यूपी की एक्ट्रेस दिशा पाटनी को गैंगस्टर ने धमकाया:बोला- हमने गोली चलवाई, पिता बोले- बेटी ने प्रेमानंद जी का अपमान नहीं किया

‘सुबह करीब 3 बजे कुत्ते की भौंकने की आवाज आई। मेरी नींद खुल गई। मैंने झांककर देखा तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जिस पिस्टल से फायरिंग हुई, वह विदेशी थी। एक बार ट्रिगर दबाने पर 10–15 राउंड निकल रहे थे। जैसे वेल्डिंग करने पर चिंगारियां निकलती हैं, वैसे ही गोलियां सामने वाले घर पर लगीं। फायरिंग से हम लोग बहुत डर गए। हमने तुरंत पुलिस को सूचना दी।’ यह कहना है बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के पिता और रिटायर्ड डीएसपी जगदीश सिंह पाटनी का। शुक्रवार सुबह बरेली में उनके घर पर फायरिंग हुई। बाइक से आए दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ 2 राउंड फायरिंग की और फिर फरार हो गए। फायरिंग के वक्त घर में दिशा की बहन और पूर्व आर्मी अफसर खुशबू पाटनी, पिता जगदीश पाटनी, मां पद्मा पाटनी समेत 5–6 लोग मौजूद थे। गैंगस्टर रोहित गोदारा बोला- नंगा नाच बंद करो
फायरिंग की जिम्मेदारी रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग ने ली है। अमेरिका में रहने वाले रोहित गोदारा ने वॉयस मैसेज जारी किया है। गैंगस्टर ने कहा, दिशा पटानी और उनके परिवार ने धार्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज और कथावाचक अनिरुद्धाचार्य का अपमान किया था, इसलिए यह कार्रवाई की गई है। अगर उनके घर में किसी को भी कुछ होता है तो उसकी जिम्मेदारी हमारी होगी। रोहित गोदारा ने बॉलीवुड कलाकारों को चेतावनी देते हुए कहा, नंगा नाच बंद करो, वरना अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें। मेरा नाम लॉरेंस और अनमोल बिश्नोई से न जोड़ें। ये लोग सिर्फ सनातन धर्म का नाम लेकर ढोंग करते हैं, धर्म से इनको कोई लेना देना नहीं है। उनके साथ नाम जोड़कर हमारा अपमान न करें। उन्होंने देश के साथ गद्दारी की है। दिशा पाटनी के घर अभी क्या हालात हैं, यह जानने के लिए दैनिक भास्कर का रिपोर्टर उनके घर पहुंचा। घर पर पुलिस तैनात है। वहां हमें दिशा के पिता मिले। उन्होंने बताया कि फायरिंग से पूरा परिवार सहम गया। सवाल-जवाब में पढ़िए, उन्होंने पूरी बातचीत… सवाल- घटना के वक्त घर में कौन-कौन था? कितने राउंड फायरिंग हुई? जवाब: पूरा परिवार मौजूद था। भतीजा, ताई समेत करीब 5–6 लोग घर पर थे। देखिए, मैंने पहले भी कहा कि जब फायरिंग होती है तो कोई अनुमान नहीं लगा सकता कि कितने राउंड चले।हालांकि, वारदात में इस्तेमाल पिस्टल विदेशी थी। एक बार ट्रिगर दबाने पर 10–15 राउंड निकल रहे थे। जैसे वेल्डिंग करने पर चिंगारियां निकलती हैं, वैसे ही गोलियों की लपटें सामने वाले घर पर जाकर लगीं। सवाल- फायरिंग की जिम्मेदारी रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग ने ली है, इस पर क्या कहेंगे? जवाब- इस बारे में मैं अभी कुछ नहीं कह सकता। सोशल मीडिया पर जो पोस्ट आया है, वह सबके सामने हैं। पुलिस ने जिस तेजी से एक्शन लिया, उसकी जितनी तारीफ की जाए कम है। SSP अनुराग आर्य, ADG रमित शर्मा और बाकी अफसर तुरंत पहुंचे। