मंगलसूत्र लूटने वाले का एनकाउंटर, महिला हाथ जोड़कर बोली-थैंक्यू सर:कानपुर पुलिस ने पैर में गोली मारी; एक को दौड़ाकर दबोचा

कानपुर में महिला सिविल डिफेंस कर्मी से मंगलसूत्र लूटने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मंगलवार रात एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक बदमाश को पैर में गोली मारकर पकड़ा गया, जबकि दूसरे को दौड़ाकर दबोच लिया गया। बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने महिला से उनकी शिनाख्त कराई। मंगलसूत्र बरामद होने पर महिला ने डीसीपी ईस्ट के सामने हाथ जोड़कर कहा- “अच्छा सबक सिखाया, थैंक्यू सर…” उधर, एनकाउंटर के दौरान की एक फोटो भी चर्चा में है। फोटो में एक बदमाश फिल्मी अंदाज में जमीन पर लेटा नजर आ रहा है। उसके दाएं हाथ में तमंचा है, जबकि बायां हाथ सिर के पीछे रखे हुए है। पैर आराम से मोड़े हुए दिख रहा। पुलिस के मुताबिक, यह फोटो एनकाउंटर के बाद की है। दरअसल, चकेरी थाना क्षेत्र में 21 मार्च को एक घंटे के भीतर बदमाशों ने दो वारदातों को अंजाम दिया था। वे एक महिला का मंगलसूत्र और दूसरी महिला का पर्स छीनकर फरार हो गए थे। 21 मार्च की शाम ताबड़तोड़ 2 घटनाएं हुईं महिला सिविल डिफेंस कर्मी अनीता श्रीवास्तव, मंगला विहार प्रथम न्यू पीएसी लाइन में रहती हैं। 21 मार्च को IIT के पास एक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। वहां से शाम 6 बजे लौटते समय मोहल्ले में मामा पीसीओ के पास सड़क पार कर रही थीं। तभी अचानक से दूसरी तरफ से बाइक सवार दो लुटेरे आए। झपट्‌टा मारकर गले से मंगलसूत्र खींच लिया और फरार हो गए। महिला ने शोर मचाया और तत्काल डायल 112 पर लूट की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका। महिला की शिकायत पर चकेरी थाने में लूट का मुकदमा दर्ज किया गया। उधर, इस वारदात के बाद चकेरी थाना क्षेत्र में ही करीब एक घंटे बाद बदमाशों ने एक और छिनैती की। शाम करीब 7 बजे बदमाश एक महिला का पर्स छीनकर भाग गए। हालांकि, इसकी शिकायत थाने में दर्ज नहीं कराई गई। एक घंटे में दो महिलाओं के साथ छिनैती पर पुलिस सक्रिय चकेरी में एक घंटे के भीतर दो महिलाओं के साथ छिनैती की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने बताया- मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे चकेरी पुलिस को सूचना मिली कि सनिगवां के अलखनंदा रेलवे ओवरब्रिज के पास दो बाइक सवार युवक लूट की फिराक में हैं। चकेरी पुलिस ने घेराबंदी की। बाइक पर सवार दो बदमाश आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रूकने का इशारा किया, लेकिन वे पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर पुलिस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली पीछे बैठे बदमाश के पैर में लगी। इससे बाइक का बैलेंस बिगड़ा और दोनों बाइक सवार आगे जाकर गिर पड़े। पुलिस ने पहले पीछे बैठे बदमाश को पकड़ा। इसके बाद भागने की कोशिश कर रहे बदमाश को दौड़ाकर पकड़ लिया। डीसीपी ईस्ट के अनुसार, जिस बदमाश को गोली लगी, उसने अपना नाम एहतिशाम बताया। वह बाबूपुरवा का रहने वाला है। जबकि दूसरा किदवई नगर का रियान है। आरोपियों के पास से लूटा हुआ मंगलसूत्र, एक तमंचा, दो खोखे कारतूस समेत एक बाइक बरामद की है। एनकाउंटर के बाद महिला से बदमाश की कराई पहचान डीसीपी सत्यजीत गुप्ता ने बताया- एनकाउंटर के बाद लूट का शिकार सिविल महिला डिफेंसकर्मी अनीता श्रीवास्तव को मौके पर बुलाया गया। वह भी रात में लगभग 12 बजे पहुंचीं। यहां उन्होंने बदमाश की पहचान की। अनीता ने बताया कि घटना के समय एहतिशाम ने ही मंगलसूत्र खींचा था, जबकि रियान बाइक चला रहा था। कहा- सर मेहनत की कमाई छीन ली थी, अब सबक मिला है, बहुत-बहुत धन्यवाद…। डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने बताया- घायल एहतिशाम को कांशीराम अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। आरोपियों ने घटना के दिन अनीता श्रीवास्तव से मंगलसूत्र लूटने के अलावा मंगला विहार प्रथम में भी एक महिला का पर्स लूटा था, जिसमें महिला का पर्स में रखा मोबाइल भी बरामद किया है। आरोपियों का अपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
———————–
ये खबर भी पढ़ें… यूपी में पाकिस्तान ने जासूसों का नेटवर्क फैलाया:500 रुपए में मंदिरों-रेलवे स्टेशनों की लोकेशन भेजी; VIDEO देखिए यूपी का गाजियाबाद इन दिनों पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के जासूसी नेटवर्क को लेकर सुर्खियों में है। कुछ ही दिनों में 21 संदिग्ध जासूसों की गिरफ्तारी ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर ला दिया है। जांच में सामने आया है कि ये लोग बेहद शातिर तरीके से काम कर रहे थे। पढ़िए पूरी खबर