बुलंदशहर में गुरुवार शाम पुरानी रंजिश के चलते दंबगों ने 28 वर्षीय शादाब की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मृतक के सीने में आरोपियों ने ताबड़तोड़ वार किए। हमले के दौरान बीच-बचाव को आए नईम नामक युवक को भी चाकू मारकर घायल कर दिया। नईम की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खीरखानी की है। पढ़ें पूरी खबर… नोएडा में खेलते-खेलते सेप्टिक टैंक में गिरा 3 साल का बच्चा, 2 घंटे बाद उतराता मिला शव ग्रेटर नोएडा में सेप्टिक टैंक में डूबने से 3 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा खेलते-खेलते पड़ोस के निर्माणाधीन घर में चला गया। वहां खुले सेप्टिक टैंक में गिर गया। डूबने से उसकी मौत हो गई। परिजन बच्चे को करीब 2 घंटे तक तलाशते रहे। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। कुछ देर बाद उसको तलाशते हुए निर्माणाधीन मकान में पहुंचे। वहां सेप्टिक टैंक के पानी में बच्चे का शव उतराता मिला। घटना दनकौर कस्बे में धनौरी रोड की है। (पढ़ें पूरी खबर) महराजगंज में प्रेमी ने गला रेता, कांस्टेबल ने खून देकर बचाई जान, गश्त के दौरान जंगल में लहूलुहान मिली महराजगंज में प्रेमी ने प्रेमिका का चाकू से गला रेत दिया। इसके बाद महिला को मरा हुआ समझ कर जंगल में छोड़कर फरार हो गया। महिला लहूलुहान हालत में तड़प रही थी। उसी समय बाइक से पेट्रोलिंग कर रही पुलिस ने जंगल से चीख सुनी। थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह और सिपाही संदीप गौतम जंगल में गए तो महिला लहूलुहान पड़ी हुई थी, गले से खून की धार बह रही थी। बिना देरी करते हुए सिपाही संदीप ने महिला को कंधे पर लादा और भागते हुए बाइक तक पहुंचे। बनकटी जिला अस्पताल ले गए। जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पूरी खबर पढ़ें कुशीनगर में युवक की गला रेतकर हत्या, घटना स्थल से घसीटकर 100 मीटर दूर फेंका शव कुशीनगर में एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव घटना स्थल से 100 मीटर दूर कब्रिस्तान में मिला। 100 मीटर तक घसीटने और खून के निशान मिले हैं। मां का आरोप है कि युवक का गांव की ही एक विधवा महिला से अवैध संबंध था, उसने अपने बेटों के साथ मिलकर हत्या की है। घटना अहिरौली थाना क्षेत्र के पिपरही गांव की है। गुरुवार को पिपरही गांव में मजार के पास ग्रामीणों को खून के धब्बे दिखाई दिए। ग्रामीणों ने खून के निशान का पीछा किया। पढ़ें पूरी खबर… लखनऊ की सई नदी में दो किशोरों की डूबने से मौत, नहाते समय बह गए थे लखनऊ की सई नदी में 2 किशोरों की डूबने से मौत हो गई। उनकी पहचान 15 वर्षीय रौनक और शिवा के रूप में हुई। दोनों उन्नाव जिले के असोहा थाना क्षेत्र के जबरेला गांव के रहने वाले थे। बुधवार को दोनों नहाने के दौरान नदी में डूब गए थे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार सुबह मोहनलालगंज इलाके के ललूमर गांव के पास उनका शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जबरेला निवासी गोविंद प्रसाद लोधी के बेटे रौनक और अयोध्या प्रसाद उर्फ लाला साहू बेटे शिवा में अच्छी दोस्ती थी। दोनों अकसर साथ में रहते थे। पढ़ें पूरी खबर अलीगढ़ में STF की बदमाशों से मुठभेड़, दो के पैर में लगी गोली अलीगढ़ में कार सवार बदमाशों की पुलिस और STF से मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैरों में गोली लग गई। जबकि दो बदमाशों