पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी ने सिद्धार्थनगर के एक गांव में संगठित तरीके से धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा- गांव मुस्लिम बहुल क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर हिंदू परिवार रहते हैं। इसका फायदा उठाकर एक गैंग इन परिवारों को निशाना बना रहा है।
लोगों को रुपए, मकान और सरकारी योजनाओं का लालच देकर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बना रहे हैं। वहीं, धर्मांतरण कर चुके व्यक्ति के भाई ने कहा- भाई पहले ही मुस्लिम धर्म अपना चुका था, लेकिन इस बार रमजान के दौरान वह टोपी पहनने लगा, रोजा रखने और बाकी धार्मिक गतिविधियों में शामिल होने लगा। जब परिवार ने इसका विरोध किया तो गांव के कुछ लोगों ने हम पर भी धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। मामला मिश्रौलिया थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर… अंबेडकर स्मारकों के बहाने दलित वोट साधेगी भाजपा, हर विधानसभा में 10 स्मारकों का कायाकल्प होगा योगी सरकार ने विधानसभा चुनाव 2027 से पहले दलित वोट बैंक में बढ़त बनाने के लिए बड़ी पहल की है। इसके लिए योगी कैबिनेट ने मंगलवार को डॉ. बीआर अंबेडकर मूर्ति विकास योजना लागू की है। योजना के तहत प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित महापुरुष, राष्ट्रीय स्तर के समाज सुधारकों एवं सांस्कृतिक विभूतियों के स्मारकों का संरक्षण और कायाकल्प किया जाएगा। कैबिनेट के इस निर्णय को प्रदेश में दलित वोट बैंक को साधने की दृष्टि से बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे पहले भाजपा ने पिछले साल अंबेडकर जयंती पर 13 दिन का कार्यक्रम तय किया था। इसके तहत संघ और भाजपा कार्यकर्ताओं ने 13 से 25 अप्रैल तक दलित बस्तियों में संपर्क अभियान चलाया था। दरअसल, लोकसभा चुनाव- 2024 में समाजवादी पार्टी के PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) फार्मूले की वजह से खासा नुकसान हुआ था। आरक्षण खत्म करने और संविधान बदलने के नरेटिव ने भाजपा का यूपी में करीब 8.5% वोट घट गया था। पढ़ें पूरी खबर…
संभल में शोभायात्रा के पोस्टर फाड़े, गोबर-काला तेल लगाया संभल में भगवान महर्षि कश्यप और भगवान निषाद राज की शोभायात्रा से पहले प्रचार पोस्टरों पर असामाजिक तत्वों ने गोबर पोत दिया और काला तेल लगाया। निषाद पार्टी कार्यकर्ताओं नेपुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है, लेकिन 48 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे कार्यकर्ताओं में गुस्सा है। मामला थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के गांव खानपुर सराय उर्फ आलमपुर का है। निषाद पार्टी युवा के जिलाध्यक्ष प्रेमलाल कश्यप ने मंगलवार को बताया कि रविवार रात करीब 12 बजे गांव के ही कुछ असामाजिक तत्वों ने शोभायात्रा और यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के स्वागत में लगे पोस्टरों पर गोबर और काला तेल लगाया। कुछ पोस्टर फाड़ भी दिए गए। पढ़ें पूरी खबर आबकारी सिपाही के 722 पदों पर होगी भर्ती, 24 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे यूपी में आबकारी सिपाही के 722 पदों पर भर्ती निकली है। ऑनलाइन आवेदन 4 जून से शुरू होंगे। फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 24 जून है। फॉर्म भरते वक्त अगर कोई गलती हो जाए, तो 1 जुलाई तक संशोधन कर सकते हैं। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव अवनीश सक्सेना ने बताया- आबकारी सिपाही के 612 और आबकारी सिपाही विशेष चयन के 110 पदों पर भर्ती होगी। आबकारी सिपाही भर्ती में अनारक्षित वर्ग के लिए 246, अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 128, अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 12, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 165 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 61 पद आरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि विशेष चयन में अनारक्षित वर्ग के लिए एक भी पद नहीं है। अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 46, अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 14 और ओबीसी के लिए 50 पद हैं। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए भी एक भी पद आरक्षित नहीं है। भाजपा ने स्थापना दिवस पर सीएम को दरकिनार किया, अजय राय बोले- अंदरूनी कलह से प्रदेश का विकास बाधित हो रहा भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गैरमौजूदगी को कांग्रेस ने बड़ा मुद्दा बनाने की कोशिश की है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में दावा किया कि सीएम को जानबूझकर कार्यक्रम से दूर रखा गया। सीएम गोरखपुर में थे। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता वीडियो कांफ्रेंसिंग से कार्यक्रम में जुड़े, लेकिन सीएम को इसका भी मौका नहीं दिया गया। अजय राय ने दावा किया कि भाजपा में सीएम योगी आदित्यनाथ को लेकर असंतोष अब चरम पर पहुंच गया है। जो अब पार्टी के बड़े कार्यक्रमों में भी साफ दिखने लगा है। भाजपा में आंतरिक लड़ाई अपने चरम पर : अजय राय
