यूपी की बड़ी खबरें:गृह मंत्री अमित शाह से मिले नोएडा विधायक पंकज सिंह, प्रदेश और राष्ट्रीय टीम में भूमिका को लेकर बढ़ी चर्चा

बीजेपी की नई प्रदेश टीम के गठन की तैयारी के बीच नोएडा विधायक और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह ने रविवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब राजनाथ सिंह लखनऊ में मौजूद थे। पंकज सिंह पिछले 16 सालों से बीजेपी संगठन में प्रदेश पदाधिकारी की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पार्टी के एक वर्ग की राय है कि इस बार उनकी जगह छोटे भाई नीरज सिंह को संगठन में मौका दिया जाए। ऐसे में अमित शाह से हुई पंकज सिंह की मुलाकात को बीजेपी की नई प्रदेश और राष्ट्रीय टीम में उनकी संभावित भूमिका से जोड़कर देखा जा रहा है। आगरा में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद बोले- मुगलों और अंग्रेजों ने भी शंकराचार्यों का अपमान नहीं किया आगरा में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा-शंकराचार्यों का सम्मान सभी करते हैं, लेकिन एक व्यक्ति अहंकार में चूर होकर उनका अपमान कर रहा है। शंकराचार्यों का ऐसा अपमान मुगलों और अंग्रेजों ने भी नहीं किया था। भाजपा में भी अब दो भाजपा हो गई है। एक भाजपा गाय से प्रेम करती है, जबकि दूसरी गाय को माता कहने के लिए भी तैयार नहीं है। एक भाजपा संतों का सम्मान करती है, तो दूसरी संतों का अपमान करती है। हम अच्छी भाजपा को स्वीकार करते हैं और गलत भाजपा का विरोध करते हैं। दरअसल, रविवार को शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की गविष्टि यात्रा आगरा पहुंची। यह यात्रा गो-संरक्षण और जनजागरण के उद्देश्य से निकाली जा रही है। राजपुर चुंगी स्थित परशुराम मंदिर पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा- आप लोग ऐसे लोगों को सत्ता में पहुंचाएं, जो गाय को माता का दर्जा दे। पढ़िए पूरी खबर… लखनऊ में बैचलर पार्टी में छात्रा से गंदी हरकत, क्लासमेट बोला- एक से मन नहीं भरता क्या? ‘19-20 मई की रात विश्वविद्यालय परिसर स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में फाइनल ईयर स्टूडेंट्स की तरफ से बैचलर पार्टी थी। इसको लेकर एक मैसेज ऑफिसियल ग्रुप पर आया था। रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच का समय रहा होगा। मैं अपने फ्रेंड्स के साथ डांस फ्लोर पर मौजूद थी। इसी दौरान अचानक आरोपी छात्र कई बार मेरे करीब आया और मुझे छूने की कोशिश की। कई बार चिल्लाकर कहा कि तेरा एक से मन नहीं भरता क्या? पहले मुझे लगा कि ये महज इत्तेफाक होगा और मैंने खुद को वहां से अलग कर लिया।’ यह दर्द लखनऊ की डॉ. राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की फाइनल ईयर स्टूडेंट का है। उसने विशाखा कमेटी के सामने अपने क्लासमेट लड़के के खिलाफ उन सारी हरकतों को बयां किया है,जो उस रात बैचलर पार्टी में हुई थी। पीड़िता ने विश्वविद्यालय प्रशासन के बाद पुलिस से भी शिकायत की है। विश्वविद्यायल प्रशासन की इंटरनल कंप्लेंट कमिटी (ICC) ने 29 मई को प्रोफेसर वंदना सिंह की अध्यक्षता में बैठक की। इसमें डॉ. मनोज कुमार, डॉ. शकुंतला, डॉ. इंदु सुभाष, आंचल गुप्ता, उत्कर्ष चड्ढा और रिचा मिश्रा ने मामले की सुनवाई की। पढ़ें पूरी खबर ‘मेरे पापा का प्री-प्लान्ड मर्डर था’:बेटी बोली- होटल पर बुलडोजर चले, झांसी में टॉयलेट करने से रोकने पर तलवार से गर्दन काटी थी ‘रात को अचानक बिजली कट गई। सिर्फ मेरे घर की लाइट नहीं थी। पापा और दादा शिकायत करने पावर हाउस गए थे। वहां से लौटे तो घर के पास ही 6 लोगों ने तलवार और फरसे से हमला कर दिया। पापा की गर्दन काट दी। ये मर्डर प्री-प्लान था।’ यह कहना है झांसी की रहने वाली ईशा कुशवाहा का। शुक्रवार की रात में ईशा कुशवाह के पिता की हत्या कर दी गई थी। ईशा आरोप है कि होटल के पास लगे ट्रांसफार्मर से मेरे घर की लाइट काटी गई। जब पिता को होटल मालिक ने सीसीटीवी कैमरे में जाते देखा तो मारने के लिए लोग भेजे। मालिक ने पापा की हत्या कराई। फिर होटल के सीसीटीवी कैमरे हटा दिए। जब तक मेरे पापा को मारने वाले होटल मालिक आनंद यादव और 3 भाइयों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती। हम पापा के शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। पढ़ें पूरी खबर
सहानरपुर में नहर में बह गई बच्ची:रातभर तलाश में जुटी रही रेस्क्यू टीम, बहन के साथ नहाने गई थी सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र में 9 साल की बच्ची के नहर में बह जाने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया। देर रात तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका था। जानकारी के अनुसार, ग्राम तैयबपुर के रहने वाली अलीना (9) अपनी बड़ी बहन इल्मा (12) के साथ गांव के पास रुड़की से आने वाली नहर पर गई थी। बताया जा रहा है कि दोनों बहनें नहर किनारे पानी में खेल रही थी। इसी दौरान अलीना अचानक गहरे पानी में चली गई और तेज बहाव में बहने लगी। बड़ी बहन ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही पलों में अलीना पानी में डूब गई। पढ़ें पूरी खबर
सांसद इमरान मसूद के प्रतिनिधि की हिस्ट्रीशीट खुली, CM के आदेश पर सहारनपुर में बाप-बेटे पर FIR सहारनपुर में CM योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद देवबंद के चर्चित भूमाफिया पिता-पुत्र के खिलाफ पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। पुलिस ने दोनों की हिस्ट्रीशीट खोलते हुए उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों में से एक खुद को सांसद इमरान मसूद का प्रतिनिधि बताता रहा है। जानकारी के अनुसार, बजरंग दल पश्चिम उत्तर प्रदेश के पूर्व विभाग संयोजक विकास त्यागी ने सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को शिकायत भेजकर दोनों अहमद गौड और उसके पिता मुख्त्यार अहमद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में सरकारी और निजी जमीनों पर अवैध कब्जे, मारपीट, धमकी और अन्य आपराधिक मामलों का उल्लेख किया गया था। पढ़िए पूरी खबर गोरखपुर में CJP के समर्थन में उतरे युवाओं को घसीटकर ले गई पुलिस; NEET पेपर लीक का विरोध देश भर में गरमाए NEET पेपर लीक मामले के विरोध की आग अब गोरखपुर तक पहुंच गई है। शनिवार को शहर के चटोरी गली के पास पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंकने पहुंचे युवाओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और युवाओं के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस प्रदर्शनकारियों को घसीटते हुए अपनी गाड़ी में भरकर कैंट थाने ले गई। पढ़िए पूरी खबर