यूपी में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। आज आगरा, मेरठ सहित आसपास के जिलों में घना कोहरा छाया है। पश्चिमी यूपी के साथ दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखंड से सटे तराई क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग आज यूपी के 27 जिलों में गरज-चमक के साथ ओले की चेतावनी जारी की है, जबकि 16 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी यूपी में शुरू हुई बारिश रविवार को दिनभर रुक-रुक कर जारी रही। बागपत जिले में सबसे ज्यादा 25 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, बिजनौर में 16 मिलीमीटर और मुरादाबाद में 15 मिलीमीटर बारिश हुई। तापमान की बात करें तो मुजफ्फरनगर 6.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को बारिश का दायरा और बढ़ेगा। इसका असर प्रदेश के मध्यांचल, अवध क्षेत्र और बुंदेलखंड के इलाकों में भी देखने को मिलेगा, जहां बादल गरजने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। तीन दिन यानी 4 फरवरी तक मौसम ऐसा ही रहेगा। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से दक्षिणी हरियाणा के आसपास एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण बना है। इसी सिस्टम के असर से पश्चिमी यूपी में बारिश शुरू हुई है। यह बारिश आज देर रात से कल सुबह तक प्रदेश के मध्यवर्ती और सटे हुए पूर्वी हिस्सों तक पहुंच सकती है। साथ ही, लगातार दो और पश्चिमी विक्षोभों के असर से 4 फरवरी तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम की तस्वीरें देखिए- आपके शहर में मौसम कैसा है, कोहरे और बारिश को लेकर क्या अलर्ट है? जानने के लिए स्क्रोल करिए…