ने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायलों को सीएचसी ले जाया गया, यहां से इन्हें देर रात लगभग 2 बजे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मुठभेड़ टप्पल थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे पर कृपालपुर अंडरपास के पास हुई। पुलिस के अनुसार बदमाश अवैध हथियार फैक्ट्री चलाते थे। बदमाशों पर 25-25 हजार का इनाम था। पढ़ें पूरी खबर बरेली में सिपाही की खून से लथपथ लाश मिली, घर से पत्नी-बेटी लापता बरेली में पुलिस लाइन में तैनात सिपाही मुकेश कुमार त्यागी (38) का शव किराए के कमरे में खून से लथपथ मिला। पड़ोसियों की सूचना पर मौके पर SSP अनुराग आर्य, SP City मानुष पारीक, CO City सेकेंड अजय कुमार और सुभाषनगर के इंस्पेक्टर अरुण कुमार पहुंचे। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड टीम को भी बुलाया गया। SSP अनुराग आर्य ने कहा कि सिपाही मुकेश कुमार त्यागी 4 जून से ड्यूटी पर नहीं आया था। वह पहले से निलंबित चल रहा था। पुलिस के अनुसार मुकेश के सिर पर गहरी चोट के निशान हैं। सिपाही की पत्नी तरुणा और बेटी परी लापता हैं। आशंका जताई जा रही है कि झगड़े के दौरान उसका सिर किचन की टाइल्स से टकराया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि SSP ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा होगा। पढ़ें पूरी खबर हाईकोर्ट ने कहा- FIR, चार्जशीट से कोई अपराधी नहीं हो सकता इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि केवल एफआईआर या चार्जशीट दाखिल होने से किसी को अपराध का दोषी नहीं माना जा सकता। हालांकि सरकारी पद पर नियुक्ति का पैरामीटर अधिकारी ही तय करेंगे कोर्ट नहीं। दोनों पक्षों में समझौते के कारण चार्जशीट निरस्त कर दी गई है। कोर्ट ने कहा जब पीएसी पुलिस कॉन्स्टेबल की 2015 में मे भर्ती निकाली गई थी। तब याची के खिलाफ आपराधिक केस नहीं था। चयनित होने के बाद दो परिवारों के झगड़े में FIR दर्ज हुई। चयनित याची को अयोग्य करार दिया गया। जिलाधिकारी वाराणसी ने विवेक का इस्तेमाल न कर पुलिस रिपोर्ट पर कार्रवाई की। कोर्ट ने याची को नियुक्ति के अयोग्य करार देने के डीसीपी वाराणसी के 20 जुलाई 24 के आदेश को रद्द कर दिया। पुलिस कमिश्नर व डिप्टी पुलिस कमिश्नर वाराणसी एवं अपर सचिव पुलिस भर्ती बोर्ड को याची की 2015 की भर्ती में नियुक्त करने पर 8 हफ्ते में विचार करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा है कि उस भर्ती में पद रिक्त न होना इसमें बाधक नहीं होगा। यह आदेश न्यायमूर्ति जे जे मुनीर की एकल पीठ ने विवेक यादव की याचिका को स्वीकार करते हुए दिया है। पढ़ें पूरी खबर डीसीपी यमुनापार व एसएचओ नैनी हाईकोर्ट में तलब इलाहाबाद हाईकोर्ट ने डीसीपी यमुनापार व एसएचओ थाना नैनी प्रयागराज को 12 जून को 12.45 बजे दिन में इस स्पष्टीकरण के साथ हाजिर होने का निर्देश दिया है कि अब तक अपराध की विवेचना में क्या कदम उठाए हैं। यह आदेश न्यायमूर्ति जे जे मुनीर तथा न्यायमूर्ति पी के गिरी की खंडपीठ ने रानू तिवारी उर्फ देवेंद्र कुमार तिवारी व दो अन्य की याचिका की सुनवाई करते हुए दिया है। याचिका की सुनवाई के दौरान आकाश मिश्र अधिवक्ता जिन पर पुलिस ने हमला किया था, हाजिर हुए और कोर्ट का 30 मई 25 का आदेश पेश किया। जिसमें कोर्ट ने दर्ज दोनों FIR की निष्पक्ष, उचित व शीघ्र विवेचना करने का आदेश दिया है तथा सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर