मुरादाबाद में युवक 200 मीटर ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा:पुलिस ने 2 घंटे की मशक्कत के बाद नीचे उतारा, परिजन बोले-मानसिक रूप से कमजोर

मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र में उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब 200 फीट की ऊंचाई पर घंटों चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। टावर पर चढ़ने वाले युवक की पहचान ठाकुरद्वारा निवासी शादाब कुरेशी के रूप में हुई है, जिसके मानसिक रूप से कमजोर होने की बात सामने आ रही है। शनिवार आज दोपहर करीब 3 बजे ठाकुरद्वारा इलाके में एक युवक अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। जैसे ही यह खबर इलाके में फैली, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने युवक को नीचे उतारने की काफी कोशिश की, लेकिन वह टावर की चोटी पर बैठकर हंगामा करता रहा। घंटों तक यह ड्रामा चलता रहा, जिससे इलाके में तनाव का माहौल रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों की मशक्कत:घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक को समझाने-बुझाने की कोशिश की। कई घंटों की मशक्कत के बाद, पुलिस और लोगों की टीम ने आखिरकार युवक को नीचे उतारने में सफलता हासिल की। ठाकुरद्वारा पुलिस ने बताया कि युवक की पहचान शादाब कुरेशी के रूप में हुई है, जो इसी इलाके का रहने वाला है। शुरुआती जांच में उसके मानसिक रूप से कमजोर होने की आशंका जताई गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया। इस संबंध में युवक के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल, युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी।