यूपी की बड़ी खबरें:सोनभद्र में नाबालिग प्रेमी युगल ने किया सुसाइड, एक ही पेड़ पर फंदे से लटके मिले शव, 8 दिन से थे लापता

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के बैजनाथ गांव के पास जंगल में एक नाबालिग प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर जान दे दी। गुरुवार को ग्रामीणों की नजर जंगल में एक बरगद के पेड़ से लटके दो शवों पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान दशरथ (17 वर्ष) पुत्र देव नारायण गोंड और चिन्ता (15 वर्ष) पुत्री रामचंद्र गोंड के रूप में हुई। दोनों मुरैला गांव के रहने वाले थे और आपस में प्रेम करते थे। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन घरवालों की सहमति नहीं मिल सकी। पढ़ें पूरी खबर… राहुल गांधी के खिलाफ फिर लखनऊ हाईकोर्ट में याचिका, विदेश यात्रा पर रोक और पासपोर्ट जब्त करने की मांग कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारतीय नागरिकता को लेकर लखनऊ हाईकोर्ट में नई याचिका दाखिल की गई है। कर्नाटक भाजपा के सदस्य एस. विग्नेश शिशिर ने एक बार फिर जनहित याचिका दाखिल कर राहुल गांधी की भारतीय नागरिकता तत्काल रद्द करने की मांग की है। याचिकाकर्ता ने दावा किया है कि गृह मंत्रालय को यूनाइटेड किंगडम, वियतनाम और उज्बेकिस्तान सरकारों से मिली हालिया रिपोर्टों और प्रमाणों के आधार पर यह कार्रवाई जरूरी है। याचिका में कहा गया है कि राहुल गांधी ने कथित तौर पर विदेशी नागरिकता, गतिविधियों और दस्तावेजों के माध्यम से भारतीय नागरिकता के मापदंडों का उल्लंघन किया है। पढ़ें पूरी खबर… अन्य बड़ी खबरें अखिलेश बोले- नौकरी और आरक्षण बीजेपी के एजेंडे में नहीं, जो काला चश्मा लगाकर आए थे, वो उजाला नहीं देख सकते सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि नौकरी और आरक्षण बीजेपी के एजेंडे में है ही नहीं। आज के समय जो सम्मानजनक रोजगार मिलना चाहिए, वो भी सरकार युवाओं को सम्मानजनक नौकरी नहीं दे रही है। डिलिवरी बॉय बना रही है। जो लोग कहते थे सस्ती पढ़ाई करेंगे, लेकिन निजीकरण के बहाने लिखाई–पढ़ाई और नौकरी हमारे पीडीए परिवार से दूर करते जा रहे हैं। यूनिवर्सिटीज की निजीकरण होगा। विदेशी यूनिवर्सिटी आएंगी तो पढ़ाई महंगी होगी। जो काला चश्मा लगाकर आए थे, वो उजाला नहीं देख सकते हैं। वो उजाले से दूर हैं। इसी का परिणाम है कि जो यूपी को ट्रिलियन डॉलर का सपना दिखाया गया था। वहां आज नौकरी नहीं है। इन्वेस्टमेंट भी नहीं है, इसलिए नौकरी नहीं मिल रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार चुनाव योगी बनाम प्रतियोगी होगा। जो पढ़े–लिखे है, जो बदलाव चाहते हैं, वह सभी मिलकर इस सरकार को हटाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सुनने में आ रहा है कि चुनाव नजदीक आने पर मंत्री लोग सरकार को बहुत बुरा–भला सुनने वाले हैं। इसलिए मंत्रियों को मैनेज करने में लगी है। मेरठ में रामजीलाल सुमन का प्रोग्राम टला, जिला प्रशासन ने नहीं दी आयोजन की अनुमति मेरठ में 11 मई को होने वाला रामजीलाल सुमन का आयोजन फिलहाल टल गया है। आयोजन 11 मई को होना था। लेकिन जिला प्रशासन ने आयोजन की अनुमति नहीं दी है। समाजवादी पार्टी के मेरठ के जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी ने बताया कि देशहित में हमने अभी ये फैसला लिया है। आयोजन अब 11 मई को नहीं होगा। बल्कि जल्द इसकी नई तारीख तय करेंगे। तब आयोजन किया जाएगा। सपा जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि जिला प्रशासन से हमने 4 दिन पहले पीडीए की बैठक के लिए अनुमति मांगी थी। इस बैठक में हमारे राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन को आना था। वो बैठक के मूु,य अतिथि थे। लेकिन देश में इस समय जो माहौल चल रहा है। भारत की ओर से पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक की गई है। ऐसे हालातों में हमने देशहित में यह फैसला लिया है। पढ़ें पूरी खबर… जालौन में सड़क किनारे सो रहे 5 लोगों को ट्रक ने कुचला, 3 की मौत जालौन में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर लकड़ी से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे सो रहे पांच लोगों को कुचल दिया। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा गुरुवार सुबह लगभग 4 बजे KM संख्या 188.3 पर हुआ है। जब पांच लोग एक्सप्रेसवे के किनारे आराम कर रहे थे। तभी तेज गति से आ रहा लकड़ी से लदा ट्रक बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क किनारे सो रहे लोगों पर चढ़ गया। प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने बताया- मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। ट्रक चालक घटनास्थल से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर… आग में जलकर बच्चे की मौत, लखनऊ से कानपुर मौसी की शादी में आया था कानपुर में नानी के यहां बच्चों के साथ खेलते समय 5 साल के बच्चे की जलकर मौत हो गई। कमरे में आग कैसे लगी, अभी ये पता नहीं चल सका है। बच्चा जयान मंगलवार को अपनी मौसी की शादी में शामिल होने के लिए मां और बड़े भाई के साथ नाना के घर आया था। घटना चकेरी के सनिगवां की है। लखनऊ के सकरा गांव निवासी अमानत चट्टा संचालक हैं। उन्होंने बताया- बुधवार दोपहर को जयान दो अन्य बच्चों के साथ कमरे में खेल रहा था। घर के बाकी सभी लोग 10 मई को होने वाली शादी की तैयारियों में लगे थे। इसी दौरान पता नहीं कैसे कमरे में आग लग गई। इससे उसके साथ खेल रहे दो बच्चे तो कमरे से बाहर भाग निकले। मगर, जयान कमरे में फंस गया। थोड़ी देर में कमरे से धुआं निकलने लगा तो भागकर लोग पहुंचे। जयान काफी झुलस चुका था। उसकी सांसें थम चुकी थीं। कमरे में दहेज का रखा सारा सामान जल गया। पढ़ें पूरी खबर… सोनभद्र के ओबरा पावर प्लांट में लगी आग, 200 मेगावाट की 2 यूनिट ठप सोनभद्र के ओबरा स्थित बीटीपीएस पावर प्लांट के स्विच यार्ड में आज अचानक आग लग गई। स्विच यार्ड से होने वाली बिजली सप्लाई प्रभावित हुई है। आग इतनी भीषण है कि इससे निकल रहा काला धुआं कई किलोमीटर दूर से भी दिख रहा है। मौके पर पहुंचे अधिकारी और दमकल कर्मी आग को काबू में करने का प्रयास कर रहे हैं। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। स्विच यार्ड पावर प्लांट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां से बिजली की सप्लाई की जाती है। आग में 400 केवीए के दो इंटर कनेक्टिंग ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह जल गए। आग 10वीं और 11वीं इकाई के इंटर कनेक्टिंग ट्रांसफॉर्मर में लगी। इस कारण 200 मेगावाट की दोनों इकाइयां ट्रिप हो गईं। इन इकाइयों से विद्युत उत्पादन पूरी तरह रुक गया है। पढ़ें पूरी खबर… गोंडा में बुजुर्ग को मगरमच्छ खींच ले गया, बहराइच में मासूम भी बना था शिकार गोंडा जिले के उमरी बेगमगंज क्षेत्र में सोनौली मोहम्मदपुर के गंगा बेचन पुरवा निवासी 60 वर्षीय मुन्ना यादव को मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया। मुन्ना यादव बुधवार दोपहर को सरयू नदी में अपनी भैंस को नहला रहे थे। गर्मी से राहत पाने के लिए वे खुद भी नदी में स्नान करने लगे। इसी दौरान नदी से निकले मगरमच्छ ने उन्हें अपना शिकार बना लिया। बुधवार शाम तक मुन्ना यादव के घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नदी किनारे उनका लोटा मिला, जिसे वे हमेशा साथ रखते थे। पढें पूरी खबर…