मंत्री स्वतंत्र देव ने 1 घंटे की मंदाकिनी की सफाई:अखिलेश यादव का तंज- जनता इनको साफ करेगी; नदी में गिरने से राज्यमंत्री का हाथ टूटा

चित्रकूट में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को 1 घंटे तक मंदाकिनी नदी की सफाई की। उनके साथ जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद समेत स्थानीय भाजपा नेता भी सफाई करने उतरे। सभी ने हाथ से नदी के अंदर से गंदगी निकाली, जलकुंभी के पौधे हटाए। फिर गंदगी को डलिया में भरकर ट्रक में डाला। इन लोगों ने मिलकर मंदाकिनी नदी से करीब 3 ट्रक गंदगी निकाली। इस पूरे वाकए का वीडियो सामने आते ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने X पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा- भाजपा की सफाई भी जुमलाई! अब भाजपा को जनता साफ करेगी। बता दें, इस सफाई अभियान के दौरान जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद नीचे गिर गए। इससे उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। पहले 2 तस्वीरें मंदाकिनी स्वच्छता कार्यक्रम में शामिल हुए मंत्री
जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह रविवार को पंडित दीनदयाल शोध संस्थान के ‘मां मंदाकिनी स्वच्छता’ कार्यक्रम में शामिल होने चित्रकूट पहुंचे थे। इस दौरान ही वह खुद सफाई करने नदी में उतर गए। उनको देखकर साथ के अन्य लोग भी सफाई करने नदी में उतर गए। मंदाकिनी नदी का सफाई अभियान अभी कल भी चलेगा। इसमें मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और तुलसीराम समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। यह सफाई अभियान सती अनुसुइया से राजापुर तक चलेगा। यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा के बीच आता है। राज्यमंत्री रामकेश निषाद का हाथ टूटा चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के सफाई अभियान में स्वतंत्र देव के साथ जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद भी उतरे। वह सफाई अभियान में जुटे थे। तभी रामकेश निषाद असंतुलित होकर फिसल गए और नदी में गिर पड़े। इससे उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। हादसे के बाद उन्हें तुरंत मेडिकल टीम की सहायता से इलाज के लिए ले जाया गया। उनके दाएं हाथ पर प्लास्टर चढ़ाया गया है। स्वतंत्र देव बोले- सरकार के साथ जन आंदोलन जरूरी है
कार्यक्रम के दौरान मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- नदियों की स्वच्छता के लिए सरकार के साथ जन आंदोलन जरूरी है। चित्रकूट धाम मंडल में जल जीवन मिशन के तहत “हर घर नल योजना” का 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है। बुंदेलखंड में अब उद्योग स्थापित हो रहे हैं। लोगों को रोजगार मिल रहा है। ऑपरेशन सिंदूर पर उन्होंने कहा कि जो भी भारत को डिस्टर्ब करेगा, उसे अंदर घुसकर मारेंगे। सपा, बसपा और कांग्रेस हमेशा से ही बीजेपी का विरोध करती आई हैं। जनसंघ की स्थापना से ही कांग्रेस कम्युनिस्टों के साथ मिलकर राष्ट्रवाद पर हमला करती रही है। चाहे वो अनुच्छेद 370 की बात हो, राम मंदिर की, वंदे मातरम् की या भारत माता की जय के उद्घोष की, कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्रभक्तों को सांप्रदायिक बताया। मंत्री ने कहा- क्या वंदे मातरम् कहना, अपने आपको हिंदू कहना या राम मंदिर की बात करना सांप्रदायिक है? यही लोग अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान नेता को भी सांप्रदायिक बताने से नहीं चूके। लेकिन, हम अपने पथ पर अटल हैं। हम पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को लेकर चल रहे हैं। एक हाथ में विकासवाद, तो दूसरे में राष्ट्रवाद। ———————— यह खबर भी पढ़ें- गाजियाबाद में ACP ऑफिस की छत गिरी, दरोगा की मौत, पत्नी बोलीं- 24 घंटे काम करवाते थे, इसलिए यहीं सो गए थे गाजियाबाद में रविवार तड़के भयंकर आंधी-बारिश के चलते एसीपी ऑफिस की छत गिर गई। ऑफिस के अंदर सो रहे दरोगा की मलबे में दबकर मौत हो गई। सुबह जब अन्य पुलिस कर्मी ऑफिस पहुंचे, तब घटना का पता चला। यहां पढ़ें पूरी खबर