मऊ जिला कलेक्ट्रेट में यादव समाज के दर्जनों लोगों ने ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह फिल्म एक विशेष जाति को बदनाम करने के उद्देश्य से बनाई गई है। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म पर तत्काल रोक लगाने और इसके निर्माताओं पर कार्रवाई की मांग की। यादव महासभा के जिलाध्यक्ष सूर्यभान ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में ‘यादव जी की लव स्टोरी’ नामक विवादित फिल्म पर रोक लगाने और इसके निर्माताओं व कलाकारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। बृजेश यादव ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से इस फिल्म के बारे में जानकारी मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में एक विशेष जाति पर आधारित प्रेम प्रसंग दर्शाया गया है, जो निंदनीय है। बृजेश यादव के अनुसार, किसी विशेष जाति को लक्षित करना या उसे किसी अन्य धर्म से जोड़कर फिल्म बनाना प्रदेश के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने का प्रयास है। उन्होंने फिल्म की रिलीज से पहले उस पर तत्काल रोक लगाने और निर्माताओं व कलाकारों पर कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई। इस प्रदर्शन के दौरान सूर्यभान यादव, बृजेश यादव, सर्वजीत यादव, प्रिंस यादव, हरेंद्र यादव, उमेश यादव, रामाश्रय यादव, रामविलास यादव, भगवान यादव, सीताराम यादव, सूर्यनाथ यादव और विजय यादव सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।