मंगेतर से बात करने के बाद जेलकर्मी ने सुसाइड किया:कमरे में फंदे से लटका मिला शव; प्रयागराज की नैनी जेल में तैनात था

प्रयागराज की नैनी जेल में तैनात एक जेलकर्मी ने फांसी लगा दी। पृथ्वीराज चौहान (26) 2021 से नैनी जेल में बंदी रक्षक के पद पर तैनात थे। जेल सूत्रों के मुताबिक, उनकी जल्द ही शादी होने वाली थी। सुसाइड से पहले उन्होंने आखिरी बार अपनी मंगेतर से फोन पर बात की थी। पृथ्वीराज मूल रूप से मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद गोहना स्थित उम्मनपुर के रहने वाले थे। नैनी जेल के पास ही प्रयागपुरम कॉलोनी में किराए पर रहते थे। रविवार को रोज की तरह ड्यूटी पर गए। दिन में वीडियो कॉल पर पिता प्रभुनाथ से बात की। हाल-चाल जाना। फिर काम में लग गए। शाम को ड्यूटी से वापस आए। इसके बाद मंगेतर ने कई बार फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। काफी देर होने पर पिता को बताया। उन्होंने पड़ोस में रहने वाले एक युवक को फोन किया और खबर देने को कहा। युवक पहुंचा तो आवाज देने के बाद भी जवाब नहीं मिला। रोशनदान से झांक कर देखा तो पृथ्वीराज फंदे पर लटके दिखाई दिए। सूचना पर जेल अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। 3 तस्वीरें… पिता टाइल्स का काम करते हैं, प्रयागराज आते जाते रहते हैं पृथ्वीराज चौहान के पिता प्रभुनाथ टाइल्स का काम करते हैं। वह प्रयागराज आते जाते रहते हैं। उन्होंने बताया- रविवार को दोपहर में बेटे पृथ्वीराज का फोन आया था। उसने बहन के मोबाइल पर वीडियो कॉल की थी। बेटा मेरे से पूछ रहा था कि पापा कब आ रहे हैं। मैंने कहा- अभी एक-दो दिन का काम बचा है। इसके बाद मैं आऊंगा। 4 भाई-बहनों में सबसे बड़ा था पृथ्वीराज पिता प्रभुनाथ ने बताया- पृथ्वीराज 4 भाई बहनों में सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई प्रिंस और दो बहनें नीतू और रितू हैं। बेटियों की शादी नहीं हुई है। पृथ्वीराज की सगाई भी कर दी थी। जल्दी शादी करने की तैयारी थी। रात में उसकी मंगेतर का फोन आया कि पृथ्वी फोन नहीं उठा रहे हैं। तब हमें चिंता हुई। पड़ोसी को फोन किया तो अनहोनी का पता चला। कोई परेशानी की बात नहीं थी केंद्रीय कारागार नैनी के वरिष्ठ जेल अधीक्षक विजय विक्रम सिंह ने बताया- पृथ्वीराज ड्यूटी करके गए थे। कोई परेशानी की बात नहीं थी। क्या बात हुई, कुछ वजह सामने नहीं आ पाई है। डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया- शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। अभी तक कोई वजह सामने नहीं आई है। घरवाले भी कुछ बता नहीं पा रहे हैं। ————————-
ये खबर भी पढ़ें मथुरा के सरकारी स्कूल में टीचर ने जबरन नमाज पढ़वाई; बच्चों पर इस्लाम अपनाने का दबाव बनाया, राष्ट्रगान गाने पर डांटता था, सस्पेंड मथुरा के सरकारी स्कूल में बच्चों से नमाज पढ़वाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि टीचर बच्चों का ब्रेनवॉश कर जबरन नमाज पढ़वाता। इस्लाम अपनाने का दवाब बनाने के लिए उसे बाकी धर्मों से अच्छा बताता। देवी-देवताओं को लेकर अमर्यादित बातें बोलता और बच्चों को राष्ट्रगान गाने पर डांटता था। पढ़िए पूरी खबर