यूपी की बड़ी खबरें:योगी कैबिनेट की बैठक कल, 23 प्रस्तावों पर होगी चर्चा; मंत्रियों को चुनावी एजेंडा भी दिया जाएगा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को कैबिनेट बैठक होगी। बैठक में 23 से अधिक प्रस्ताव पर चर्चा होगी। पंचायत चुनाव के लिए ओबीसी आयोग के गठन का प्रस्ताव भी लाया जा सकता है, हालांकि कैबिनेट के लिए जारी एजेंडे में उसे शामिल नहीं किया गया है। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने लोकभवन में सुबह 11 बजे होने वाली कैबिनेट बैठक के लिए एजेंडा जारी किया। एजेंडे में 10 प्रस्ताव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग से हैं। इसमें निजी बिजनेस पार्क का प्रस्ताव भी शामिल है। सरकार ने ‘यूपी प्राइवेट बिजनेस पार्क डेवलपमेंट स्कीम-2025’ लॉन्च की है, जिसका उद्देश्य निजी क्षेत्र को औद्योगिक पार्क विकसित करने में सहायता करना है। सरकार 1% ब्याज पर ऋण प्रदान करेगी और 2500 करोड़ रुपये का रिवाल्विंग फंड बनाएगी। कानपुर के भौती में ऐसा एक पार्क विकसित करने की तैयारी है, जो निवेश बढ़ाएगा, उद्योगों को आसानी से स्थापित करने में मदद करेगा और युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा। कैबिनेट बैठक के बाद मंत्रिमंडल की बैठक होगी, इसमें सरकार के 9 साल की उपलब्धि जनता को बताने और कार्यकर्तीओ से समन्वय बनाने पर बात होगी। पढ़ें पूरी खबर… सपा सांसद अफजाल बोले- सुपारी किलिंग हो रही; पीएम मोदी के क्षेत्र में मर्डर हो रहा गाजीपुर से सपा सांसद अफजाल अंसारी ने यूपी की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मथुरा से लेकर गोरखपुर, वाराणसी और गाजीपुर तक हुई आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। सांसद अफजाल अंसारी ने कहा- सरकार के संरक्षण में अपराधी पनप रहे हैं। पीएम मोदी के क्षेत्र वाराणसी में मर्डर हो रहा। कॉलेज में छात्र को गोलियां मारी गईं। अपराधी बेखौफ हैं। अफजाल अंसारी ने मथुरा में ‘फरसा वाले बाबा’ की ट्रक से कुचलकर हुई मौत के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। पढ़ें पूरी खबर आगरा में सेना की तैयारी कर रहे लड़के की हत्या, लाश कुएं में फेंकी आगरा में सेना की तैयारी कर रहे लड़के को दोस्तों ने पीट-पीटकर मार डाला। फिर लाश कुएं में फेंक दी। इसके बाद भागते समय एक आरोपी लोहे के कंटीले तारों में उलझकर खून से लथपथ हो गया। उसने थाने जाकर अपने साथ मारपीट की सूचना दी। कहने लगा कि मुझ पर जानलेवा हमला हुआ है। मौके पर पुलिस पहुंची और लड़के की लाश कुएं से बरामद की। वारदात के बाद तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात है। लड़के के परिवारवालों ने जानलेवा हमले की सूचना देने वाले युवक समेत गांव के ही 5 लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। मामला किरावली थाना क्षेत्र का है। पढ़िए पूरी खबर जौनपुर में मशहूर शायर निसार अहमद का निधन मशहूर शायर निसार अहमद का रविवार सुबह जफराबाद स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। सुबह 5 बजे शायर के निधन की खबर सुनते ही उनके घर पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया। पूर्व अध्यक्ष प्रमोद बरनवाल और समाजसेवी शिवम बरनवाल ने उनके निधन को जफराबाद के लिए ‘एक हस्ती और इल्म का खजाना’ खोने जैसा बताया। उनकी साहित्यिक विरासत को याद करते हुए लोगों ने उनके लिखे हुए शेरों और किताबों पर चर्चा की। उनका एक मशहूर शेर है- ‘विलादते बादे अजान, शहादते बादे नमाज, बस इतनी देर का झगड़ा है, जिंदगी क्या है।’ पढ़ें पूरी खबर वाराणसी एयरपोर्ट पर बारहसिंगा-सींग समेत विदेशी तस्कर गिरफ्तार; लगेज में छिपाकर ले जा रहा था बैंकॉक वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार दोपहर सीआईएसएफ ने बारहसिंगा के सींग लेकर जा रहे विदेशी तस्कर को दबोच लिया। सीआईएसएफ सिक्योरिटी प्वाइंट के स्कैनर में जांच के दौरान लगेज में बारहसिंगा का सींग बरामद हुआ। सुरक्षा बलों ने विदेशी यात्री को हिरासत में ले लिया। विदेशी यात्री से प्रतिबंधित बारहसिंगा का सींग के बारे में पूछताछ शुरू कर दी गई है। तस्कर बैंकॉक जा रहा था। पढ़िए पूरी खबर कानपुर में सपा विधायक की फॉर्च्यूनर में लगी आग, 2 युवकों ने कूदकर जान बचाई कानपुर में सपा विधायक हसन रूमी की चलती फॉर्च्यूनर कार में भीषण आग लग गई। कार सवार 2 युवकों ने कूदकर अपनी जान बचाई। आग लगने के बाद कार सड़क पर 50 मीटर तक दौड़ती रही। स्थानीय लोगों ने घरों से पाइप लगाकर 15 मिनट में आग पर काबू पाया। हादसे के वक्त विधायक कार में नहीं थे। हादसा शनिवार शाम को हुआ। आग से कार का अगला हिस्सा जल गया। पुलिस ने क्रेन से कार को सड़क से हटवाया। फायर अधिकारी राहुल नंदन ने बताया- घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पढ़िए पूरी खबर प्रतापगढ़ में 25 हजार के इनामी का एनकाउंटर, पैर में गोली मारी प्रतापगढ़ पुलिस और 25 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर विपिन सिंह के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें हिस्ट्रीशीटर के पैर में गोली लगी, जबकि एक सिपाही राजकुमार सिंह घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, विपिन सिंह के खिलाफ 8 मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में विपिन ने स्कूल में घुसकर टीचर की चेन छीनने की कोशिश की थी। पूछताछ में आरोपी ने चेन स्नैचिंग की घटना कबूल की। दरअसल, विपिन सिंह को गिरफ्तारी के बाद शनिवार देर रात लीलापुर पुलिस हथियार की बरामदगी के लिए ले गई थी। इस दौरान आरोपी ने झाड़ियों में छिपाए तमंचे से पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग कर दी। एनकाउंटर लीलापुर थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पूरनपुर खजूर के पास हुआ।पढ़ें पूरी खबर पूर्व मंत्री अंगद यादव की पैरोल याचिका खारिज: हत्या के 2 मामलों में दोषी इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने पूर्व मंत्री अंगद यादव की पैरोल याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा- उनका आपराधिक इतिहास लंबा है। पैरोल देने के लिए कोई ठोस कारण भी नहीं बताया गया। अंगद यादव दो अलग-अलग हत्या के मामलों में दोषी हैं। 1995 के लखनऊ हत्याकांड में सजा के खिलाफ उनकी अपील हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से पहले ही खारिज हो चुकी है। वहीं, 2015 में आजमगढ़ में एक वकील की हत्या के मामले में उन्हें दोषी ठहराया गया है। याचिका में उन्होंने उम्र (करीब 71 वर्ष), बीमारियों और पारिवारिक और कृषि कार्यों का हवाला देते हुए दो महीने की पैरोल मांगी थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। पूरी खबर पढ़िए…