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि पुलिस हमारे साथ है। सवाल- संत प्रेमानंद जी का नाम जुड़ा है, क्या कहेंगे? जवाब- प्रेमानंद जी हमारे पूज्य संत हैं। हमारी पूरी आस्था सनातन धर्म में है। हम उन्हें आदर और सम्मान देते हैं। अगर किसी पोस्ट को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है, तो ऐसी बात हमारी बेटी की सोच नहीं है। अगर किसी को ठेस पहुंची है तो हम क्षमा चाहते हैं। मौका मिलेगा तो उनका दर्शन करने जरूर जाऊंगा। सवाल- क्या पहले भी किसी तरह की धमकी मिली थी? जवाब- नहीं, पहले ऐसी कोई धमकी नहीं मिली थी। सोशल मीडिया पर छोटी-मोटी बातें और मैसेज आते रहते हैं, लेकिन हमने कभी गंभीरता से नहीं लिया था। ऐसा होगा, मैंने इसकी उम्मीद नहीं की थी। मेरी सरकार से यही मांग है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। मैं खुद पुलिस परिवार से हूं, ऐसे मामले झेले हैं, लेकिन आम आदमी के लिए ये हालात सहना मुश्किल है। अपराधियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस को CCTV से अहम सुराग मिले, खोखे भी कलेक्ट किए गए बरेली SSP अनुराग आर्य ने बताया- रिटायर्ड डीएसपी जगदीश सिंह पाटनी के घर में फायरिंग की सूचना पर हमने स्पेशल टीम भेजकर फोरेंसिक जांच कराई है। परिवार वालों से तहरीर लेकर BNS 109 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले के खुलासे के लिए 5 टीमें गठित की गई हैं। एक स्पेशल टीम भी लगाई गई है। पूरे शहर के CCTV देखे जा रहे हैं। सोशल मीडिया अकाउंट की जांच के लिए साइबर सेल को भी लगाया गया है। वॉट्सऐप के जरिए हमलावरों ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। वह अकाउंट भी वेरीफाई किया जा रहा है कि पोस्ट किस अकाउंट से किया गया है। शुरुआती जांच में स्थानीय लोगों ने 6–7 राउंड फायरिंग की बात बताई है। फील्ड यूनिट ने घर के बाहर से खोखे भी कलेक्ट किए हैं। घटना में इस्तेमाल होने वाले वेपन को भी जांचा जा रहा है कि वह कौन सा था। CCTV से भी हमें बहुत महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। घटना में लोकल लोग थे या बाहरी, यह पकड़े जाने और उनसे पूछताछ के बाद ही साफ होगा। परिवार के लोगों से बात कर उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी हमने ली है। उन्हें आश्वस्त भी किया गया है। घर के आसपास सुरक्षा कड़ी करने के लिए हथियारों से लैस पुलिस तैनात की गई है। जल्द ही घटना का खुलासा होगा। अब पढ़िए जिम्मेदारी लेने वाले गैंग ने फेसबुक पर क्या लिखा… किसी को जिंदा नहीं छोड़ेंगे
गैंग ने फेसबुक पोस्ट में लिखा- भाईयों, आज खुशबू पाटनी और दिशा पाटनी के बरेली के सिविल लाइंस स्थित घर पर फायरिंग हुई है, वो हमने करवाई है। इसने हमारे पूज्य संत प्रेमानंद जी महाराज और अनिरुद्धाचार्य जी महाराज का अपमान किया है। इसने हमारे सनातन धर्म को नीचा दिखाने की कोशिश की है। हमारे आराध्य देवी-देवताओं का अपमान नहीं सहा जाएगा। ये तो बस ट्रेलर था, अगली बार अगर इसने या किसी ने हमारे धर्म के प्रति कुछ भी अभद्रता दिखाई, तो उनके घर में से किसी को जिंदा नहीं छोडेंगे। फिल्म इंडस्ट्री को चेतावनी
