यादव महिला सिपाही ने पटेल दरोगा से लव-मैरिज की:झांसी में पंचायत का तुगलकी फरमान-लड़की गांव आई तो जूते मारकर निकालेंगे

यूपी के झांसी में एक महिला सिपाही ने दरोगा से लव मैरिज कर ली। दोनों की शादी में उनके परिवार भी शामिल हुए, लेकिन लड़की के गांव की पंचायत भड़क गई। पंचायत ने सिपाही के माता-पिता का हुक्का-पानी बंद कर दिया। तुगलकी फरमान सुनाते हुए कहा गया- अगर लड़की गांव में आई तो उसे जूते मारकर भगा दिया जाएगा। इस विवाद की वजह यह थी कि दरोगा पटेल, लड़की यादव थी। अब गांव में कोई भी व्यक्ति सिपाही के माता-पिता से बात नहीं कर रहा है। इससे परेशान होकर उसके माता-पिता थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझाकर लौटा दिया। इसके बाद वे गरौठा के समाधान दिवस में पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। तब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। यह मामला टोड़ीफतेहपुर क्षेत्र के बचेड़ा गांव का है। जानिए पूरा मामला बचेरा निवासी चिरंजीलाल यादव ने बताया- मेरी बेटी यूपी पुलिस में सिपाही है। इस समय लखनऊ में तैनात है। बेटी के बचपन का दोस्त यूपी पुलिस में दरोगा है। जो पटेल समाज का है। दोनों ने शादी की इच्छा जताई तो दोनों परिवारों ने रजामंदी से 30 अप्रैल, 2025 को शादी करवा दी। इस विवाह से गांव के कुछ लोग नाराज हो गए और 13 मई को पंचायत बुलाई। चिरंजीलाल यादव ने बताया- अंतरजातीय विवाह को अपराध बताते हुए पंचायत में हम लोगों को अपमानित किया गया। 20 लाख रुपए जुर्माना लगाते हुए हुक्का-पानी बंद कर दिया गया। कहा गया कि गांव का कोई भी व्यक्ति हमारे परिवार के किसी सदस्य से बात नहीं करेगा। न ही किसी तरह का लेन-देन करेगा। पंचायत के फैसले को नहीं मानने वाले पर 50,000 रुपए जुर्माना लगाया जाएगा। दूध लेने भी कोई नहीं आता महिला सिपाही के पिता ने बताया- पंचायत के फरमान के बाद से गांव को कोई भी व्यक्ति अब उनसे बात नहीं कर रहा है। यही नहीं, उनकी गांव में डेयरी है, अब कोई उनके यहां दूध भी लेने नहीं आता है। इस कारण उन्हें समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पंचायत का वीडियो भी दिखाया। लड़की की मां बोलीं- हम लोग गरीब, कैसे देंगे जुर्माना लड़की की मां ने कहा- हम लोगों पर पंचायत के बाद 20 लाख का जुर्माना भी लगा दिया। साथ ही कह रहे थे कि 3 रुपए के हिसाब से ब्याज भी दो। हम लोग कहां से इतने रुपए दे पाएंगे। हम लोग गरीब हैं। हमारी जुबान तो कोई नहीं उठा रहा है। उन्होंने कहा- जब बच्ची नौकरी कर रही है और लड़का नौकरी कर रहा है तो क्या दिक्कत हो रही है। सोमवार को समाधान दिवस में शिकायत की है। एसएसपी ने दिया अल्टीमेटम पंचायत के फरमान से सिपाही के पिता के परेशान होने और थाना पुलिस की ओर से कोई एक्शन नहीं लेने पर SSP बीबीजीटीएस मूर्ति ने थानाध्यक्ष टोड़ीफतेहपुर को तलब किया। उन्होंने एसओ से कहा कि मामला तत्काल शॉर्ट आउट कर रिपोर्ट पेश करें। इसके बाद पुलिस ने प्रधान के पिता संतोष यादव और अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया। यहां भी रोकने का प्रयास 13 मई को हुई पंचायत के बाद पीड़ित ने थाने में आवेदन दिया था, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित को समझाकर वापस कर दिया। पग-पग पर मिल रही जिल्लत के बाद पीड़ित सोमवार यानी 9 जून को सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचा तो गेट पर तैनात एक महिला दरोगा ने उन्हें रोक लिया। काफी देर बाद भी उन्हें हॉल में जाने दिया गया। ———————- ये खबर भी पढ़िए- सूटकेस में महिला की लाश दिल्ली से गाजियाबाद फेंकने आए: रात 3 बजे बाइक से पहुंचे; सूटकेस फेंका और चले गए; CCTV में नजर आए गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर इलाके में सूटकेस में मिली महिला की लाश दिल्ली से लाकर फेंकी गई थी। यह बात तब सामने आई, जब पुलिस ने घटनास्थल के 5Km के दायरे में लगे CCTV चेक किए। पहला ढाबे पर और दूसरा एक दुकान के बाहर लगे CCTV में एक बाइक दिखी। बाइक पर 2 युवक बैठे दिखे। पीछे बैठे शख्स के पास वैसा ही हरा सूटकेस दिखा, जैसा क्राइम स्पॉट पर मिला है।। पढ़ें पूरी खबर…