग्रामीण यहां खुद मेहनत कर बंधे को बचाने में जुटे हुए हैं। यह बंधा न टूटे, यहां पर कोई जनहानि ना हो, किसी पशु को नुकसान न हो, इसके लिए हम गंभीर हैं। लापरवाही के सवाल पर कहा– इस बार बारिश ज्यादा हुई है। जिस कारण यह स्थिति हुई। उन्होंने कहा कि कुछ विषय उनके सामने आए हैं, उसके लिए अफसरों को निर्देश दिए हैं। कोई भी लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के बाद उन्होंने शीश महल में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। सिंचाई विभाग को अतिरिक्त पोकलेन मशीनें लगाने का आदेश दिया। मरम्मत कार्य में किसी तरह की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। 20 हजार की आबादी प्रभावित होने की आशंका
गंगा बैराज रावली तटबंध क्षेत्र में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। इस इलाके के करीब एक दर्जन से अधिक गांवों की 18 से 20 हजार की आबादी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। अगर तटबंध टूटा और पानी गांवों में घुसा तो नेशनल हाईवे-134 पर भी पानी भर जाएगा। फिलहाल एहतियातन हाईवे पर बड़े वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। चार गांवों के ग्रामीण तटबंध को मजबूत करने में जुटे
तटबंध को बचाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। सैकड़ों मजदूर, सिंचाई विभाग के अधिकारी, नेशनल हाईवे विभाग के कर्मचारी और आसपास के चार गांवों के ग्रामीण अपने-अपने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ तटबंध को मजबूत करने में जुटे हुए हैं। हालात गंभीर होने के कारण कुछ ग्रामीण तटबंध के सुरक्षित हिस्से पर टेंट लगाकर रहने को भी मजबूर हैं। ———————————- ये खबर भी पढ़ें… झांसी में डॉक्टर पर जानलेवा हमला, VIDEO, चैंबर में घुसकर थप्पड़ जड़े; चाकू से वॉर किया झांसी के संजीवनी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. मंदीप मैडिया पर सोमवार को जानलेवा हमला किया गया। एक दर्जन के करीब नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े उनके केबिन में घुसकर मारपीट की। पढ़ें पूरी खबर…