मिर्जापुर में पुल के ऊपर से बह रही नदी:हरदोई में 3 बच्चों की डूबने से मौत, यूपी में अब तक 11% ज्यादा बरसात

यूपी में मानसून जमकर बरस रहा है। 24 घंटे में 18 जिलों में 5.6 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई। 1 जून से अब तक 50.5 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य 45.6 मिमी से 11 प्रतिशत अधिक है। शनिवार को सोनभद्र में सबसे ज्यादा 136 मिमी बारिश दर्ज की गई। चित्रकूट में मंदाकिनी और बरदहा नदियां उफान पर हैं। मानिकपुर में बरदहा नदी के पानी में कच्चा रास्ता डूब गया है, जिससे कई गांवों का तहसील और ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। मिर्जापुर में भी हालात ऐसे ही हैं। यहां अदवा नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। इसके चलते आवागमन को रोक दिया है। हरदोई में बारिश के पानी में डूबने से 3 बच्चों की मौत हो गई है। दरअसल, बच्चे बगीचे में खेल रहे थे। पास में एक गहरा गड्ढा था, जिसमें बारिश का पानी भरा हुआ था। खेलते समय पैर फिसलने से एक बच्चा गड्ढे में गिर गया। उसे बचाने में दो और बच्चे डूब गए। पटना में मौसम खराब होने के कारण फ्लाइट वहां लैंड नहीं कर सकी, जिसे बाद में वाराणसी एयरपोर्ट डायवर्ट करना पड़ा। सहारनपुर में सुबह 3 बजे से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज 54 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 39 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। मानसून ने 4 दिनों में लखनऊ समेत 56 जिलों को कवर कर लिया है। अब सिर्फ 19 जिले ऐसे हैं, जहां मानसून का सक्रिय होना बाकी है। वैज्ञानिकों का दावा है कि अगले 24 से 48 घंटे में पूरे यूपी में मानसून सक्रिय हो जाएगा। मौसम से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-