मंत्री के बेटे की फॉर्च्यूनर से कुचलकर युवक की मौत:परिजनों का हंगामा, मां बेहोश; 50 लाख और गिरफ्तारी की डिमांड पर अड़े

ललितपुर में राज्यमंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी के बेटे की फॉर्च्यनर की टक्कर से घायल युवक की मौत हो गई। मृतक युवक के परिजनों ने जीरोन के पास हावड़ा पुल के निकट ललितपुर–जाखलौन मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजन मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी और 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की मांग कर रहे हैं। धरना सात घंटे से चल रहा है। परिजनों ने बीच सड़क पर शव रख दिया है। एक खंभा गिराकर आवाजाही रोक दी है। अब वहां पर एक टेंट लगाकर ग्रामीण और परिजन बैठ गए हैं। धरने में बैठी मृतक युवक की मां बेहोश हो गई हैं। वहीं अब भीम आर्मी जिला प्रभारी हरपाल सिंह , जिलाध्यक्ष रमाकांत चौधरी और सपा जिलाध्यक्ष नेपाल यादव भी मौके पर पहुंच गए हैं। सात घंटे से चल रहे धरने में पुलिस अधिकारी लगातार परिजनों को समझाने में लगे हैं। अब जानिए पूरा मामला… मामला थाना जाखलौन क्षेत्र के बरखेरा गांव का है। 26 जनवरी की रात करीब एक बजे अनुज यादव (21) अपने चचेरे भाई शिवेंद्र यादव (18) और शंकर (45) के साथ सुंदरकांड पाठ के कार्यक्रम से बाइक पर घर लौट रहा था। इसी दौरान जाखलौन से ललितपुर की ओर आ रहा राज्यमंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी का बेटा नरेश पंथ अपने साथियों के साथ जा रहा था। फॉर्च्यूनर की स्पीड 80 से ज्यादा थी। कार ने हावड़ा पुल के पास बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फॉर्च्यूनर के एयरबैग खुल गए। चारों दरवाजे लॉक हो गए। इसके बाद, कार में सवार सभी लोग पीछे की खिड़की तोड़कर बाहर निकले। जब लोगों ने विरोध किया, तो मंत्री के बेटे ने बंदूक दिखाकर लोगों को धमकाया। रात का फायदा उठाकर सभी लोग भाग गए। इस हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहीं गांव वालों ने घायलों के परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने तीनों घायल भाइयों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां रात में इलाज के दौरान शिवेंद्र यादव की मौत हो गई। जबकि अनुज और शंकर का इलाज जारी रहा। हालत गंभीर होने पर दोनों को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। दोनों का वहां इलाज चल रहा था। 13 दिन बाद दूसरे भाई की भी मौत अनुज यादव का झांसी मेडिकल कॉलेज में 13 दिन तक इलाज चला, लेकिन रविवार शाम दम तोड़ दिया। अनुज दो भाइयों में छोटा था और पेट्रोल पंप पर काम करता था। फॉर्च्यूनर कार राज्यमंत्री की पत्नी कस्तूरी देवी के नाम पर पंजीकृत बताई जा रही है। कोर्ट में सरेंडर कर ले ली जमानत परिजनों ने एक्सीडेंट वाले दिन ही मंत्री के बेटे नरेश पंथ के खिलाफ शिकायत दर्जद कराई थी। 3 फरवरी को मंत्री के बेटे नरेश पंथ ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था, फिर उसी दिन जमानत ले ली। मामले में पुलिस की ओर लापरवाही और गिरफ्तारी न होने और एक मौत हो जाने के बाद से परिजन और ग्रामीणों ने ललितपुर–जाखलौन मार्ग को खंभा लगाकार बंद कर दिया। इसके बाद शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। 3-4 घंटे के धरने के बाद भी जब सुनवाई नहीं हुई को ग्रामीणों और परिजनों ने बीच सड़क पर ही टेंट लगा दिया। धरने में मृतक अनुज की मां भी बैठी थी। वह धरने में बेहोश हो गईं। टेंट लगाकर 7 घंटे से कर रहे प्रदर्शन परिजनों ने उन्हें संभालने में लगे हुए हैं। वहीं धरने को सात घंटे से ज्यादा हो गया है। धरने में 200 से ज्यादा लोग बैठे हुए हैं। वहीं अब धरने में अब भीम आर्मी जिला प्रभारी हरपाल सिंह , जिलाध्यक्ष रमाकांत चौधरी और सपा जिलाध्यक्ष नेपाल यादव भी मौके पर पहुंच गए हैं। सात घंटे से चल रहे धरने में पुलिस अधिकारी लगातार परिजनों को समझाने में लगे हैं। मृतक शिवेंद्र के पिता ने कहा- जल्द गिरफ्तारी हो मृतक शिवेंद्र के पिता राजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मंत्री मनोहर लाल पंत के बेटे नरेश पंथ ने 26 तारीख को फॉर्च्यूनर से मेरे बेटे समेत तीन लोगों को को टक्कर मार दी थी। इस घटना में मेरा बेटे शिवेंद्र प्रताप सिंह यादव की इलाज के दौरान करीब ढाई घंटे बाद मौत हो गई। दूसरा घायल अनुज, जो मेरा भतीजा था, पहले निजी अस्पताल और फिर 14 दिन तक झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती रहा। बाद में मंत्री के हस्तक्षेप से उसे सरकारी अस्पताल में शिफ्ट कराया गया, लेकिन उचित इलाज न मिलने के कारण उसकी भी मौत हो गई। तीसरे घायल, हमारे गांव के शंकर नन्ना, अभी मौत और जिंदगी के बीच जूझ रहे हैं और उनकी हालत बेहद गंभीर है। हमारी मांग है कि शिवेंद्र और अनुज के परिजनों को 50-50 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाए और घायल शंकर नन्ना के इलाज के लिए कम से कम 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही हम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से मांग करते हैं कि पीड़ित परिवारों के भरण-पोषण के लिए एक-एक सरकारी नौकरी दी जाए। अनुज के बड़े भाई को, हमारे बड़े बेटे को और शंकर नन्ना के बड़े बेटे को नौकरी दी जाए, ताकि वे अपने परिवार का पालन कर सकें। हमारी यह भी मांग है कि मंत्री मनोहर लाल पंत के पुत्र मनोहर नरेश को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और मामले में लगाई गई धाराओं को गंभीर धाराओं में बदला जाए। इस संबंध में हम मुख्यमंत्री, पुलिस प्रशासन, एसपी, डीएम और झांसी के सभी उच्च अधिकारियों से न्याय की अपील करते हैं। ——————————————– ये खबर भी पढ़ेंः- 4 दिन से लापता दरोगा का सरयू में शव मिला:बस्ती में ADM भाई-PCS भाभी धरने पर बैठे, बोले- ये मर्डर; आखिरी CCTV सामने आया अयोध्या में सरयू नदी से सीनियर दरोगा (SSI) अजय गौड़ का शव मिलने के बाद ADM भाई और उनकी PCS पत्नी ने बस्ती में धरना शुरू कर दिया है। ADM भाई अरुण कुमार ने आरोप लगाया कि यह प्लांड मर्डर है। पुलिस ने अपना काम ठीक से नहीं किया। पूरे थाने को सस्पेंड कर सीओ पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। पढ़े पूरी खबर…