पोस्ट में आगे लिखा- ये मैसेज सिर्फ इनके लिए नहीं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री और उनसे जुड़े सभी लोगों के लिए है। हम हमारे धर्म की रक्षा करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। हमारे लिए धर्म और सर्व समाज हमेशा एक है और उनकी रक्षा करना हमारा पहला फर्ज है। वायरल पोस्ट में कई कुख्यात गैंग और बदमाशों के नाम टैग किए गए हैं। इसमें मोनू ग्रुप, एपी ग्रुप, काला राणा, नरेश सेठी, टीनू हरियाणा, अमरजीत बिश्नोई समेत दर्जनों गैंगस्टरों के नाम दर्ज हैं। पोस्ट में साफ लिखा गया है कि हमारे धर्म और संतों का अपमान किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पड़ोसी बोले- फायरिंग करना कायराना हरकत
फायरिंग की घटना से दिशा पाटनी के पड़ोसी नाराज हैं। उनका कहना है कि फायरिंग करना कायराना हरकत है। किसी समाज को इस तरह से देखना सही नहीं है कि किसी ने कुछ शब्द कह दिए, और आप उसे पूरे समुदाय से जोड़कर हमला कर दें। हमारे इतिहास में औरतों को हमेशा मान-सम्मान दिया गया है। आज इस तरह किसी औरत के पक्ष में खड़े होने या किसी पर आलोचना करने पर उसके घर पर फायरिंग कराना बेहद बेतुकी हरकत है। इशरत ने कहा, मैं प्रेमानंद महाराज और अनिरुद्धाचार्य को मानता हूं, इसमें कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन इस तरह की घटना हमारे समाज में नहीं होनी चाहिए। अगर किसी ने कुछ कहा भी है तो उसका जवाब फायरिंग से देना बिल्कुल गलत है। यह मेरी समझ से परे है। अब जानिए रोहित गोदारा गैंग क्यों नाराज? खुशबू पाटनी ने कहा था- अनिरुद्धाचार्य का मुंह तोड़ दूंगी 30 जुलाई को दिशा पाटनी की बहन और पूर्व आर्मी ऑफिसर खुशबू पाटनी ने एक वीडियो जारी किया था। कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के लिव-इन-रिलेशनशिप वाले बयान पर खुशबू ने कहा- ऐसे लोगों का तो मैं मुंह तोड़ दूंगी। अगर ये शख्स मेरे सामने होता तो मैं इसे अच्छे से समझा देती कि ‘मुंह मारना’ क्या होता है। इसे राष्ट्र विरोधी कहने में मुझे कोई हिचक नहीं। जिस इंसान की सोच इतनी घटिया हो, उसे मंच मिलना ही नहीं चाहिए। खुशबू पाटनी ने सवाल उठाया- अगर कोई लिव-इन में है तो क्या लड़की अकेली है? क्या लड़के शामिल नहीं होते? खुशबू बोलीं- इन्हें समाज के नामर्द फॉलो कर रहे
खुशबू ने आगे कहा- ये दुखद है कि ऐसे बद्जुबान लोगों को समाज में फॉलो किया जाता है। समाज के सारे नामर्द इसे फॉलो कर रहे हैं। जो लड़कियों के चरित्र पर उंगली उठाता है, वो किसी भी धर्म या संस्कृति का प्रतिनिधि नहीं हो सकता। सोशल मीडिया पर भी अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिर किस आधार पर एक कथावाचक ऐसा भद्दा बयान देता है? क्या धर्म के मंच से इस तरह के प्रवचन दिए जा सकते है? अब भक्त का सवाल और अनिरुद्धाचार्य का जवाब पढ़िए, जिस पर घमासान मचा सवाल: गुरुजी शादी से डर लगता है। जिस वीडियो पर विवाद खड़ा हुआ था, वह एक कथा के दौरान का है। जिसमें एक भक्त सवाल करता है- गुरु जी राधे-राधे, घर वाले मुझसे शादी करने के लिए बोलते हैं। लेकिन, मुझे थोड़ा डर लगता है। हम आजकल देख रहे हैं बहुत जल्द डायवोर्स हो जा रहे हैं। जवाब : 25 साल की लड़की चार जगह मुंह मार चुकी होती है…
