यूपी के 39 जिलों में आज भारी बारिश:मिर्जापुर में नदी-नाले उफान पर, प्रयागराज में पेड़ गिरा; खराब मौसम में फ्लाइट पटना से वाराणसी डायवर्ट

यूपी के 39 जिलों में आज गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, 15 जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। शनिवार को सबसे ज्यादा 136 मिमी बारिश सोनभद्र में दर्ज की गई। इसके बाद श्रावस्ती में 110.2 मिमी बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया- पूरे प्रदेश में औसतन 5.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। 1 जून से 21 जून के बीच कुल 50.5 मिमी बारिश हो चुकी है, जो कि सामान्य बारिश (45.6 मिमी) के मुकाबले 11% ज्यादा है। पिछले 24 घंटे में 18 जिलों में बारिश हुई। प्रयागराज के सिविल लाइन में बड़ा नीम का पेड़ गिर जाने से ट्रैफिक बंद हो गया। उधर, पटना में मौसम खराब होने से फ्लाइट वहां लैंड न कर सकी। फिर फ्लाइट वाराणसी एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दी गई। भारी बारिश से मिर्जापुर में नदी-नाले उफान पर हैं। कई जगह पुलों पर आवागमन रोका गया। मानसून ने पिछले तीन दिन के अंदर लखनऊ समेत 56 जिलों को कवर कर लिया है। सिर्फ 19 जिले ऐसे हैं, जहां मानसून का एक्टिव होना बाकी है। वैज्ञानिकों का दावा है कि अगले 48 घंटे में पूरे यूपी में मानसून एक्टिव हो जाएगा।