अजय राय ने प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा कि, “कल भाजपा के स्थापना दिवस पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य सहित कई मंत्री-नेता मौजूद थे। लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वहां नहीं दिखे। जबकि वे प्रदेश में ही थे। इतना ही नहीं, जो राजनाथ सिंह, कलराज मिश्रा जैसे जो नेता कार्यक्रम में नहीं पहुंचे, उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जोड़ा गया। सीएम योगी को इससे भी दूर रखा गया। यह साफ संकेत है कि भाजपा में आंतरिक लड़ाई और तनाव अपने चरम पर है।” पढ़ें पूरी खबर… सुल्तानपुर जिला जेल में बंदी ने फांसी लगाकर किया सुसाइड सुल्तानपुर जिला कारागार में बंद एक बंदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 42 साल के बंदी का शव सोमवार रात जेल के बैरक में शौचालय के अंदर प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका मिला। आरोपी ने फोन न उठाने से नाराज होकर अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद उसे 12 दिन पहले ही न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया था। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने जेल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। फिलहाल जेल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर… कानपुर वाले अखिलेश दुबे की तबीयत बिगड़ी, हार्ट में दिक्कत; ICU में भर्ती कानपुर में 8 महीने से जेल में बंद अखिलेश दुबे की सोमवार शाम तबीयत बिगड़ गई। जेल प्रशासन ने उसे उर्सला अस्पताल के ICU में भर्ती कराया। जेल प्रशासन के मुताबिक, अखिलेश को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। ब्लड प्रेशर भी लो है। डॉक्टरों ने हार्ट से जुड़ी दिक्कत की भी पुष्टि की है। पिछले साल 7 अगस्त को पुलिस ने भाजपा नेता रवि सतीजा से रंगदारी मांगने के मामले में अखिलेश दुबे को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसके खिलाफ होटल कारोबारी सुरेश पाल से 2.50 करोड़ की रंगदारी मांगने, जूही में होटल संचालिका से रंगदारी और कांग्रेस नेता से 10 लाख की रंगदारी मांगने के मुकदमे दर्ज कराए गए। अखिलेश दुबे को चार मुकदमों में जमानत मिल चुकी है। होटल कारोबारी सुरेश पाल से रंगदारी के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जमानत खारिज करते हुए कहा था- आरोपी प्रभावशाली है और गवाहों को डरा सकता है। वक्फ की जमीन पर कब्जे के मामले में भी अखिलेश को जमानत नहीं मिल सकी है, जिसके चलते वह जेल में बंद है। पढ़ें पूरी खबर… हाईकोर्ट बोला- रिश्वत से सब कुछ पाने की सोच चिंताजनक; धोखाधड़ी मामले में राहत देने से इनकार किया इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सोमवार को समाज में बढ़ती उस मानसिकता पर सख्त टिप्पणी की, जिसमें लोग यह मानने लगे हैं कि रिश्वत देकर हर काम कराया जा सकता है। कोर्ट ने कहा- यह प्रवृत्ति बेहद चिंताजनक है और समाज के नैतिक पतन को दर्शाती है। साथ ही कोर्ट ने फर्जी पीएचडी डिग्री और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के मामले में दर्ज FIR को रद्द करने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा- एक शिक्षित महिला का इस तरह ठगी का शिकार होना यह बताता है कि नैतिक मूल्यों में गिरावट आई है। मामला कानपुर की रहने वाली तान्या दीक्षित से जुड़ा है। तान्या ने आरोप लगाया था कि प्रियंका सिंह सेंगर और अन्य आरोपियों ने उसे अलीगढ़ के एक विश्वविद्यालय में पीएचडी में दाखिला और कानपुर के एक विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोप है कि इन दावों पर भरोसा कर तान्या और उसकी मां ने आरोपियों के खातों में 22 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। पीड़िता ने न तो किसी कोर्स के लिए आवेदन किया और न ही किसी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुई। बाद में आरोपियों ने उसे फर्जी पीएचडी मार्कशीट, एडमिशन लेटर, टॉपिक अप्रूवल लेटर और नियुक्ति पत्र थमा दिए। कोर्ट ने इसे गंभीर अपराध मानते हुए FIR रद्द करने से इनकार कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…. प्रयागराज में RSS जिला धर्म जागरण प्रमुख पर जानलेवा हमला: घर में घुसकर पीटा, आईसीयू में भर्ती प्रयागराज में RSS के जिला धर्म जागरण प्रमुख कुलदीप तिवारी पर पड़ोस के कुछ लोगों ने घर में घुसकर सोमवार को हमला किया। हमलावरों ने उन्हें बुरी तरह पीटा। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर उन्हें मरा समझकर छोड़कर भाग गए। पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कुलदीप को तुरंत सीएचसी चाका ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद शहर के अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल, उनका इलाज ICU में चल रहा है। कुलदीप तिवारी नैनी क्षेत्र के चाका ब्लॉक की शक्ति नगर कॉलोनी में रहते हैं। पढ़ें पूरी खबर…..