यूपी के 61 जिलों में मौसम विभाग में बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार बुधवार को शाम सात बजे से ही अरब सागर और भूमध्य सागर से उठने वाली नम हवाओं की वजह से रात 12 बजे के बाद कानपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र में 40 किमी की रफ्तार से हवाएं चलीं। 45 मिनट के अंदर 14 मिमी से अधिक बारिश भी रिकॉर्ड की गई। माैसम विभाग के अनुसार, 30 मई तक इसी तरह रुक रुककर बारिश, आंधी चल सकती है। कहीं-कहीं ओले पड़ सकते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जारी किया अलर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंधी-बारिश, ओलावृष्टि के दृष्टिगत सम्बन्धित जनपदों के अधिकारियों को पूरी तत्परता से राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर सर्वे करें तथा राहत कार्य पर नज़र रखें। आकाशीय बिजली, आंधी तूफान, बारिश आदि आपदा से जनहानि और पशुहानि होने की स्थिति में तत्काल प्रभावितों को राहत राशि का वितरण करें। घायलों का समुचित उपचार कराया जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि अधिकारीगण सर्वे कराकर फसल नुकसान का आकलन करते हुए आख्या शासन को भेजें, ताकि इस सम्बन्ध में आगे की कार्यवाही की जा सके। उन्होंने निर्देशित किया कि जल जमाव की स्थिति होने पर प्राथमिकता पर जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए। चक्रवात से तेजी से बढ़ रहा मानसून मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने बताया अरब सागर में एक चक्रवात बना हुआ है। इसके असर से मानसून तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं में नमी भी बढ़ रही है। इस कारण उमस से राहत नहीं मिलेगी। बादलों की आवाजाही और तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।