अनिरुद्धाचार्य ने कहा- इसका एक ही समाधान है। लड़की 14 साल की होगी और 14 साल की कोई लड़की आपके घर दुल्हन बन कर आ जाएगी तो उस समय तो वो बच्ची होगी। समझ रहे हो? लोग फिर जल्दी शादियां करना शुरू कर देंगे। क्योंकि अब लड़कियां लाते हैं 25 साल की, 25 साल की लड़की चार जगह मुंह मार चुकी होती है। वो 25 साल की जब तक आती है तो पूरी जवान हो कर आएगी। स्वाभाविक है कि उसकी जवानी कहीं न कहीं फिसल जाएगी। आज लड़के-लड़कियां 10 के साथ लिव-इन में रह रहे : अनिरुद्धाचार्य
इसके अलावा अनिरुद्धाचार्य का एक और वीडियो सामने आया था। जिसमें वह कथा में कह रहे हैं कि पहले के लोग इतने समझदार थे कि लिव-इन की जरूरत नहीं थी। अपनी पत्नी और पति के साथ ही वह लिव-इन में रहा करते थे। आज के लोग क्या कर रहे हैं, पहले 10 लड़कियों या 10 लड़कों के साथ लिव-इन में रह लिया। अब जो 10 के संग रह चुकी है या रह चुका है वो एक के साथ साथ कैसे रहेगी या रहेगा। पहले तो यह सोचो जो 10 जगह मुंह मार चुका है या चुकी है, वो एक के साथ बंधेगी या बंधेगा कभी। अनिरुद्धाचार्य बोले- आधी बात सुनकर दिल दुखा तो क्षमा करें
विवाद के बाद अनिरुद्धाचार्य ने वीडियो जारी कर माफी मांगी थी। उन्होंने कहा- राधे-राधे, जय गौरी गोपाल… आप लोगों द्वारा हमें सूचना मिली कि हमारी कुछ बहनें नाराज हैं। क्योंकि उन लोगों ने आधी एक वीडियो सुनी, जिस वीडियो में कहा गया कि आजकल 25 साल की लड़की… देखो बात क्या कही जाती है कि कुछ लड़कियां कैसी होती हैं? कुछ लड़कियां ऐसी होती हैं, जो लिव-इन में रह कर चार जगह मुंह मार कर आती है और वो किसी के भी घर की बहू बन जाएंगी। अब आप ही बताइए कि क्या वो रिश्ते को निभा पाएंगी? इसलिए लड़की हो या लड़का दोनों को पहले तो चरित्रवान होना चाहिए। यह बात कुछ लड़कियों के लिए कही थी। जैसे कि अभी एक राजा रघुवंशी को उसकी पत्नी ने मार दिया और वह 25 साल की ही थी। जिस लड़की ने अपने पति राजा को मारा वो 25 साल की है और उसने किसी पराए पुरुष के कारण अपने पति को मार दिया। तो वही बात कही जा रही है कि आजकल कुछ लड़कियां… अब देखो मेरी वीडियो से कुछ शब्द हटा दिया। मेरे द्वारा कभी नारी का अपमान नहीं किया जा सकता। नारी तो हमारी लक्ष्मी है। फिर भी मेरी आधी अधूरी बात सुनकर के किसी भी बहन बेटी का दिल दुखा हो तो ये दास सदा आपका था। आपका है, आपका ही रहेगा। यदि आधी अधूरी बात सुन कर आपका दिल दुखा तो मुझे क्षमा अवश्य करें। अब रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ को जानिए… रोहित गोदारा: राजस्थान पुलिस ने रखा है 1 लाख का इनाम रोहित गोदारा बीकानेर में लूणकरणसर इलाके के कपूरीसर का रहने वाला है। वह साल 2010 से अपराध की दुनिया में है। उस समय उसकी उम्र महज 19 साल थी। बीकानेर शहर में रहते हुए मोबाइल रिपेयरिंग करता था, लेकिन धीरे- धीरे अपराध की दुनिया में आगे बढ़ता चला गया। राजस्थान में लॉरेंस बिश्नोई के खास गुर्गों में इन दिनों रोहित गोदारा का नाम सबसे ऊपर है। गैंगस्टर रोहित गोदारा के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस के लिए 15 फरवरी को इंटरपोल को लेटर लिखा गया था। साथ ही देश के सभी एयरपोर्ट पर लुक आउट नोटिस जारी है। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने पर 5 लाख और राजस्थान पुलिस ने 1 लाख रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा है। गोदारा के खिलाफ राजस्थान में 32 केस दर्ज है। इनमें हत्या, वसूली जैसे मामले हैं। पुलिस के अनुसार रोहित 13 जून 2022 को दिल्ली से दुबई भाग गया था। उसने पवन कुमार के नाम से एक फर्जी पासपोर्ट बनवाया था। पासपोर्ट बनाने के 2 दिन बाद रोहित दिल्ली से निकला था। दुबई जाने के बाद रोहित को दुबई में खतरा लगा था। इसके बाद अजरबैजान चला गया था। अजरबैजान में उसे पुलिस ने पकड़ा, लेकिन उसके खिलाफ कोई सबूत नहीं होने पर उसे छोड़ दिया था। अजरबैजान पुलिस ने रोहित को दो बार पकड़ा था। वहां से रोहित फिर दुबई चला गया और अभी वहीं है। अपनी पूरी गैंग को चला रहा है। गोल्डी बराड़ पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब का रहने वाला है। साल 1994 में जन्म हुआ, माता पिता ने नाम रखा सतविंदर सिंह। पिता पुलिस में सब इंस्पेक्टर थे। बेटे को भी पढ़ा लिखा कर काबिल बनना चाहते थे, लेकिन सतविंदर उर्फ गोल्डी ने तो अपनी अलग ही राह चुन ली थी। गोल्डी बराड़ के चचेरे भाई गुरलाल बराड़ की चंडीगढ़ में हत्या हो गई। गुरलाल को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एक क्लब के बाहर 11 अक्टूबर 2020 की रात गोली मारी गई। वह पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) का छात्र नेता था। गुरलाल बराड़ लॉरेंस बिश्नोई का सबसे करीबी था। गुरलाल बराड़ और लॉरेंस पंजाब यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी (SOPU) से जुड़े रहे। गुरलाल बराड़ की हत्या के बाद लॉरेंस गैंग ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि अब नई जंग की शुरुआत है, सड़कों पर खून नहीं सूखेगा। गोल्डी बराड़: सिद्धू मूसेवाला और गोगामेड़ी की हत्या करवाई
गोल्डी ने गोगामेड़ी की हत्या करवाई 5 दिसंबर 2023 को राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की घर में घुसकर हत्या करवा दी गई। हत्या गोल्डी बराड़ ने करवाई, जिसमें गोल्डी ने माना था कि गोगामेड़ी के साथ उसका जमीनी विवाद चल रहा था। गोगामेड़ी की हत्या के बाद पूरे राजस्थान में दंगे जैसा माहौल बना। घटना में गोगामेड़ी का एक सुरक्षाकर्मी भी मारा गया था। UAPA के तहत गोल्डी बराड़ आतंकी घोषित गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसी साल एक जनवरी को UAPA के तहत आतंकी घोषित कर दिया। उसके खालिस्तानी आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से कनेक्शन मिले थे। गोल्डी बराड़ कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का राइट हैंड था। इसके बाद केंद्रीय एजेंसियों द्वारा गोल्डी को आतंकी घोषित कर दिया। —————- ये खबर भी पढ़ें मर्जी से शादी करें…या सहमति से परिणाम अच्छे नहीं आते: महिला ने प्रेमानंद महाराज से पूछे सवाल; बोले-चरित्र पवित्र नहीं, कैसे आएंगे अच्छे परिणाम बच्चे की मर्जी से शादी करें या परिवार की सहमति से, दोनों ही स्थिति में परिणाम अच्छे नहीं आते। महाराज की हमे समझ नहीं आ रहा है। ऐसा क्यों हो रहा है? ये सवाल महिला ने प्रेमानंद महाराज से किया। इसका जवाब देते हुए प्रेमानंद महाराज ने कहा-कैसे परिणाम अच्छे आएंगे, जब बच्चे-बच्चियों के चरित्र पवित्र नहीं हैं। हमारी माता बहनों का पहले रहन सहन देखो। आज के बच्चे बच्चियां कैसे पोशाक पहन रहे। ये वीडियो 12 जून का है। जो 6 मिनट 50 सेकेंड का है। जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पढ़ें पूरी खबर…