भलभद्रपुर में बुढ़वा मंगल पर धार्मिक आयोजन:कजरी मुकाबले में जोगिंदर भारती ने जीता प्रथम स्थान

रामनगर के भलभद्रपुर गांव स्थित हनुमान मंदिर परिसर में मंगलवार को बुढ़वा मंगल के अवसर पर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अखंड रामायण पाठ, एक मेला और कजरी मुकाबले का आयोजन हुआ। आसपास के गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम प्रधान प्रमिला देवी (पत्नी शोभनाथ पटेल) की ओर से किया गया। ग्राम प्रधान ने बताया कि बुढ़वा मंगल पर हनुमान मंदिर परिसर में यह आयोजन पिछले लगभग 35 वर्षों से लगातार होता आ रहा है। यह परंपरा ग्रामीणों के लिए विशेष महत्व रखती है। अखंड रामायण पाठ के समापन के बाद मंदिर परिसर में मेले का आयोजन किया गया। मेले में बच्चों, महिलाओं और पुरुषों की भीड़ देखी गई। लोगों ने विभिन्न दुकानों पर खरीदारी की, जबकि बच्चों ने झूलों और अन्य मनोरंजक साधनों का आनंद लिया। शाम को आयोजित कजरी मुकाबला कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। इसमें कजरी गायिका प्रियंका बागी और जोगिंदर भारती ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। दोनों कलाकारों ने अपनी कजरी से दर्शकों का मनोरंजन किया। मुकाबले में जोगिंदर भारती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कजरी का यह कार्यक्रम शाम करीब सात बजे तक चला। इस अवसर पर छोटेलाल पटेल, बेचूराम प्रजापति, उदयराज पटेल, संजय पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।