मथुरा में राधा रानी मंदिर के पास गिरी बिजली:प्रयागराज में 5वीं बार हनुमानजी का गंगा स्नान; आगरा में कार-बाइकें डूबीं

यूपी में बारिश-बाढ़ जारी है। प्रयागराज में फिर गंगा-यमुना नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। इस सीजन में 5वीं बार शुक्रवार को लेटे हनुमान जी के गर्भगृह में त्रिवेणी का पानी पहुंचा है। मंदिर के मुख्य पुजारी महंत बलबीर गिरि ने बताया, 5वीं बार मां गंगा और यमुना जी ने अपने पुत्र श्री लेटे हुए हनुमान जी को स्नान कराया है। इससे पहले 1978 में 7 बार मां गंगा हनुमानजी के गर्भगृह तक पहुंची थीं। यानी 47 साल में पहली बार हनुमान जी जल शयन में हैं। मान्यता है कि हर वर्ष गंगा और यमुना मां बड़े हनुमान जी का अभिषेक कराने मंदिर में प्रवेश करती हैं। जिस वर्ष गंगा और यमुना नदियां अभिषेक नहीं कराती हैं, उस साल को शुभ नहीं माना जाता है। प्रयागराज ही ऐसा इकलौता शहर है, जहां लोग बाढ़ आने का इंतजार करते हैं। मथुरा में शुक्रवार शाम तेज बारिश हुई। तीन जगहों पर बिजली गिरी। राधा रानी मंदिर के पास एक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी। मंदिर का सोलर सिस्टम फेल हो गया। मंदिर के टीन शेड और आसपास के घरों में करंट फैल गया। आगरा में तेज बारिश से सड़कें डूब गईं। 50 से अधिक जगहों पर सड़कों पर 4 फीट तक पानी भर गया। इससे बाइकें-कार डूब गईं। यमुना खतरे के अलर्ट निशान से 3 फीट ऊपर पहुंच गई है। ताजमहल की बाउंड्री तक पानी पहुंच गया है। इसके पीछे बना पार्क डूब गया है। हथिनी कुंड बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने से गाजियाबाद में यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। 7 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। घर एक मंजिल तक डूब गए हैं। शाहजहांपुर में गर्रा और खननौत नदी का पानी शहर में घुस चुका है। ककरा पुल को बंद कर दिया गया है। लखीमपुर खीरी में शुक्रवार सुबह बाढ़ के पानी के बीच ट्रैक्टर ट्रॉली पर महिला की डिलीवरी हो गई। प्रसव पीड़ा होने पर परिवार के लोगों ने मदद मांगी थी। लेखपाल मौके पर ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर पहुंचे। महिला को अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में प्रसव पीड़ा बढ़ गई। बाढ़ के बीच तिरपाल लगाकर महिलाओं ने ट्रॉली पर प्रसव कराया। ललितपुर में सुबह 8 बजे राजघाट बांध के 10 गेट खोल दिए गए। गेट खोलकर 1 लाख 55 हजार 992 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। मथुरा के पर्यटन थाने में पानी भर गया। यहां यमुना खतरे के निशान से 55 सेमी ऊपर बह रही है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक, अगस्त में सामान्य बारिश हुई थी। अब मानसून अपने आखिरी चरण में है। अगले 5 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज बारिश की संभावना है। 3 तस्वीरें देखिए- आज कहां हो सकती है बारिश, जानिए । बाढ़ और बारिश से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…