मेरे पति मुझसे खुश, दूसरी के पास क्यों जाएंगे?:आगरा में रेप आरोपी प्रोफेसर की पत्नी बोली- PHD स्कॉलर उन्हें खजुराहो ले गई

मेरे पति मुझसे फिजिकली, मेंटली खुश हैं। क्यों दूसरी लड़की के पास जाएंगे? शोध स्टूडेंट्स की तरह वह लड़की (PHD स्कॉलर) भी घर आती थी। उसे पता था कि प्रोफेसर शादीशुदा हैं। उनके बच्चे हैं, फिर कैसे झांसा दिया? मेरे पति को स्किन सोरायसिस है। लड़की ने कहा था कि खजुराहो में इलाज होता है, इसलिए वह अपने साथ लेकर गई। फिर बरसाना लेकर गई। बोली- वहां एक कुंड में नहाने से बीमारी ठीक हो जाती है। मेरे पति मुझे बताकर गए थे। उन्होंने कोई धोखा नहीं दिया। वह लड़की झूठी है। मेरे पति बेगुनाह हैं। उन्हें षडयंत्र के तहत फंसाया गया है। यह कहना है आगरा के डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर जैसवार गौतम की पत्नी डॉ. कविता चौधरी का। बुधवार को उन्होंने कहा- मेरे पति मुझे हर बात बताते थे। वह जहां जाते, मुझे बताते थे। अब मैं उनकी लड़ाई लड़ूंगी। कविता ने कहा- वो लड़की कई बार मेरे घर आ चुकी है। कभी भी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि उसके दिमाग में क्या चल रहा है। अगर मुझे इंसाफ नहीं मिला तो मुख्यमंत्री के यहां गुहार लगाऊंगी। दरअसल, 26 अक्टूबर को PHD स्कॉलर की शिकायत पर न्यू आगरा थाने में बेसिक साइंस विभाग के केमिस्ट्री प्रो. गौतम के खिलाफ रेप की FIR दर्ज हुई। 27 अक्टूबर को पुलिस ने छात्रा का मेडिकल कराया और बयान दर्ज किए। इसके बाद डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति ने प्रोफेसर को सस्पेंड कर दिया। पुलिस ने मुकदमे के 5 दिन बाद आरोपी प्रोफेसर को वाराणसी से अरेस्ट किया। इस समय प्रोफेसर जेल में बंद हैं। PHD स्कॉलर झूठ बोल रही, उसने किस्त के पैसे मांगे थे
प्रोफेसर की पत्नी कविता ने कहा- उस लड़की ने जो भी आरोप लगाए हैं। वह सब बेबुनियाद हैं। मेरे हसबैंड को एक साजिश के तहत फंसाया गया है। जो व्यक्ति स्किन सोरायसिस से परेशान है, वह भला दूसरी शादी क्यों करेगा। फिर उस लड़की को सब पता था, मेरे परिवार के बारे में। वह यहां आती, हम लोगों से बात करती थी। वह जब जानती थी कि प्रोफेसर का परिवार है तो इसमें धोखा कहां हुआ? उन्होंने कौन सा उसे झांसा दिया, झांसा तो तब देते जब उसे कुछ पता नहीं होता। मगर उस लड़की ने झूठा केस कराया है। मेरे पास उस लड़की (PHD स्कॉलर) की कुछ लोगों के साथ चैट है। उसे मैं कोर्ट में पेश करूंगी। मेरे पति प्रो. गौतम जैसवार अपने कई छात्रों की आर्थिक मदद करते थे। जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर होने की जानकारी मिलती थी। उनकी मदद करते थे। इसी तरह इस PHD स्कॉलर की भी की थी। उसकी एलआईसी की कई किस्तें भी भरी थीं। PHD स्कॉलर ही मेरे पति को खजुराहो और बरसाना लेकर गई
