मुरादाबाद में एक घर से उठीं 5 अर्थियां:पूरा गांव रो पड़ा; बेटी बोली- पूरा परिवार सैलाब में बह गया, हम बर्बाद हो गए

मुरादाबाद से कमाने उत्तराखंड गए 12 मजदूर हादसे का शिकार हो गए। देहरादून में बादल फट गया। मजदूर ट्रैक्टर ट्रॉली समेत टोंस नदी में बह गए। 7 मजदूरों के शव NDRF ने तलाश लिए हैं। तीन अभी भी लापता हैं। बुधवार को 6 मजदूरों के शव उनके पैतृक गांव मुढ़िया जैन लाए तो चीख-पुकार मच गई। मरने वालों में 5 एक ही परिवार के हैं। घर की महिलाएं एक दूसरे से लिपटकर रोने लगीं। पूरे गांव में मातम पसर गया। किसी के घर में चूल्हा नहीं जला। शाम को एक साथ एक ही घर से पांच अर्थी उठीं तो गांव के लोग रो पड़े। ‘दैनिक भास्कर’ की टीम ने गांव पहुंचकर परिजनों से बात की। आइए आपको विस्तार से पूरी घटना के बारे में बताते हैं… पहले जानिए हादसा कैसे हुआ था? 14 मजदूर बालू निकाल रहे थे
देहरादून जिले के विकास नगर इलाके में टोंस नदी है। मंगलवार सुबह मुरादाबाद के 12 और संभल के 2 मजदूर नदी से बालू निकाल रहे थे। उसी वक्त पहाड़ों पर बादल फट गया। अचानक आई इस आपदा में मलबे और पानी का बहाव इतना जबरदस्त था कि मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वे ट्रैक्टर ट्राली समेत नदी में बह गए। NDRF ने मदन सैनी, नरेश, हरचरण, सोमवती, रीना, किरन और होराम की लाश बरामद की है। इसके अलावा राजकुमार, सुंदरी समेत तीन लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। हादसे के 3 विजुअल देखिए… अब विस्तार से पढ़िए… मुढ़िया जैन गांव के कई घरों में नहीं जले चूल्हे
मुरादाबाद में मुढ़िया जैन गांव जिला मुख्यालय से करीब 40 किमी दूर है। बुधवार सुबह जब भास्कर की टीम गांव में पहुंची तो हर तरफ मातम पसरा हुआ था। गांव में ज्यादातर घरों में आज चूल्हे नहीं जले। रह रहकर घरों के अंदर से रोने की आवाजें सुनाई पड़ रही थी। इस हादसे में गांव के रहने वाले हरचरन के परिवार के पांच लोगों की मौत हुई है। हरचरन की बेटी कविता ने बताया- पापा 20 साल से बजरफुट की छनाई का काम करते थे। वह मेरे दो भाइयों, मां और बहू के साथ रक्षाबंधन के बाद देहरादून में काम पर गए थे। परिवार के साथ वहीं पर किराए पर रहते थे। उत्तराखंड में बादल फटने से पिता, मां सोमवती, भाई होराम, भाभी रीना की मौत हो गई। इनकी लाश मिल चुकी है। दूसरा भाई राजकुमार अभी भी लापता है। वह कई सालों से ये काम करते थे, लेकिन कभी हमने सोचा नहीं था कि हमारे परिवार पर एक दिन ऐसी आफत टूट पड़ेगी। सभी सैलाब में बह गए। सीएम योगी ने दो लाख की मदद का किया ऐलान
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के आश्रितों को 2 लाख की मदद देने का ऐलान किया है। सीएम ने निर्देश दिया है कि प्रशासन मृतकों के शवों को उनके पैतृक गांव तक पहुंचाने और अंतिम संस्कार कराने में मदद करे। मुरादाबाद के मृतकों की सूची
मुरादाबाद के लापता लोगों की सूची मुरादाबाद के घायलों की सूची SDM ने कहा- हादसा दुखद, प्रशासन पीड़ितों के साथ मुढ़िया जैन गांव बिलारी तहसील में आता है। वहां के एसडीएम विनय कुमार घटनास्थल पर कल से ही मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि, हादसा दुखद है। देहरादून प्रशासन ने 6 मौतों की पुष्टि की है। प्रशासन पूरी तरह से पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। DM-SSP पूरे वक्त गांव में मौजूद रहे
मजदूरों की लाशें पहुंचने से पहले ही मुरादाबाद के डीएम अनुज सिंह और एसएसपी सतपाल अंतिल मुढ़िया जैन गांव पहुंच चुके थे। दोनों अधिकारियों ने परिवार को ढांढस बंधाया। अंतिम संस्कार होने तक दोनों अधिकारी गांव में ही मौजूद रहे। डीएम ने प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। ————- ये खबर भी पढ़ें- अखिलेश बोले- UP में भी जनता सड़क पर उतरेगी:अगर वोट डकैती नहीं रुकी तो; यहां बाबा ने कब्जा कर रखा है सपा प्रमुख अखिलेश यादव शुक्रवार को सरदार के लुक में नजर आए। उन्होंने इसी लुक में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। हुआ यूं कि अखिलेश ने सपा कार्यालय में किसान आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों के परिवार को सम्मानित किया। इस दौरान सिख समुदाय ने मंच पर ही उनको पगड़ी पहनाई। पढ़ें पूरी खबर