माता प्रसाद को लखनऊ, बर्क को संभल में रोका:सपा सांसद-विधायक आज बरेली जा रहे; बोले- वहां एक समुदाय डरा है; इंटरनेट बंद

बरेली में आज शनिवार शाम तक इंटरनेट बंद है। बवाल के 8 दिन के बाद आज सपा का डेलीगेशन बरेली जा रहा है। इसमें सपा के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय सहित 14 सांसद और विधायक हैं। लखनऊ में माता प्रसाद पांडेय तो संभल में सांसद बर्क को पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया है। उनके घर के बाहर भारी फोर्स तैनात है। माता प्रसाद पांडेय ने कहा- हमें बरेली जाने से रोका जा रहा है। पुलिस कानून-व्यवस्था की स्थिति खुद बिगाड़ी है। अगर दो समुदायों में झड़प होती, तो मैं मान लेता कि कोई गंभीर घटना घटी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के बाद बड़े पैमाने पर अन्याय हो रहा है। मुकदमा एक व्यक्ति पर लिखा जाता है और गिरफ्तारी 4 लोगों की होती है। वहां एक समुदाय बहुत डरा हुआ है और वो पुलिस-प्रशासन से भयभीत है। उनका दूसरे समुदाय से कोई झगड़ा नहीं है। वहीं, संभल में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क को देर रात 2 बजे से पुलिस ने उनके दीपा सराय मोहल्ले स्थित आवास पर नजरबंद कर दिया। बर्क के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है। सपा के अन्य सांसदों में हरेंद्र मलिक, इकरा हसन और मोहिबुल्लाह नदवी के बरेली पहुंचने की भी संभावना थी, लेकिन उनके जिलों में भी पुलिस उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही है। बता दें कि बरेली में पिछले जुमे पर ‘आई लव मोहम्मद’ मामले को लेकर बवाल हुआ था। इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा ने ‘आई लव मोहम्मद’ पर हुई एफआईआर के खिलाफ रैली बुलाई थी। प्रशासन ने इसकी परमिशन नहीं दी थी। सख्ती के बावजूद कई जगह बवाल हुआ। पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को कुछ इनपुट मिले थे, जिसके बाद 2 अक्टूबर को ही इंटरनेट बंद कर दिया गया। पुलिस ने दावा किया था कि बरेली में बवाल करने की साजिश थी। मास्टरमाइंड मौलाना तौकीर रजा है। बरेली बवाल को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज की गईं। 2500 उपद्रवियों में 200 नामजद किए गए। अब तक उपद्रव करने वाले 81 लोगों को जेल भेजा जा चुका है। देखिए बरेली हिंसा की तस्वीरें..