यूपी में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 48 घंटे में 12 लोगों की मौत हो गई। शनिवार शाम को शुरू हुई बारिश रविवार सुबह भी जारी रही। काशी, गोंडा और सल्तानपुर में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। 40-50 किमी. की रफ्तार से हवा चल रही है। इससे पहले, शनिवार को बेमौसम बारिश का सबसे ज्यादा असर कानपुर में देखने को मिला। यहां धूल भरी आंधी के बाद तेज बारिश हुई। ओले गिरे। हैलट अस्पताल में पानी भर गया। अलग-अलग जगहों पर 200 से ज्यादा पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए। बरगद का पेड़ चलते ऑटो पर गिर पड़ा। ऑटो ड्राइवर और 60 साल की महिला की मौत हो गई। महिला बेटी के साथ दवा लेने गई थी। ललितपुर, झांसी और जालौन में भी ओले गिरे। सड़क और खेतों में ओलों की चादर बिछ गई। इससे गेहूं और सरसों की फसल को नुकसान हुआ। सीतापुर में बिजली गिरने से घर में आग लग गई। मां-बेटी की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 7 साल की बच्ची झुलस गई। लखनऊ में 1 मार्च से अब तक 19.4 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से 165 फीसदी अधिक है। आंधी-बारिश और बिजली से कानपुर में 4 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद सीतापुर में 3, वाराणसी और चित्रकूट में 2-2, जबकि ललितपुर में 1 व्यक्ति की जान गई है। मौसम विभाग ने आज यानी रविवार को 23 जिलों में बारिश और 15 जिलों में ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम बदल गया है। आज और कल ज्यादातर जगहों पर मौसम साफ रहने की संभावना है। 7 अप्रैल से फिर से मौसम बदलेगा। आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। 9 अप्रैल तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। मौसम की तस्वीरें देखिए… योगी बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अफसर अलर्ट पर रहें सीएम योगी ने कहा है कि बारिश से किसानों को जो नुकसान हो रहा है, उसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से नुकसान की रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा- सभी अधिकारी अलर्ट मोड पर रहें। सुनिश्चित करें कि आपदा का असर किसानों पर कम से कम पड़े। अगर कहीं जान-माल या पशुओं का नुकसान हुआ है, या कोई घायल हुआ है, तो 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिलाया जाए। मौसम के पल-पल के अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…