यूपी के 23 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी:जालौन में जोरदार बारिश, फर्रुखाबाद में 100 दुकानें डूबीं; नदी में बहे सिपाही की लाश मिली

यूपी में मानसून मेहरबान है। गुरुवार को 58 जिलों में बारिश का अलर्ट दिया गया है। इनमें से 23 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। 20-30 km प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेंगी। यूपी में पिछले एक महीने बारिश का दौर जारी है। इससे 11 जिलों में बाढ़ है। करीब 500 से ज्यादा गांव डूब चुके हैं। लोगों को साफ पानी के लिए 2 किलोमीटर तक दूर जाना पड़ रहा है। मुरादाबाद में बाढ़ग्रस्त एरिया डिलारी के चटकाली में गश्त के समय सिपाही मोनू रामगंगा में बह गया था। बुधवार को 24 घंटे बाद उसकी लाश SDRF ने बरामद की। जहां डूबा था, वहीं गहराई में दलदल में बॉडी धंस गई थी। 50 मीटर की दूरी पर लाश मिली है। मोनू गाजियाबाद जिले का रहने वाला था। वह 2018 बैच का सिपाही था। फर्रुखाबाद में बाढ़ की चपेट में 50 से अधिक गांव हैं। ऐसे में एक दूल्हा नाव से बारात लेकर पहुंचा। तहसील सदर के गांव पंखियन की मड़ैया निवासी साजिद रजा और जमीला खातून की बेटी ताजमीन का निकाह कस्बा कमालगंज के शफीक के बेटे समीर से तय था। जब कोई रास्ता नहीं बचा, तो समीर नाव से बारात लेकर पहुंच गया। फर्रुखाबाद में ही अमृतपुर तहसील के बगल बने एसडीएम आवास में भी पानी भरा है। वहीं, संभल में गंगा का जलस्तर बढ़ने से चिरवारी गांव के पास गंगा बांध कट गया। इससे 20 गांव पानी में घिर गए। सैकड़ों बीघे फसलें पानी में डूब गई। अधिकारियों का कहना है कि अगर बांध का मुहाना और बढ़ा तो 100 से अधिक गांव प्रभावित हो सकते हैं। बुधवार को प्रयागराज, गोरखपुर, बस्ती, जालौन समेत 10 से अधिक जिलों में झमाझम बारिश हुई। इससे कई इलाकों में पानी भर गया। लखनऊ में बादल छाए हैं, लेकिन बारिश नहीं हुई। इससे उमस बढ़ गई। सोनभद्र में 3 घंटे की मूसलाधार बारिश के बाद वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे तालाब बन गया। 3 तस्वीरें देखिए- यूपी में अब तक 10% ज्यादा बारिश हुई
मंगलवार शाम IMD की ओर से जारी रिपोर्टर के मुताबिक, 24 घंटे में 5.2 मिमी बारिश हुई। वहीं, 1 जून से 12 अगस्त तक यूपी में 497.3 मिमी बारिश हुई, जो अनुमान 459.3 मिमी से 8% अधिक है। बंगाल की खाड़ी में एक नया वेदर सिस्टम बन रहा है। 13 से 15 अगस्त के बीच प्रदेश के पूर्वी-पश्चिमी दोनों हिस्सों में अच्छी बारिश के संकेत हैं। – अतुल कुमार सिंह, वरिष्ठ मौसम विज्ञानी ……………….