मथुरा में विश्व हिंदू परिषद के शिक्षा वर्ग का आगाज:200 कार्यकर्ता हुए शामिल, संगठन की विचारधारा और कार्यपद्धति पर चर्चा

मथुरा में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की ओर से मेरठ क्षेत्र का 10 दिवसीय परिषद शिक्षा वर्ग शुरू किया गया। इस शिक्षा वर्ग में मेरठ, ब्रज और उत्तराखंड प्रांत के 200 से अधिक पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। वर्ग का शुभारंभ विहिप के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक दिनेश चंद्र ने किया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र से पहले अतिथियों ने गौ माता और भारत माता का पूजन किया। इसके बाद राम दरबार, चक्रधारी श्रीकृष्ण और भारत माता के चित्रों पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में महंत प्रहलाद दास महाराज, जगतगुरु भैया जी महाराज, स्वामी देवस्वरूपानंद महाराज, क्षेत्र संगठन मंत्री मुकेश खांडेकर, प्रांत अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल, वर्ग प्रमुख यशपाल और वर्ग पालक रविन्द्र लांबा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन सत्र में संतों ने अपने आशीर्वचन दिए। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा और कार्यपद्धति से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण देने की शुरुआत की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिनेश चंद्र ने कहा कि शिक्षा वर्ग कार्यकर्ताओं के निर्माण का माध्यम हैं। ऐसे वर्गों से संगठन को मजबूती मिलती है और कार्यकर्ताओं में सेवा व संगठनात्मक क्षमता का विकास होता है। इस अवसर पर क्षेत्र सेवा प्रमुख मुकेश शुक्ला, प्रांत संगठन मंत्री राजेश कुमार, प्रांत सह मंत्री राकेश त्यागी, अभय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष गोकुलेश गौतम, वत्सल भाटिया, नितिन चौधरी, पवन शर्मा और आशीष शर्मा समेत अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।