कविता ने कहा कि मेरे पति स्किन की बीमारी को कई डॉक्टरों को दिखा चुके थे। मगर कोई फायदा नहीं हो रहा था। तब इस PHD स्कॉलर ने कहा था कि खजुराहो में मैं एक डॉक्टर को जानती हूं। वहां इलाज होता है। यह कहकर वह मेरे पति को साथ लेकर गई थी। यह बात मुझे मेरे पति ने बताई थी। इसके बाद वह बरसाना भी मेरे पति को लेकर गई। उसने कहा था कि बरसाना में एक ऐसा कुंड है। जिसके पानी में स्नान करने से स्किन की बीमारी दूर हो जाती है। वह खुद मेरे पति को दोनों जगह लेकर गई थी। मेरे पति उसे लेकर नहीं गए थे। अब वह कह रही है कि मेरे पति ने उसका शोषण किया। मेरे पति को लेकर खुद घूमी और खुद ही आरोप लगा दिया। मेरे पास उसकी कई चैट है। उसने एक नंबर अपने फोन में अंकल के नाम से सेव कर रखा है, जो उसे प्लान बनाने की बात कहता है। PHD स्कॉलर उसे मिलने को बुलाती है। कहती है आई मिस यू सो मच। ऐसी कई चैट हैं। जिससे कि उसे PHD स्कॉलर की सच्चाई सामने आ जाएगी। अब पढ़िए छात्रा का आरोप… छात्रा ने FIR में बताया, ‘प्रोफेसर गौतम जैसवार उसके पीएचडी के को-सुपरवाइजर हैं। उन्होंने शादी का झांसा देकर दो साल तक शारीरिक शोषण किया। शादीशुदा होने के बावजूद झूठे वादे किए। दबाव बनाकर कई बार रेप किया। कहते थे कि वे अपनी शादी से खुश नहीं हैं, पत्नी अच्छी नहीं है। मुझसे शादी करेंगे। मैं उनकी बातों में आ गई। वे मुझे मध्यप्रदेश के खजुराहो के एक होटल में तीन दिन तक और हाल ही में मथुरा के एक होटल में भी ले गए, जहां उन्होंने मेरा शोषण किया। दो साल से हर रविवार को खंदारी कैंपस के ऑफिस में बुलाते थे। दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक रोककर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करते थे। छात्रा ने बताया, ‘शनिवार, 25 अक्टूबर को भी प्रोफेसर ने मुझे ऑफिस बुलाया। जब मैंने पूछा कि क्या आप मुझे धोखा दे रहे हैं, तो वे भड़क गए। मेरे साथ मारपीट की और मोबाइल तोड़ने की कोशिश की।’ छात्रा ने मेडिकल जांच में लापरवाही के भी आरोप लगाए। कहा-लेडी लॉयल अस्पताल में मेडिकल हुआ, लेकिन डॉक्टर ने जांच ठीक से नहीं की। दबाव डालकर मुझसे इंटरनल जांच न कराने की सहमति पर साइन करा लिए।’ प्रोफेसर को मिला था बेस्ट टीचर का अवॉर्ड
इस साल अगस्त में आयोजित दीक्षांत समारोह में प्रो. गौतम जैसवार को कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल से बेस्ट टीचर रिसर्च का अवॉर्ड मिला था। प्रो. गौतम रसायन विज्ञान विभाग में प्रोफेसर हैं। आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में एक कॉलोनी में पत्नी और दो बेटियों के साथ रहते हैं। नैनो साइंस पर कई पेपर पब्लिश हो चुके हैं। ……………………….. ये खबर भी पढ़िए- छात्रा बोली- प्रोफेसर कहते Phd कर लो, फिर शादी करूंगा:आगरा में VC बनकर तुम्हें जॉब दूंगा, ब्रेनवॉश करके मथुरा-खजुराहो में रेप किया ‘मैं एक घंटे तक लेडी लायल हॉस्पिटल में मेडिकल के लिए रही। इस दौरान मेरा मनोबल कई बार तोड़ा गया। डॉक्टर ने पूरा मामला पूछकर कहा– तुम्हें इस लफड़े में नहीं पड़ना चाहिए, कोई फायदा नहीं। मूव ऑन करो…क्यों इस पचड़े में पड़ रही हो? मुझसे पेपर पर साइन करवाए कि मैं इंटरनल जांच नहीं कराना चाहती हूं। मुझे मिस गाइड करते रहे।’ ये कहना है PHD स्कॉलर का, जिसने आगरा के डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर प्रो. जैसवार गौतम पर शारीरिक शोषण के आरोप लगाए हैं।पढ़ें पूरी खबर