यमुना एक्सप्रेस-वे पर बेकाबू कंटेनर ने 6 यात्रियों को रौंदा:बस से उतरते समय हादसा, नोएडा से आगरा जा रही थी

मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के कंटेनर ने 6 यात्रियों को रौंद दिया। सभी की मौके पर ही मौत हो गई। एक की हालत गंभीर बनी हुई है। बस नोएडा से आगरा की ओर जा रही थी। जानकारी के मुताबिक, चालक ने बस को निर्धारित ग्रीन जोन में न रोककर सड़क किनारे ही खड़ा कर दिया था। इसके बाद कई यात्री बस से उतरकर नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे कंटेनर ने टक्कर मार दी। घटना सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन-88 के पास सुबह करीब पौने तीन बजे हुआ। मृतकों में औरैया के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम और दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष शामिल हैं। दो अन्य मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। इस हादसे में औरैया के बेला निवासी अमर दुबे घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरीर थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया- हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ था, लेकिन राहत एवं बचाव कार्य के बाद आवागमन सामान्य कर दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। खबर लगातार अपडेट की जा रही है….