यूपी में मानसून एक्टिव है। मिर्जापुर में लगातार बारिश से शनिवार दोपहर पहाड़ दरक गए। रीवा नेशनल हाईवे पर एक किमी के दायरे में 6 जगहों पर भूस्खलन हुआ। पहाड़ से मिट्टी, मलबा और पत्थर हाईवे पर आ गया। इससे आवाजाही पर असर पड़ा। मलबे को हटाया गया है। कानपुर, प्रयागराज, फर्रुखाबाद में तेज बारिश हुई। कानपुर में सड़कों पर एक फीट पानी भर गया। महोबा में कचहरी-अस्पताल और सड़कों पर 2 फीट तक पानी भरा दिखा। इधर, बारिश यूपी की नदियां उफान पर हैं। काशी में महाश्मशान मणिकर्णिका घाट आधा डूब गया। अब छत पर अंतिम संस्कार किया जा रहा। यहां 4 दिन में गंगा का जलस्तर 15 फीट बढ़कर 62.63 मीटर पहुंच गया। यह खतरे के निशान से 8.63 मीटर कम है। गोंडा में घाघरा नदी उफान पर है। यह खतरे के निशान से महज एक मीटर दूर है। शुक्रवार को सबसे ज्यादा बारिश बुंदेलखंड में हुई। चित्रकूट में 33, ललितपुर में 27 और हमीरपुर में 21 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने कल, रविवार को 29 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यूपी में मानसूनी सीजन में किस शहर के क्या हाल, नदियों में कितना उफान, यह सबकुछ जानने के लिए नीचे से ब्लॉग से गुजर जाइए…