आगरा में आम से भरी मैक्स गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई। डिवाइडर पर बैठे तीन लोग गाड़ी के नीचे दब गए। यह लोग सुबह टहलने निकले थे। हादसे के बाद अफरा तफरी मच गई। लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दबे लोगों को बाहर निकाला। गाड़ी से घायल अवस्था में परिचालक को भी बाहर निकाला। फिर एंबुलेंस से सभी को अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गाड़ी में फंसा चालक एक घंटे तक तड़पता रहा। पुलिस ने गाड़ी को काटकर उसे बाहर निकाला। मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसा थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के शाहदरा में बुधवार सुबह हुआ। आगरा निवासी राजेश (55), हरीबाबू (65) और रामेश्वर बुधवार सुबह करीब 4 बजे घर से टहलने निकले थे। टहलने के बाद तीनों लोग सड़क के डिवाइडर पर बैठ गए। इसी बीच तेज लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार मैक्स गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर तीनों लोगों के ऊपर पलट गई। हादसे में तीनों लोग गाड़ी के नीचे दब गए। वहां टहल रहे लोग मौके पर पहुंचे और लोगों को बचाने के प्रयास में जुट गए साथ ही पुलिस को फोन किया। पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन को मंगाया। पुलिस ने क्रेन से गाड़ी के नीचे दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला। साथ ही गाड़ी में फंसे परिचालक को घायल अवस्था में बाहर निकाला। सभी को अस्पताल भेजा गया जहां। राजेश, हरीबाबू और रामेश्वर को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक गाड़ी में ही फंस गया। पुलिस ने पहले हाथों से गाड़ी के दरवाजे को खोलने का प्रयास किया। मगर सफलता नहीं मिली। फिर पुलिस ने कटर से गाड़ी के दरवाजे को काटा। चालक को बाहर निकाला। मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस दौरान करीब एक घंटे तक चालक स्टेयरिंग में फंसा तड़पता रहा। वहीं हादसे के बाद से एक घंटे तक हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से गाड़ी को हटा कर यातायात शुरू करवाया। खबर अपडेट की जा रही है